– यूपी एटीएस छांगुर बाबा को लेकर बलरामपुर पहुंची, शाम को लौटी
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ ।उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से गिरफ्तार अवैध धर्मांतरण प्रकरण में मास्टरमाइंड छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के खिलाफ अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाबा के नेटवर्क को 500 करोड़ रुपये की विदेशी फंडिंग मिली। इस रकम को जिसे हुंडी से नेपाल के जरिए भारत भेजा गया। यह रकम खासकर मुस्लिम बाहुल देशों से भेजी गई है, जिसे भारत में 100 से अधिक बैंक खातों में जमा किया गया है। इन पैसों का इस्तेमाल देशभर में बड़े पैमाने पर अवैध धर्मांतरण कराने के लिए किया गया है।
ईडी की रिपोर्ट और यूपी एटीएस की एफआईआर में दावा किया गया है कि ब्राह्मणों के धर्म परिवर्तन पर 15 लाख रुपये तक और अन्य जातियों के लिए 8 लाख रुपये तक का भुगतान किया जाता था। यह फंडिंग एक बेहद संगठित नेटवर्क के तहत चल रही थी, जिसका संचालन छांगुर बाबा के इशारे पर किया जा रहा था।
एटीएस की छापेमारी में 40 पीड़ितों की पहचान
यूपी एटीएस ने जब इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया तो 40 से अधिक धर्मांतरित लोगों की पहचान की गई है। छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, विदेशी लेनदेन के दस्तावेज और आपत्तिजनक सामग्री की भी बरामदगी की गई है। उधर जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए छांगुर बाबा के बलरामपुर स्थित आलीशान काठी को जमीदोज कर दिया गया, जिसे धर्म प्रचार का केंद्र बनाया गया था।
दो सौ करोड़ की हुई पुष्टि
ईडी और एटीएस ने अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तीन सालों में पांच सौ करोड़ की विदेशी फंडिंग हुई है। जिसमें से दो सौ करोड़ की पुष्टि हो चुकी है। बाकी तीन सौ करोड़ रुपये का लेन-देन नेपाल से हुंडी के जरिए भारत आया है। साथ ही ईडी ने बलरामपुर के डीएम और एसपी से भी उनकी सम्पत्ति का ब्यौरा मांगा है।
हुंडी की रकम से खरीदी गई कीमती सम्पत्ति
सूत्रों का कहना है कि छांगुर बाबा का बलरामपुर में काफी दबदबा था। उसने तीन सौ करोड़ रुपये महाराष्ट्र, नागपुर के अलावा कई राज्यों में कीमती जमीन खरीदने में खपाई है। यह बात भी सामने आ रही है कि अयोध्या में धर्मांतरण को लेकर छांगुर बाबा ने काफी काम किया। उसके गिरोह के लोग यहां भी मौजूद रहे।
एटीएस छांगुर बाबा को लेकर बलरामपुर पहुंची
यूपी एटीएस धर्मांतरण कराने वाले जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को शुक्रवार को लेकर बलरामपुर उतरौला के मापुर गांव पहुंची। वह गाड़ी से नीचे उतर नहीं पा रहा था, लिहाजा दो जवानों ने उसे सहारा देकर नीचे उतारा। करीब 40 मिनट तक एटीएस के अफसर और छांगुर बाबा जमींदोज कोठी के पास रहे। सूत्रों का कहना है कि अफसरों ने कोठी का निरीक्षण किया। इस दौरान छांगुर बाबा से कुछ सवाल पूछे गए। इसके बाद एटीएस छांगुर बाबा को लेकर एटीएस मुख्यालय चली गई।
