-आरोपी सहायक विकास अधिकारी के पद पर था तैनात, बलिया के चर्चित खाद्यान्न घोटाले का है अहम किरदार
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। ई. ओ. डब्ल्यू. नें बलिया खाद्यान्न घोटाले के आरोपी पूर्व सहायक विकास अधिकारी को वाराणसी के अखरी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है।इन पर 27 लाख रूपये के शासकीय धन का गबन करने का आरोप है।यह बलिया खाद्यान्न घोटाले का अहम किरदार बताया गया है। डीजी ई.ओ. डब्ल्यू नीरा रावत बताती है कि सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के क्रियान्वयन के तहत केन्द्र सरकार और राज्य सरकार नें वर्ष 2002 से 2005 के मध्य जनपद बलिया के बांसडीह ब्लाक के विभिन्न गावों में क्षेत्र पंचायत अंश से मिट्टी कार्य, नाली निर्माण, खड़न्जा, पटरी मरम्मत, सम्पर्क मार्ग, सी0सी0 और पुलिया निर्माण का कार्य कराया जाना था। परन्तु कार्य मानक के अनुरूप नहीं और अपूर्ण पाया गया था। प्रकरण में खण्ड विकास अधिकारी, ब्लाक प्रमुख एंव कोटेदारों नें आपस में मिलीभगत कर मस्टर रोल पर फर्जी श्रमिकों का नाम अंकित कर खाद्यान्न का फर्जी वितरण दिखाकर कुल 27 लाख रूपये के शासकीय धन का गबन किया गया है।
डीजी ई.ओ. डब्ल्यू नीरा रावत नें बताया कि इस मुकदमे में कुल 19 आरोपियों की संलिप्तता पायी गयी थी। जिसमें यह आरोपी वांछित था।आरोपी उस समय बलिया जिले के ब्लाक बांसडीह में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर नियुक्त था। आरोपी के द्वारा प्रकरण में फर्जी मस्टर रोल तैयार कर सह आरोपियों से मिलकर फर्जी श्रमिकों को खाद्यान्न का आवंटन किया जाना दिखाया गया है। उ0प्र0 शासन की प्राथमिकता में शामिल इस प्रकरण में संलिप्त आरोपी सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी सूरश्याम सिंह निवासी-ग्राम व पोस्ट बगही, थाना-चुनार मीरजापुर हाल पता-विशालनगर (उपासना नगर, अखरी) थाना-रोहनियां जनपद वाराणसी को मंगलवार शाम करीब चार बजे अखरी चौराहे के पास से ई0ओ0डब्लू0 की वाराणसी सेक्टर के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा नें गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी धारा-409, 419, 420, 467, 468, 471, 218, 201, 120बी, 34 आईपीसी व 13(2) भ्र0नि0 अधि0, थाना-बांसडीह, जनपद-बलिया में दर्ज मुकदमे में की गयी है।ई. ओ. डब्ल्यू की डीजी नीरा रावत नें बताया कि गिरफ्तार आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट वाराणसी में पेश कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
