प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महानतम नायिका थीं महारानी लक्ष्मीबाई: पवन सिंह चौहान

महारानी लक्ष्मी बाई के बिना स्वतंत्रता संग्राम का स्वतंत्र इतिहास नहीं लिखा जा सकता: शैलेन्द्र दुबे

लखनऊ । अखिल भारत नागरिक परिषद् के तत्वावधान में आज वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान थे तथा मुख्य वक्ता ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के चेयरमैन श्री शैलेन्द्र दुबे थे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान ने कहा कि भारत के क्रांतिकारी इतिहास में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का नाम एक ऐसी क्रांतिज्वाला के रूप में अंकित है, जिसने ब्रिटिश साम्राज्यवाद की नींव हिला दी थी। ब्रिटिश सेनापति ह्यू रोज ने भी उनकी वीरता की प्रशंसा करते हुए उन्हें विद्रोहियों में सबसे बहादुर और श्रेष्ठ सेनापति बताया था। यह प्रशस्ति रानी लक्ष्मीबाई को न केवल महिला क्रांतिकारियों में, बल्कि समस्त स्वतंत्रता सेनानियों में सर्वाेच्च स्थान पर प्रतिष्ठित करती है। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन और उनकी वीरगाथाएं आज भी लोकगीतों और जनमानस में जीवंत हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम और साहस की प्रेरणा देती रहेंगी।

मुख्य वक्ता शैलेन्द्र दुबे ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास वीरांगना लक्ष्मीबाई की अमर गाथा के बिना अधूरा है। उन्होंने वीर सावरकर के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा कि 1857 में मातृभूमि के हृदय में जो ज्योति प्रज्वलित हुई, वह आगे चलकर ज्वालामुखी के विस्फोट में परिवर्तित हो गई और पूरे देश में स्वतंत्रता संघर्ष की ज्वाला फैल गई। बाबा गंगादास की कुटिया के पास 18 जून, 1858 को जली महारानी लक्ष्मीबाई की चिता की ज्वाला इस स्वतंत्रता संग्राम की सबसे तेजस्वी ज्वाला थी।

श्री दुबे ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई के नेतृत्व में लड़ा गया 1857 का स्वतंत्रता संग्राम विश्व इतिहास की महान, असाधारण और परिवर्तनकारी घटनाओं में से एक था। इसने ब्रिटिश साम्राज्यवाद और उपनिवेशवाद की चूलें हिला दीं तथा यूरोप के अनेक देशों में भी नई राजनीतिक चेतना और परिवर्तन की प्रेरणा जगाई। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति की सबसे महान नायिकाओं में महारानी लक्ष्मीबाई का स्थान सर्वाेपरि है। उनका जीवन आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।

इस अवसर पर अखिल भारत नागरिक परिषद् के अध्यक्ष सुधीर कुमार वर्मा, संरक्षक हरिशरण मिश्र,महामंत्री श्रीमती रीना त्रिपाठी एवं उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और युवा पीढ़ी से महारानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।समारोह में पत्रकारों को महारानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों ने खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी की भावभूमि पर आधारित एक आकर्षक नाटिका प्रस्तुत की, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने मुक्तकंठ से सराहना की।

संगोष्ठी में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख रूप जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के प्रतिनिधि नागेश ,स्थानीय पार्षद कमलेश सिंह,सर्वजनहिताय संरक्षण समिति के संयोजक एच एन पांडे, सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी (सेवानिवृत्त) प्रकाश चन्द्र मिश्र, अजय तिवारी, परिषद के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती गीता वर्मा, महामंत्री श्रीमती निशा सिंह, अनिल सिंह, अर्चना शुक्ल, अंशु श्रीवास्तव , दीपाली श्रीवास्तव,श्रीमती उषा त्रिपाठी, श्रीमती अनीशा सिंह, अरुण , प्रीती, सपना मिश्र,सरोजबाला सोनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Prem Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *