सरोजनीनगर:बारिश से किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों के मुरझाए चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। अभी तक सूखें पड़े छोटे-छोटे गड्ढों में अब पानी कुछ दिखाई देने लगा है।सावन के पहले दिन इंद्रदेव की मेहरबानी से सुबह से कई बार बारिश हुई, जिसने सूखे आषाढ़ मास के बाद किसानों को राहत दी।पिछले महीने बारिश की कमी से धान और अन्य मौसमी फसलों को बचाने के लिए किसान पंपिंग सेट और सरकारी-निजी नलकूपों के सहारे सिंचाई कर रहे थे। गर्मी से तपती जमीन को ठंडक न मिलने और फसलों को पर्याप्त पानी न मिलने से किसान चिंतित थे। सबसे अधिक धान के खेतिहर ग्रामीण किसानों में बारिश समय से न होने से परेशान थे, क्योंकि जैसे तैसे निजी संसाधनों से खेतों में पानी भरकर धान की बेढ़ लगा दी थी, लेकिन हो रही चटक धूप के साथ आता ताई गर्मी के कारण फसल पर बुरा प्रभाव पड़ रहा था। सावन महीने की शुरुआत के साथ हुई बारिश ने उनकी उम्मीदों को नया रंग दिया।किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगी। समाचार लिखे जाने तक बारिश का सिलसिला जारी था, और क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया।

हत्या के मामले में फरार अभियुक्त संजय कश्यप गिरफ्तार

बंथरा थाने की पुलिस और सर्विलांस टीम (जोन दक्षिणी) ने संयुक्त कार्रवाई में हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे शातिर अभियुक्त संजय कश्यप को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना बंथरा में पंजीकृत मुकदमा संख्या 208/2025 (धारा 103(1)/238(क)/3(5) बीएनएस) के तहत की गई, जिसमें मृतक सिद्धी प्रसाद (उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी ग्राम दरियापुर, मजरा गढ़ी चुनौटी, थाना बंथरा) की हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 24-25 मई 2025 की रात को मृतक सिद्धी प्रसाद की हत्या उनकी पत्नी मंजू देवी, उनके प्रेमी आकाश वर्मा उर्फ लकी और संजय कश्यप ने मिलकर की थी। इस हत्या को अंजाम देने के लिए मंजू देवी और आकाश वर्मा के बीच अवैध प्रेम संबंध मोटिवेशन था। आकाश ने अपने दोस्त संजय कश्यप को 40,000 रुपये का लालच देकर हत्या की योजना में शामिल किया, जिसमें 5,000 रुपये एडवांस के रूप में दिए गए थे। हत्या के लिए पन्नी की सुतली और लोहे की पाइप का इस्तेमाल किया गया। मृतक के सिर पर लोहे की पाइप से वार कर उसकी हत्या की गई और शव को घर के पीछे तालाब के सूखे गड्ढे में फेंक दिया गया। हत्या में प्रयुक्त हथियारों को नरपतखेड़ा नाले के पास छिपाया गया था।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश कुमार सिंह द्वारा की जा रही थी। साक्ष्य संकलन के आधार पर आकाश वर्मा और मंजू देवी को 4 जून 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि संजय कश्यप लंबे समय से फरार था। मैनुअल और टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 10 जुलाई 2025 को संजय कश्यप को दिल्ली के सोनिया विहार, दूसरा पुस्ता से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

संजय कश्यप का बयान

पूछताछ में संजय कश्यप (उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम सुदीया सकरौरा, थाना करनैलगंज, जिला गोंडा) ने बताया कि वह आकाश वर्मा का दोस्त है और नमकीन फैक्ट्री में काम के दौरान उसकी मुलाकात आकाश से हुई थी। आकाश ने उसे 40,000 रुपये का लालच देकर हत्या की योजना में शामिल किया। हत्या के बाद डर के कारण वह दिल्ली भाग गया और पुलिस से बचने के लिए अपना एयरटेल सिम बदल लिया था।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

उपनिरीक्षक अर्जुन राजपूत, चौकी प्रभारी हरौनी, बंथरा, लखनऊ,श्याम जी मिश्रा, थाना बंथरा, लखनऊ
आरक्षी देवेंद्र कुमार, थाना बंथरा, लखनऊ

सरोजनीनगर में समाजवादी पार्टी की हुई बैठक,2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर की गई चर्चा

शुक्रवार को सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के हिन्द नगर वार्ड में समाजवादी पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पार्टी का जनाधार मजबूत करना था। इसका आयोजन वरिष्ठ नेता हरिशंकर यादव की अगुवाई में हुआ।बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जय सिंह जयंत ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी को और सशक्त करेंगे। वहीं, जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान ने जोर देकर कहा कि सरोजनीनगर के 26 वार्डों में लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर मौजूदा सरकार की नाकामियों को उजागर किया जाएगा और समाजवादी सरकार के कार्यों व नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ-साथ सर्वसमाज को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने की, जबकि संचालन ज्ञानेन्द्र यादव (ज्ञानू) ने किया। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, वरिष्ठ नेता भरत यादव, जिला उपाध्यक्ष बचान सिंह यादव, अनिल पासी, पूर्व प्रमुख वीरपाल यादव, कौस्तुभ तिवारी, शशिलेंद्र यादव, रामप्रकाश यादव, दुर्गेश यादव (सोनू), जलाल अकबर, अवशेष कश्यप, जितेंद्र थारू, शौकत अली, रईस अहमद, अजीत यादव, इंद्रेश यादव, दीपक पांडेय, रामू रावत, नवीन चौरसिया सहित हिन्द नगर वार्ड के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 प्लाईवुड कंपनी में मशीन से महिला की चार उंगलियां कटीं

-कंपनी मालिक एवं मैनेजर पर खराब मशीन से कार्य कराने का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के नादरगंज में स्थित शकुंतला प्लाइवुड कंपनी में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ गंभीर दुर्घटना का मामला सामने आया है। पीड़िता निर्मला, पत्नी बऊआ गौतम, ने आरोप लगाया है कि कंपनी मालिक लालबाबू और मैनेजर अरविंद की लापरवाही के कारण खराब मशीन पर काम करने के दौरान उनके दाहिने हाथ की चार उंगलियां कट गईं। यह घटना 26 मई 2025 को दोपहर करीब 12:20 बजे हुई।निर्मला, जो ग्राम हमीरपुर, थाना बंथरा, लखनऊ की निवासी हैं, ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से शकुंतला प्लाइवुड में काम कर रही थीं और उनके परिवार में वह एकमात्र कमाने वाली हैं। दुर्घटना के बाद कंपनी की ओर से उन्हें कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई, न ही भविष्य में सहायता का कोई आश्वासन मिला। निर्मला ने कई बार स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करने की कोशिश की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
अंतत निर्मला ने सहायक पुलिस आयुक्त (कृष्णानगर) को प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने मालिक और मैनेजर के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना पत्र के आधार पर सहायक पुलिस आयुक्त (कृष्णानगर) ने 10 जुलाई 2025 को सरोजनीनगर थाने को जांच और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी को समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने और आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। निर्मला ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा कि मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, और इस दुर्घटना ने मुझे पूरी तरह असहाय कर दिया है। मैं सिर्फ न्याय और उचित मुआवजे की मांग करती हूं।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। सरोजनीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिया गया है कि वह मामले में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस मामले में आगे की कार्रवाई की प्रगति पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *