सरोजनीनगर:ऑनलाइन ठगों ने गूगल पे के जरिए महिला से 32 हजार रुपये ठगे,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता प्रतिभा देवी, पत्नी एस.एस. राना, निवासी ई-594-595, सेक्टर एफ, एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, लखनऊ ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके साथ गूगल पे के माध्यम से 32 हजार रुपये की ठगी की गई।शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई 2025 को शाम करीब 5:45 बजे प्रतिभा देवी को मोबाइल नंबर 63985XXXXX से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनकी दोस्त पूजा का पति बताते हुए कहा कि पूजा का एक्सीडेंट हो गया है और वह बाहर है। उसने दावा किया कि उसका गूगल पे काम नहीं कर रहा, इसलिए वह प्रतिभा के खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहा है, जिसे उन्हें दूसरे नंबर 95575XXXXX पर भेजना होगा। इसके बाद, ठग ने व्हाट्सएप पर 40 हजार रुपये ट्रांसफर का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजा।
विश्वास में आकर प्रतिभा ने उक्त नंबर पर गूगल पे के जरिए 20 हजार, और फिर 2-2 हजार रुपये की सात किश्तों में कुल 32 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ट्रांसफर के बाद उनके गूगल पे पर “पेमेंट फेल-इंसफिशिएंट बैलेंस” का मैसेज आया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।प्रतिभा ने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम सेल, हजरतगंज को भी प्रकरण की जानकारी दी।

 किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी, दरोगाखेड़ा निवासी सोनी पत्नी रमेश ने थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत देकर अपनी 17 वर्षीय बेटी नेहा के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, दिनांक 12 जुलाई 2025 को रात्रि लगभग 12 बजे नेहा अपने पड़ोस के अभिषेक, पुत्र राजू उर्फ अखिलेश कुमार मिश्रा, के साथ कहीं चली गई।सोनी ने बताया कि उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों से नेहा की खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। नेहा का मोबाइल भी बंद है। शिकायत के आधार पर थाना सरोजनीनगर में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।

सरोजनीनगर में ज्वैलर्स पर ज्वैलरी रुपये हड़पने का आरोप,पुलिस पर कार्रवाई न करने का गंभीर इल्ज़ाम, पुलिस आयुक्त की फटकार के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में 26 जून 2025 एक महिला ने ज्वैलर पर धोखाधड़ी और ज्वैलरी हड़पने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। कुल्विंदर कौर पत्नी अरविंदर सिंह, निवासी ओमनगर कॉलोनी बदाली खेड़ा थाना सरोजनीनगर ने पुलिस आयुक्त लखनऊ को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पारिवारिक परेशानियों के चलते आराध्या ज्वैलर्स, सत्यलोक कॉलोनी, बाग नं. 2, कानपुर रोड के मालिक विमलेश कुमार उर्फ बब्लू के पास अपनी सोने की ज्वैलरी रेहन रखी थी।

कुल्विंदर कौर ने बताया कि उन्होंने 32 ग्राम 300 मिलीग्राम वजन की ज्वैलरी, जिसमें एक सोने की चेन, लॉकेट, हार, झाले, टॉप्स, अंगूठी और कान की बालियां शामिल थीं, 2.5% मासिक ब्याज पर 60,000 रुपये के बदले रेहन रखी थी। उन्होंने विमलेश को मूलधन सहित 80,000 रुपये ब्याज के रूप में वापस कर दिए, लेकिन ज्वैलर ने उनकी ज्वैलरी वापस नहीं की। पीड़िता के अनुसार विमलेश ने टालमटोल करते हुए बताया कि ज्वैलरी राम जी नामक व्यक्ति के पास रेहन रखी गई है। जब कुल्विंदर ने राम जी से संपर्क किया, तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी मिली। इसके बाद विमलेश ने भी उनके साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का उपयोग किया और धमकी दी कि उनकी पहुंच शासन-प्रशासन में ऊपर तक है, इसलिए पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
कुल्विंदर ने इस मामले में 5 जून 2025 को थाना सरोजनीनगर में लिखित शिकायत दी, लेकिन उनकी तहरीर पर न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही कोई कार्रवाई हुई। अब उन्होंने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।पीड़िता ने अपनी तहरीर में यह भी उल्लेख किया कि उनके पास विमलेश द्वारा दी गई ज्वैलरी की रसीद मौजूद है, जिसके आधार पर वह फर्जी दस्तावेज और धोखाधड़ी का आरोप लगा रही हैं। इस मामले ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं, क्योंकि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

डीआरडीओ पावर हाउस भटगांव में 8 महीने से वेतन न मिलने से कर्मचारी परेशान

डीआरडीओ पावर हाउस भटगांव में कार्यरत कर्मचारियों ने 8 महीने से वेतन न मिलने के कारण अपनी आर्थिक स्थिति दयनीय होने की शिकायत की है। कर्मचारियों ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी/अवर अभियंता, 33/11 केवी पावर हाउस, लखनऊ को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है।प्रार्थना पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि वे दिसंबर 2024 से जुलाई 2025 तक बिना वेतन के दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इस दौरान उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है, जिसके कारण वे आगे काम करने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं। पत्र में कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग करते हुए तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है।प्रार्थना पत्र पर देकर कर्मचारियों ने प्रबंधन से अनुरोध किया है कि उनकी इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *