Breaking News

LUCKNOW:भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ, सीएम ने ली मेम्बरशिप

  • REPORT BY:K.K.VARMA|EDITED BY-आज नेशनल न्यूज डेस्क

-बीजेपी के प्रति लोगों के मन में श्रद्धा और सम्मान है-योगी

-मिस्ड कॉल कर बन सकेंगे भाजपा सदस्य

लखनऊ 03 सितम्बर । भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान का आज मंगलवार को विश्वेश्वरैया सभागार में लांचिंग के साथ ही उत्तर प्रदेश में सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक का सदस्यता का नवीनीकरण करके सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्रीसंगठन धर्मपाल सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को 8800002024 पर मिस्डकॉल से प्राप्त सदस्यता प्रमाण पत्र की प्रति सौंपकर उत्तर प्रदेश में विधिवत सदस्यता अभियान का शुभारम्भ हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान 2024 के तहत सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनसे इस कार्यक्रम के साथ जुड़कर सबसे अधिक साधारण और सक्रिय सदस्य बनाने के टारगेट को पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों के मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से लेकर पश्चिम तक, भारत की माटी से प्यार करने वाला हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है। जब हम लोग उस तक पहुंचते नहीं हैं तो उसको पीड़ा होती है। तब वह उन संकीर्णताओं के दायरे में आता है, जो जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर, भाषा के नाम पर भारत के सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करने और भारत की एकता और अखंडता को चुनौती देने के लिए फैलाई जाती हैं। इन स्थितियों में हमें हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। हमारा लक्ष्य एक ही होना चाहिए कि “राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ बिश्राम…“।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ही कैडर आधारित पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी भारत की माटी से जुड़कर, भारत के महापुरुषों से लेकर भारत की आत्मा का प्रतिनिधित्व करते हुए राजनीतिक क्षेत्र में राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ कार्य करने वाली पार्टी है।  स्वतंत्र भारत में भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने पद को इसलिए छोड़ दिया, क्योंकि तत्कालीन सरकार स्वयं ही देश की संप्रुभता के लिए खतरा बन रही थी। कश्मीर के मुद्दे को लेकर डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान इसका उदाहरण है।
श्री योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कह सकता है कि उसके लिए दल से बढ़कर देश है। 1977 में जब लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कांग्रेस ने किया था, तब भारतीय जनसंघ का विसर्जन करते हुए जनता पार्टी के रूप में देश के अंदर विपक्षी दलों का जो गठबंधन बना था, उसमें हमारे नेतृत्व ने देश के लोकतंत्र को सर्वोपरि मानते हुए इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया था। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष  जेपी नड्डा  के नेतृत्व में इस सदी की सबसे बड़ी माहामारी कोरोना के दौरान 140 करोड़ भारतीयों की रक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना ’सेवा ही संगठन है’ के राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हमें हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहे हैं। जिसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, अगर हम उसके घर जाएंगे,उसके साथ सेल्फी लेंगे और उसी मोबाइल से उसको फिर से सदस्य बनाकर उस सेल्फी को वापस भेजेंगे तो उसको बहुत अच्छा।लगेगा।जिनको आयुष्मान भारत का कार्ड मिला है, प्रदेश के जिन 15 करोड़ लोगों को पिछले 4 वर्ष से फ्री में राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त हो रहा है, जिन लोगों के घर में उज्जवला योजना का सिलेंडर जल रहा है, जिन लोगों को विद्युत का कनेक्शन मिल गया है, जिन लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है, जिन साढ़े 6 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी मिली हमें उन सभी को इस अभियान से जोड़ना है। योगी आदित्यनाथ ने सरकार द्वारा नौजवानों को रोजगार से जोड़ने के अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अभी हमने 60 हजार 200 पुलिस जवानों की भर्ती की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तत्काल बाद 40 हजार नई भर्ती लेकर आने वाले हैं। यही नहीं सरकार अगले दो वर्ष में दो लाख सरकारी नौकरी लेकर आ रही है। एक करोड़ निजी क्षेत्र में नौकरी लाने जा रहे हैं, जबकि लगभग साठ लाख नौजवानों और उद्यमियों को नए स्टार्टअप स्थापित करने और उन्हें आंत्रप्रेन्योर बनाने की दिशा में भी सरकार कार्य करने जा रही है। हमें अपने साथ जोड़ना है, एक आत्मीयता देनी है और यह सदस्यता अभियान आपके लिए एक सुअवसर होगा। इस कार्यक्रम के साथ जुड़ेंगे तो भारतीय जनता पार्टी न केवल दुनिया के अंदर, बल्कि उत्तर प्रदेश देश के अंदर सबसे बड़े सदस्यता अभियान के साथ अग्रणी भूमिका के साथ फिर से खुद को स्थापित करेगा।

हर घर तक पहुंचेंगा सदस्यता अभियान

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनैतिक अभियान, सामाजिक अभियान व सेवा कार्यों के साथ  संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से सदैव जनता के बीच है और भाजपा के कार्यकर्ता अनवरत जनता के बीच संवाद व सम्पर्क स्थापित किए हुए है। भाजपा लगातार राजनैतिक व संगठनात्मक रूप से मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम से भाजपा को सर्वव्यापी व सर्वस्पर्शी बनाया है। आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा का मजबूत संगठन है।श्री चौधरी ने कहा कि अंग्रेजों तथा उनसे पूर्ववर्ती शासकों के ऐजेंडे को आगे बढ़ाते हुए देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने समाज को बांटने का काम किया। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों द्वारा भाषा, क्षेत्र, जाति के आधार पर  देश को बांटा गया। ऐसी परिस्थिति में भी एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिश्रम के साथ काम किया। आज तमिलनाडु, केरल, आन्ध्रप्रदेश, तेलगांना, उड़ीसा, जम्मूकश्मीर, असम, अरूणाचल, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैण्ड सहित पूरे देश में भाजपा मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार 2014, 2019 तथा 2024 में केन्द्र सरकार बनी। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में केन्द्र सरकार तथा सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व प्रदेश भाजपा सरकार ने अपने एक-एक संकल्प को पूरा करने का काम किया। आज उत्तर प्रदेश बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है और देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश है। भारतीय जनता पार्टी आंतरिक लोकतंत्र वाला एकमात्र दल है। हम सदस्यता अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को भाजपा से जोड़गें और संगठन की संरचना को तैयार करेंगे। हम प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य लेकर सदस्यता अभियान में हर घर तक पहुंचेंगे। इसके साथ ही व्यक्तिगत सदस्यता, मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों की सदस्यता के द्वारा विभिन्न वर्गों को भाजपा परिवार के साथ जोड़ने का काम करेंगे।

गरीब कल्याण के लिए समर्पित होकर काम कर रही डबल इंजन की सरकार

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सदस्यता अभियान संगठन को गढ़ने तथा संगठन को मजबूत बनाने का महापर्व है। सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर हम सभी को काम करना है। भाजपा देश ही नही बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है।
उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व की डबल इंजन की सरकार लगातार गरीब कल्याण के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। प्रदेश में 60 लाख से अधिक गरीबों को आवास मिला है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 01 करोड़ लखपति दीदीयां है। बड़ी संख्या में योजनाओं के लाभार्थी है। यह सभी भाजपा के साथ जुड़ना चाहते है। क्योंकि भाजपा सरकार में सुशासन है, विकास है और सभी को सुरक्षा है। सपा, बसपा व कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नही है। यह सभी विपक्षी दल केवल दुष्प्रचार का सहारा लेकर काम कर रहे है। इस दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज तैयार होनी चाहिए।  कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज मंगलवार हनुमान जी का दिन है और आप सभी हनुमान भक्त है, आप हनुमान जी कृपा से सामर्थ्यवान है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा एकमात्र राजनैतिक दल है, जो सभी वर्गो के बीच पहुंचकर सभी को भाजपा से जोड़ते हुए विचार परिवार बनाने का काम करता है। भाजपा की गौरवशाली परम्परा है। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में दो निशान-दो प्रधान के विरोध में प्राणों का बलिदान कर दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने गरीब, वंचित वर्ग के जीवन में खुशहाली लाने के लिए अंत्योदय सिद्धान्त को आगे बढ़ाने का काम किया। अटल जी ने विश्व में भारत का परचम फहराने का काम किया। श्री पाठक ने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों को सिर्फ परिवार के लोग ही चला रहे है। जबकि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता प्रदेश तथा देश में पार्टी का नेतृत्व कर सकता है और किसी पद तक पहुंच सकता है। यह भाजपा की विशेषता है। आम जनता को साथ लेकर, कंधे से कंधा मिलाकर सर्व समाज को जोड़कर कश्मीर से कन्याकुमारी तक सबको साथ लेकर चलती है।

गीता शाक्य के नेतृत्व में 157 महिलाओं ने ली बीजेपी की सदस्यता

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और सांसद राज्यसभा गीता शाक्य के नेतृत्व में लखनऊ उत्तर विधानसभा उत्तर मंडल 5 में स्वागत लॉन जानकीपुरम में सदस्यता अभियान के तहत 157 महिलाओं ने सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सांसद महिला मोर्चा गीता शाक्य ने बहनों को संबोधित करते हुए कहा सदस्यता सिर्फ संगठन का विस्तार नहीं है अपितु सदस्यता हम सबके परिवार के संगठित होने का परिचायक है।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा डा ममता पांडे,कार्यालय प्रभारी राम सिंह, नगर महामंत्री रीना चौरसिया ,अभिरुचि बाजपाई उपस्थित रहीं। कार्यक्रम मंडल संयोजक उत्तर मंडल 5 दिव्यांशी शुक्ला  द्वारा सफलता पूर्वक आयोजित किया गया। 

http://Copyright © 2023 aajnational.com All Right Reserved

https://aajnational.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *