-कार्यकर्ताओं को संगठन और विकास की संयुक्त जिम्मेदारी
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को खुशहाल गंज मंडल के भाजपा पदाधिकारियों संग एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें न केवल स्थानीय विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई, बल्कि देश और प्रदेश में भाजपा द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का भी आह्वान किया गया। मवई चौराहा स्थित मधुर मिलन गेस्ट हाउस में आयोजित ‘खुशहालगंज मंडल पदाधिकारी सम्मेलन’ में भाजपा के सभी मोर्चों के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर बूथ स्तर से आगे बढ़कर संगठन और विकास दोनों की धार को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधानसभा क्षेत्र में सीएसआर योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि अबतक स्थापित 152 तारा शक्ति केंद्र (सिलाई सेंटर) जिनके माध्यम से 3,000 से अधिक महिलाओं के जीवन में सार्थक बदलाव आया, प्रतिदिन 4,000 जरुरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने वाली ताराशक्ति निःशुल्क रसोई, अब तक स्थापित 13 रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण केंद्र जो हजारों युवाओं को ट्रेंडिंग डिजिटल कोर्सों का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार – स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रहे हैं। विधायक ने बताया इन फ्लैगशिप योजनाओं ने सरोजनी नगर को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है।विधायक डॉ. सिंह ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 11 मई को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भटगाँव में ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्रोजेक्ट व डिफेंस नोड का उद्घाटन करेंगे, ये प्रोजेक्ट सरोजनीनगर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने बताया कि ₹492.34 करोड़ की लागत से विभिन्न नहरों की 11 क्षतिग्रस्त पटरियों का सुदृढ़ीकरण कराया गया, ₹183.95 करोड़ की लागत से शिवरी, लोनहा तथा तेज किशन खेड़ा में ग्रामीण हाट बाजार बनाये गये। किसानों को सुलभ हुए स्थानीय बाजार। 45 करोड़ की लागत से शिवरी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट की क्षमता में वृद्धि से प्रतिदिन 5500 मैट्रिक टन कूड़े का निस्तारण कराया जा रहा है, ₹117 करोड़ की लागत से 61 ग्राम पंचायतों में हर घर को नल से जल दिये जाने के लिए 45 परियोजनायें स्वीकृत कराई गयी।
सरोजनीनगर कर रहा डॉ. अम्बेडकर के सपनों को साकार,विधायक राजेश्वर सिंह ने 15 प्रतिमाओं पर लगवाए शेड
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के तेज किशन खेड़ा मजरा बीबी चक में बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भंडारे में पहुंचे डॉ. राजेश्वर सिंह ने संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में बाबासाहेब को युग प्रवर्तक विचारक, संविधान निर्माता और सामाजिक समरसता के सबसे बड़े प्रेरक के रूप में नमन किया।इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर में बाबा साहेब की प्रतिमाओं के सौन्दर्यीकरण कार्य निरंतर कराये जा रहे हैं। इसी क्रम में नटकुर, मेमौरा, गहरू, पिपरसंड, ऐन, माती, किशनपुर कौड़ियां, दारोगाखेड़ा, सदरौना, फतेहगंज, हुल्लीखेड़ा सहित 15 स्थालों पर अम्बेडकर प्रतिमाओं पर टिन शेड लगाए गए। विधायक ने बताया कि इस प्रतिमाओं के अनावरण के समय अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर 100 से अधिक आभावग्रस्त परिवारों के माधावियों को साइकिल प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
अपने उद्बोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा “बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, वह एक विचार हैं। और उस विचार को सहेजने, संवारने और आगे बढ़ाने का कार्य अगर किसी सरकार ने किया है, तो वह है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है।कार्यक्रम के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, अनुसूचित जाति – जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विश्वनाथ, डॉ. अजय गुप्ता, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि शिशिर यादव, वीरेंद्र रावत, नीलम श्रीवास्तव, विमला देवी, पूर्व ब्लाक प्रमुख कुंवर राम विलास व अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
दिनदहाड़े बाइक चोरी से युवक परेशान
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया में बाइक चोरी का एक और मामला सामने आया है। कौशल पांडे, पुत्र महादेव पांडे, निवासी 9/689 कृष्णा विहार कॉलोनी, अलीनगर सुनहरा की बाइक (यूपी 32 क्यूं जे 7504) 3 मई 2025 को सुबह 11 बजे चोरी हो गई। कौशल अपनी ड्यूटी के लिए अनंत किचन वर्ल्ड, नादरगंज, गिंदनखेड़ा पुलिया के पास गए थे, जहां से उनकी बाइक गायब हो गई। कौशल ने बताया कि उन्होंने बाइक की तलाश में काफी प्रयास किए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना से वह बेहद परेशान हैं और स्थानीय पुलिस से मदद की गुहार लगा रहे हैं। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।