-हुसैनगंज पुलिस ने इरशाद उर्फ टेढ़ी और ध्रुव को पकड़ा, 2,980 रुपये बरामद
लखनऊ, 23 नवंबर।हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान इरशाद उर्फ टेढ़ी (26) और ध्रुव (19) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चोरी की दो जोड़ी पायल, तीन सफेद धातु के सिक्के और 2,980 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दोनों ने चोरी के माल को आपस में बांट लिया था।
घटना 17 नवंबर की है। वादी शुभम गुप्ता पुत्र राजेंद्र गुप्ता निवासी 7 माल एवेन्यू ने 18 नवंबर को थाना हुसैनगंज पर सूचना दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर में घुसकर सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर थाना हुसैनगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी।
22 नवंबर को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संयोगनगर रोड स्थित एपी सेन गर्ल्स इंटर कॉलेज के गेट के पास खड़ी स्कूल वैन के पीछे से दोनों अभियुक्तों को शाम करीब 6:40 बजे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि 17 नवंबर को उन्होंने मिलकर शिवपुरम स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी किए गए सामान और नकदी को उन्होंने आपस में बांट लिया था।
पुलिस ने उनकी निशानदेही और कब्जे से चोरी के माल की बरामदगी के आधार पर पंजीकृत अभियोग में धारा 317(2)/331(1) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की है। दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार इरशाद उर्फ टेढ़ी पुत्र बबलू निवासी 10 माल एवेन्यू, थाना हुसैनगंज का रहने वाला है। उसके खिलाफ 2017 में जुआ अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। वहीं ध्रुव पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी मंगल पांडेय रोड, छोटी लालकुर्ती, सदर कैंट का रहने वाला है। पुलिस अब दोनों के आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य थानों और जनपदों से जानकारी जुटा रही है। इस गिरफ्तारी से हुसैनगंज क्षेत्र में बंद मकानों में हो रही चोरियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
