LUCKNOW:अनुपमा जायसवाल के घर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY: K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ/ बहराइच। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज बहराइच में विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत पूज्य सासू माँ के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होने शोकसंतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रभु श्रीराम से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

सदर विधायक के आवास पर मीडिया से वार्ता करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश व प्रदेश प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सामरिक शक्ति बनने के साथ अर्थव्यवस्था के मामले मे भी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप भारत हर क्षेत्र मे नित नये आयाम स्थापित कर रहा है। देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपराधियों एवं माफियाओं के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई कर उन्हें जेल में भेजा गया ताकि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश का चतुर्मुखी विकास हो सके। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान भक्तों पर पुष्पवर्षा करायी जा रही है तथा यात्रा के दौरान भक्तों के लिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करायी जा रही है कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेद-भाव के सबका साथ-सबका विकास- सबका विश्वास के मूल मन्त्र के साथ कार्य कर रही है। पात्र लोगों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का भरपूर लाभ प्राप्त हो रहा है।

इस अवसर पर सांसद बहराइच आनन्द कुमार गौड़, एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा राम निवास वर्मा, श्रावस्ती विधायक रामफेरन पाण्डेय, मुकुट बिहारी वर्मा, कमलेश मिश्रा, बृजेश पाण्डेय , जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री स्व.आनन्द सिंह को दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के गोण्डा के मनकापुर कोट आवास पर पहुंचकर उनके स्वर्गीय पूज्य पिताश्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद आनंद सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इस दुःखद समय में शोकसंतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रभु श्रीरामजी से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और परिवार के प्रति आत्मीयता व संवेदना प्रकट की। जनप्रतिनिधियों पदाधिकारियों के साथ संवाद किया एवं मनकापुर विकासखंड परिसर में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज विभाग सहित कई विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्वयं सहायता समूह के द्वारा बनाए गए अरगा ब्रांड के उत्पादों की सराहना की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां के बारे में जानकारी भी दी। प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है। सरकार के द्वारा विकास कार्य किया जा रहा है। गोंडा में बहुत सारे विकास कार्य हुये हैं,जिससे गोंडा की तस्वीर पहले से काफी बदली हुई है। गोंडा सहित पूरे प्रदेश में कानून का राज कायम है। कोई भी माफिया या भ्रष्टाचारी अब कानून की नजर से बच नहीं सकता है। जो भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा,उसके खिलाफ सरकार सख्ती से निपटेगी। इस दौरान विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय, विधायक विनय कुमार द्विवेदी, आशीष त्रिपाठी, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।

टीटीएफ कोलकाता में यूपी टूरिज्म की दमदार भागीदारी,यूपी के धार्मिक स्थलों को लेकर बढ़ी उत्सुक्ता

देश के सबसे बड़े ट्रैवल शो नेटवर्क, ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर टीटीएफ2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा लगाये गये स्टॉल पर भारी भीड़ रही। समापन के अवसर पर विभिन्न स्टॉलों को पुरस्कृत किया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग को एक्सीलेन्स अवॉर्ड प्रदान किया गया। इस अवॅार्ड को फेयर फैस्ट के चेयरमैन व सीईओ संजीव अग्रवाल ने प्रदान किया। कोलकाता के बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण में टीटीएफ में उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत, धार्मिक, सांस्कृतिक, साहसिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया गया। आगंतुकों ने यूपी के स्टॉल पर राज्य के गंतव्यों की विस्तार से जानकारी ली। शनिवार को तीन दिवसीय पर्यटन मेले 10-12 जुलाई का समापन हुआ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया, इस वर्ष का संस्करण विशेष रूप से बीटूबी बिजनेस टू बिजनेस स्वरूप में किया गया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की टीटीएफ में सक्रिय भागीदारी रही। ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर ने उद्योग जगत के पेशेवरों के लिए अवसरों के नए द्वार खोले, जो राज्य के पर्यटन विकास में मददगार साबित होगा। टूर-ट्रैवल ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स से आग्रह किया गया कि वे अपने पर्यटन पैकेज में यूपी को अवश्य शामिल करें। टीटीएफ में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के स्टॉल पर राज्य के प्रमुख गंतव्यों से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गई। विभाग द्वारा काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, चित्रकूट, नैमिषारण्य, बरेली सहित अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी आगन्तुकों को दी गई।उन्होंने बताया कि इस तरह का आयोजन न सिर्फ नेटवर्किंग के लिए बेहतर अवसर प्रदान करता है, बल्कि क्षेत्रीय साझेदारी को भी गहराई से जोड़ता है।पर्यटन मंत्री ने बताया कि कोलकाता में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर टीटीएफ में 500 से अधिक एग्जीबिटर्स ने अपने पर्यटन और यात्रा संबंधी उत्पादों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। जयवीर सिंह ने कहा, टीटीएफ जैसे आयोजन ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर में व्यापार विकास और सहयोग के लिए एक अद्वितीय मंच प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश मंडप पर विशेष रूप से अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी स्पिरिचुअल ट्रायंगल सहित राज्य के अन्य लोकप्रिय और उभरते पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई। आगंतुकों को प्रदेश के अल्पज्ञात स्थलों, इको टूरिज्म से जुड़े डेस्टिनेशन, ग्रामीण पर्यटन, होम स्टे नीति और राज्य सरकार की विभिन्न पर्यटन नीतियों व सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।

बड़ी कालीजी मंदिर का जीर्णोद्धार,रक्षामंत्री ने किया लोकार्पण

लखनऊ के ऐतिहासिक चौक क्षेत्र में स्थित बड़ी काली जी मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण हो चुका है। इस प्राचीन मंदिर का लोकार्पण आज शाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने जीर्णोद्धार कार्य कराया है, जिसका उद्देश्य न केवल धार्मिक स्थल का संरक्षण है, बल्कि इसे पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रमुख स्थान दिलाना भी है। जीर्णाेद्धार के तहत मंदिर परिसर में संरचनात्मक मरम्मत, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम को लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि यह हमारी विरासत, संस्कृति एवं संस्कार का संरक्षण है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार एवं अवस्थापना सुविधाओं के विकास हेतु 1.88 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि खर्च की गई है। राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने विभिन्न निर्माण कार्य संपन्न कराए हैं। लखनऊ के चौक वार्ड में स्थित बड़ी काली जी मंदिर एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। यह मंदिर धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। खासकर नवरात्रों के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रृद्धालु देवी काली की पूजा करने उमड़ते हैं। इस मंदिर का इतिहास बहुत प्राचीन है। मंदिर की स्थापना 2400 साल पहले आदि गुरु शंकराचार्य ने की थी। प्राचीन मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार, यहां एक कुंड में एकत्र जल से देवी काली का अभिषेक किया जाता है।इस जल से स्नान करने से रोगों से मुक्ति मिलती है। यही आस्था हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं को यहां खींच लाती है। साल भर में लगभग एक लाख पर्यटक एवं श्रद्धालु इस पावन स्थल पर देवी के दर्शन हेतु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की है। यह धार्मिक स्थल न केवल आध्यात्मिक विश्वास का केंद्र है, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी नया आयाम दे रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा परियोजना स्थल पर व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। विभाग द्वारा कराए गए प्रमुख कार्यों में पार्किंग निर्माण, यात्री हाल तथा यात्री प्रसाधन का निर्माण, यात्री हाल में लिफ्ट की स्थापना तथा पांच प्रसाधन युक्त कमरों का निर्माण शामिल है।इन पर्यटन विकास कार्यों के चलते पर्यटकों की संख्या में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि दर्शाती है कि बेहतर बुनियादी सुविधाएं पर्यटकों को आकर्षित करने में प्रभावी सिद्ध हो रही हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, लखनऊ के ऐतिहासिक चौक क्षेत्र में स्थित बड़ी काली जी मंदिर का जीर्णाेद्धार, हमारी सरकार की सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और हमारी समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर का प्रतीक है। पर्यटन विभाग द्वारा किए गए संरचनात्मक सुधार, सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा। लोकार्पण के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधायकगण और मेयर सुषमा खरकवाल, साधु-संत, मंदिर के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में श्रद्धालू उपस्थित थे।

नैक के प्रतिनिधिमंडल का पेंशनरों की समस्याओं को लेकर रक्षामंत्री को ज्ञापन

नैक के प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उनके आवास पर मिलकर पेंशनर्स की समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। रक्षामंत्री को बताया कि पेंशनरो ने पहले भी आपसे इस मुद्दे को हल करने में पहल करने का अनुरोध किया था परंतु अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। मजबूर होकर पेंशनरों को संसद के मानसून सत्र के दौरान 4 अगस्त को दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करना पड़ रहा है । रक्षा मंत्री ने कहा कि ईपीएस 95 पेंशन के सम्बन्ध में जानकारी है। पूर्व में श्रम मंत्री को पत्र लिखा था और उनसे बात की थी।इस संबंध में सरकारी स्तर पर कोई तैयारी हो रही होगी तो मेरा प्रयास होगा कि घोषणा हो जाए ताकि वृद्धजनों को दिल्ली में कोई आंदोलन न करना पड़े।नैक के प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सचिव राजीव भटनागर,प्रांतीय महामंत्री राजशेखर नागर प्रांतीय संगठन मंत्री पीके श्रीवास्तव, प्रांतीय कोषाध्यक्ष दिलीप पांडे, समन्वयक उमाकांत सिंह बिसेन, सुशील त्यागी विजय सिंह जय राम वर्मा आदि अनेक पेंशनर शामिल रहे ।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *