LUCKNOW:त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने हेतु हुआ भौतिक प्रशिक्षण,क्लिक करें और भी खबरें

-सीईओ ने दिए जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा निर्देश,भारत निर्वाचन आयोग की मंशा, हर पात्र नागरिक को हो मतदान का अधिकार-रिणवा

  • REPORT BY: K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ ।उत्तर प्रदेश के 34 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रशिक्षण हेतु लखनऊ के आवास विकास आयुक्त सभागार में भौतिक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, इटावा, लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, फतेहपुर, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, अलीगढ़, मुरादाबाद, गोरखपुर और पीलीभीत जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची के अद्यतनीकरण तथा निर्वाचन संबंधी कानूनी प्रावधानों एवं नियमों की जानकारी दी गई।मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी हो, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि हर मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा का अनुपालन किया जाए तथा एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही पोलिंग बूथ में दर्ज हों। यह पहली बार है जब जिला निर्वाचन अधिकारियों का इस स्तर पर भौतिक प्रशिक्षण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य, विशेष पुनरीक्षण अभियान से संबंधित अधिकारी तकनीकी, प्रक्रियात्मक पहलुओं से भलीभांति परिचित हों सके।
प्रशिक्षण में ईआरओ नेट, बीएलओ ऐप और वोटर हेल्पलाइन ऐप के उपयोग, मतदेय स्थलों के सम्भाजन, बीएलओ की नियुक्ति और निर्वाचन संबंधी कानूनी दिशा-निर्देशों पर विशेष जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना आवश्यक है ताकि उनकी सहभागिता और विश्वास सुनिश्चित हो सके।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा पात्र नागरिकों के लिए 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर अर्हता तिथियां निर्धारित की गई है। फार्म 6 में नये मतदाताओं को जोडने, फार्म 7 में नाम हटाने और फार्म-8 में संशोधन से संबंधित जानकारी अधिकतम लोगों तक पहुँचाई जाए। दिव्यांग मतदाताओं को शत प्रतिशत चिन्हित किया जाए। मतदाता फोटो पहचान पत्र का पोस्ट ऑफिस से समन्वय कर समय से वितरण सुनिश्चित कराया जाए, एनजीएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समय से गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराया जाए। मतदेय स्थलों का फील्ड वेरिफिकेशन कराकर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से बैठक की जाए तथा  प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का अनुरोध किया जाए। वोटर रजिस्ट्रेशन पोर्टल तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप का व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाए, जिससे कि प्रत्येक पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपना मतदाता आवेदन फॉर्म भर सकें। बीएलओ को निर्देशित किया जाए कि वे प्रत्येक नागरिक से सत्य और पूर्ण जानकारी प्राप्त करें और दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करें। प्रत्येक बीएलओ को त्रुटिरहित ऑनलाइन फीडिंग करने की ट्रेनिंग कराई जाए।प्रशिक्षण के अंत में प्रशिक्षण से संबंधित परीक्षा एवं मूल्यांकन भी कराया गया। इसके पूर्व मेरठ तथा वाराणसी में जिला निर्वाचन अधिकारियों का प्रशिक्षण कराया जा चुका है।

विश्व युवा कौशल दिवस के समापन समारोह में दिखा विरासत और तकनीक का संगम

-सीईओ और एचआर हेड ने युवाओं से किया संवाद,युवाओं को पारंपरिक ज्ञान और तकनीक से जोड़ने को सरकार प्रतिबद्ध – हरिओम

विश्व युवा कौशल दिवस  के समापन समारोह के अंतर्गत इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विविध कार्यक्रम हुए। समापन के अवसर पर पैनल चर्चा में पारंपरिक एवं आधुनिक स्किलिंग में संतुलन विषय पर  विशेषज्ञों ने पारंपरिक हस्तकला, बुनाई, बढ़ईगिरी जैसे हुनर से लेकर डिजिटल स्किल्स, एआई, ऑटोमेशन जैसी आधुनिक तकनीकों के बीच तालमेल स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उत्तर प्रदेश के कौशल विकास ढांचे में अब परंपरा, तकनीक एक साथ चल रही हैं, जिससे युवा न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि नवाचार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं।कौशल मेले में आयोजित नियोक्ता सम्मेलन में दो प्रमुख क्षेत्रों के सीईओ और एचआर हेड्स ने मंच से सीधे युवाओं से संवाद स्थापित किया। उद्योगों को किस प्रकार के कौशल की आवश्यकता है, और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उद्योग की मांगों के अनुरूप कैसे ढाला जा सकता है। इस संवाद को युवाओं के भविष्य के लिए एक सकारात्मक कदम बताया गया। संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ठोस संवाद है। उन्होंने बताया कि विभाग अधिक से अधिक उद्योग आधारित प्रशिक्षण की सुविधा युवाओं को देने हेतु निरंतर प्रयासरत है।प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है कि राज्य के युवाओं को न केवल पारंपरिक ज्ञान में दक्षता प्राप्त हो, बल्कि उन्हें भविष्य की तकनीकों — जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और ऑटोमेशन  में भी विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त हो। सरकार की सोच है कि युवा सिर्फ नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। इसके लिए इंडस्ट्री-एकेडमिक कनेक्ट, उच्च गुणवत्ता की ट्रेनिंग और रोजगारोन्मुखी कौशल का समावेश हमारी प्राथमिकता है।कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के नवाचारों पर मिशन निदेशक  पुलकित खरे द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया। उन्होंने मिशन द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं  दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना और राज्य कौशल विकास निधि योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्किल गैप को दूर करने के लिए उत्तर प्रदेश स्किल डेवलपमेंट मिशन लगातार उद्योगों से संवाद कर रहा है और उनकी आवश्यकता के अनुसार ही युवाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है। मिशन द्वारा  जनपदों में औद्योगिक इकाइयों को प्रशिक्षण भागीदार ट्रेनिंग पार्टनर बनाया जा रहा है ताकि युवाओं को उनके ही जनपद में प्रशिक्षण और रोजगार दोनों उपलब्ध हो सकें।पुलकित खरे ने कहा कि मिशन द्वारा औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ एमओयू हस्ताक्षर किए जा रहे हैं, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को उद्योगों में त्वरित प्लेसमेंट मिल सके। राज्य के आईटीआई संस्थानों को निरंतर उन्नत किया जा रहा है, उनमें तकनीकी नवाचारों को शामिल करते हुए आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली लागू की जा रही है। पारंपरिक ट्रेड्स के साथ-साथ अब आईटी, एआई, ग्रीन एनर्जी और ऑटोमेशन जैसे फ्यूचरिस्टिक क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। युवाओं को सॉफ्ट स्किल्स और पर्सनालिटी ग्रूमिंग का भी प्रशिक्षण दिया जा  है ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिक सकें।

एफडीआर तकनीक से बन रही सड़कों की लागत में और आयेगी कमी,बचत की धनराशि से होगें अन्य विकास कार्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा पीएमजीएसवाई की सड़को के निर्माण मे एफ डी आर तकनीक के विभिन्न पहलुओं पर  लगातार अनुश्रवण किया जाता रहा है। एफडीआर बेस की लागत को और कम करने व गुणवत्ता उच्च कोटि की बनाये रखने के बारे मे उप मुख्यमंत्री द्वारा  विश्लेषण किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।श्री मौर्य के निर्देशो के क्रम मे सड़क निर्माण कार्यो के तकनीकी विशेषज्ञो, संस्थाओं के विश्लेषण व अध्ययन के बाद एफडीआर बेस के निर्माण मे  प्रस्तुत दरों मे लगभग एक हजार रूपये प्रति घनमीटर की कमी के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया है। पूर्व के प्रस्तावो मे प्रयुक्त की गयी एफडीआर बेस की दर  3760.00  के स्थान पर  एनालिसिस के अनुसार आगणित दर 2784.00  प्रति घनमीटर किये जाने के  राज्य ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के प्रस्ताव को उप मुख्यमंत्री ने सहमति अनुमोदन प्रदान किया है।इससे पीएमजीएसवाई के तहत एफ डी आर बेस तकनीक से बनायी जा रही सड़कों की लागत मे और कमी आयेगी। बचत की धनराशि से और ग्रामीण सड़के व उन पर अवस्थापना सुविधाओं के कार्य कराये जा सकेगे।

कृषि मंत्री ने लखीमपुर खीरी में किया नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण,लाभार्थी एफपीओ को सौंपी 80 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध ट्रैक्टर की चाभी

प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आज लखीमपुर खीरी में राजकीय कृषि बीज संवर्द्धन प्रक्षेत्र, जमुनाबाद में नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण किया तथा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना हेतु लाभार्थी कृषक उत्पादक संगठन को 80 प्रतिशत अनुदान पर अनुमन्य ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाभी सौंपी। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम महाभियान के अंतर्गत परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कई उर्वरक बिक्री केंद्रों पर भी औचक छापेमारी की तथा विक्रेताओं को हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही तथा मुनाफाखोरी पर कठोर कार्रवाई होगी।इस अवसर पर विधायक अमन गिरी, चन्द्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डॉ आनंद कुमार सिंह, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी जी तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अखिलेश राज में आजम खां के चाबुक से चलती थी सत्ता की लगाम- केशव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने जेल में बंद आजम खान को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के शासन में सत्ता की असली ताकत आजम खान के चाबुक से चलती थी।उपमुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बात ज्यादा पुरानी नहीं है जब सपा बहादुर अखिलेश यादव के शासन में सत्ता की असली ताक़त आजम खान के चाबुक से चलती थी। यह पूरा प्रदेश जानता था, सपा के भाईजान अब अपनी पार्टी के लिए न तो घर के हैं और न ही घाट के।”केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि सपा के गलियारों में चर्चा आम है कि अपने बहादुर का नाम सुनकर उनको ‘मितली’ आने लगती है। इसके पहले केशव ने अपने एक एक्स पोस्ट में कहा कि हिंदुओं की आस्था को व्यापार बताने का ‘दुस्साहस’ करने वाले सपा बहादुर अखिलेश यादव ने सही मायने में मुस्लिम, मस्जिद और मदरसों को अपने ‘वोट का बाज़ार’ बना रखा है। सपाईयों को अपने बहादुर से समाजवादी पार्टी का नाम बदलकर ‘मदरसावादी पार्टी’ रखने की मांग करनी चाहिए।

सपा सांसद इकरा हसन से एडीएम ने किया अभद्र व्यवहार,मंडलायुक्त ने डीएम को दिए जांच के आदेश

कैराना लोकसभा सीट  से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन  और छुटमलपुर नगर पंचायत की अध्यक्षा शमा परवीन के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है।आरोप है कि एडीएम प्रशासन ने दोनों को कार्यालय से बाहर निकलने तक कह दिया। कहा कि कार्यालय उनका है, जो चाहे वह करने के लिए स्वतंत्र हैं। कैराना सांसद  की शिकायत के बाद मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं।
कैराना सांसद ने प्रमुख सचिव नियुक्ति उत्तर प्रदेश के साथ मंडलायुक्त को इस मामले की शिकायत भेजी है। इसमें बताया कि 1 जुलाई को छुटमलपुर की विभिन्न समस्याओं को लेकर एडीएम से मुलाकात करनी थी। एक बजे उनसे संपर्क किया गया तब जवाब मिला कि एडीएम लंच के लिए जा चुके हैं और पत्राचार के माध्यम से समस्या दे दें।लंच के बाद कैराना सांसद और छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन के साथ करीब तीन बजे एडीएम के कार्यालय  पहुंचीं। आरोप है कि मुलाकात के दौरान एडीएम का व्यवहार अपमानजनक था। नगर पंचायत अध्यक्षा को डांटा। कैराना सांसद ने समस्या सुनने का अनुरोध किया। एडीएम ने उनके साथ भी अभद्र बर्ताव किया। कार्यालय से बाहर जाने के लिए भी कह दिया। कैराना सांसद ने मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।चेयरमैन नगर पंचायत छुटमलपुर शमा परवीन ने बताया कि कैराना सांसद इकरा हसन के साथ ईओ की मनमानी कार्यप्रणाली को लेकर एडीएम से शिकायत करने पहुंचीं थीं। एडीएम का व्यवहार बेहद अपमानजनक रहा।
एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्रता का कोई मामला नहीं है। आरोप निराधार हैं।डीएम मनीष बंसल ने बताया कि इस तरह की शिकायत आई है, जिस पर जांच कराई जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनप्रतिनिधियों के साथ सभ्य व्यवहार करें।मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने बताया कि कैराना सांसद की तरफ से अभद्र व्यवहार की शिकायत की गई है। जिलाधिकारी को जांच के आदेश दिए गए हैं।

मंत्री ओमप्रकाश राजभर को फिर मिली धमकी,पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी, जाति सूचक शब्द भी लिखे

सुहेलदेव भारती समाज पार्टी सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर को फिर धमकी मिली है। ओमप्रकाश राजभर और प्रवक्ता एवं महासचिव अरुण राजभर की फोटो एक्स पर पोस्ट कर अभद्र टिप्पणी की गई।
पार्टी अध्यक्ष और नेताओं को धमकी दी गई। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।  हजरतगंज कोतवाली में तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।मुकदमा पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी पीयूष मिश्रा ने दर्ज कराया है। पीयूष ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया एक्स प्लेटफार्म पर यह टिप्पणी की गई। बिना किसी अनुमति के पार्टी महासचिव अरुण राजभर की तस्वीर लगाकर एक्स अकाउंट धारक अनिल यादव, सन्नी यादव, चंद्रजीत यादव ने अपमान जनक शब्दों का प्रयोग कर धमकी दी। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। ये लोग पार्टी और शीर्ष नेताओं को छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह कृत्य कर रहे हैं। इससे समाज और समर्थकों में विद्वेष फैल सकता है। माहौल बिगाड़ने का कृत्य उक्त लोगों द्वारा किया जा रहा है। ये लोग अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनसे खतरा है। अनिल यादव जेल जा चुका है। एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि पार्टी के मीडिया प्रभारी पीयूष की तहरीर पर एक्स अकाउंट धारक तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम सेल और सर्विलांस टीम को जांच के लिए लगाया गया है।इससे पहले ओमप्रकाश राजभर को धमकी दी गई थी। ओम प्रकाश राजभर को धमकी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मिली थी। युवक ने पोस्ट में लिखा था कि ओपी राजभर को गोली मार दूंगा। सुभासपा के वरिष्ठ नेता और ओमप्रकाश राजभर के अरुण राजभर ने इस संबंध में रसड़ा थाने में शिकायत की थी।

राहुल गांधी रायबरेली में , पंचायत चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रायबरेली दौरे को देखते हुए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है, जो हर प्रकार की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। 17 जुलाई को राहुल गांधी ऊंचाहार विधानसभा के बाबूगंज में बूथ कार्यकर्ताओं के साथ वर्कर्स मीटिंग को संबोधित करेंगे। दोपहर एक बजे रायबरेली में होटल शांति ग्रैंड इन में प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। शाम चार बजे हरचंदपुर विधानसभा के सतांव ब्लॉक में बूथ लेवल कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद पांचवां रायबरेली दौरा है। राहुल गांधी आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह प्रजापति समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे। जहां वह उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उसका समाधान कैसे किया जाए, इस बारे में  सुझाव देंगे। इससे पहले 20-21 फरवरी को राहुल गांधी रायबरेली दौरे पर गए थे, जहां बछरावां में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। मूल भारती छात्रावास में दलित छात्रों से मुलाकात की थी। बेला भेला में महिला संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और जगतपुर में बेनी माधव सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया था।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *