LUCKNOW:जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद, आईसीयू इंचार्ज ने लाइसेंसी पिस्टल से दागीं गोलियां

-कटरा बक्कास में युवक को सीने में लगी 2-3 गोली, मेदांता में भर्ती, आरोपी फरार

लखनऊ।राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा बक्कास में रविवार दोपहर जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि शताब्दी अस्पताल, अहिमामऊ में आईसीयू इंचार्ज के पद पर कार्यरत सरदार सुखविंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पड़ोसी जमीन के मालिक नईम पर फायरिंग कर दी। नईम के दाहिने सीने के निचले हिस्से में 2-3 गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुखविंदर सिंह निवासी आलमबाग ने कटरा बक्कास में खरीदी गई अपनी जमीन पर कुछ मजदूरों को लगाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान बगल की जमीन के स्वामी नईम निवासी कटरा बक्कास मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना जमीन की पैमाइश कराए निर्माण कार्य कराए जाने पर आपत्ति जताई और काम रुकवा दिया।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर सुखविंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और नईम पर फायरिंग कर दी। गोलियां चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूर और आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था कायम है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग और जमीन विवादों में बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामूली पैमाइश के विवाद में किसी की जान लेने तक की नौबत आ जाना समाज के लिए चिंता का विषय है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पिस्टल का लाइसेंस किस शर्त पर मिला था और क्या आरोपी ने पहले भी इस तरह की धमकी दी थी।

Prem Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *