-पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच में जुटी
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। राजधानी के आशियाना इलाके में तीन बच्चों के ऊपर कार चढ़ाने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें
दिख रहा है कि गली में तीन बच्चे साइकिल लेकर खड़े होकर बात कर रहे हैं। बगल की गली से जा रही कार अचानक इनकी गली में मुड़ती है। कार की स्पीड बढ़ जाती है। दो बच्चे कार की चपेट में आ जाते हैं। एक बच्चा कार के दाहिने टायर से दब जाता है। दूसरा बच्चा कार की टक्कर से उछलकर सामने की दीवार से टकरा जाता है। कार के नीचे दबा बच्चा कार हटने पर उठकर लंगड़ाते हुए अंदर जाता है। बच्चे कि पसलियों में जबरदस्त चोट आ गई थी।तीन दिन तक आईसीयू में भर्ती रहा। बच्चे के घरवाले पहले इसे एक दुर्घटना मान रहे थे, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज देखा तो उन्हें लगा कि यह जानबूझकर किया गया। जब इसकी शिकायत पुलिस से करने पर कार चढ़ाने वाले युवक और उसके पिता ने घर बुलाकर धमकी दी। बच्चों पर कार चढ़ाने वाला आरोपी पड़ोसी है। पुलिस ने घटना के 8 दिन बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस सम्बंध में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने तीन लाख रूपए पर मामला तय कर लिया था लेकिन बाद में पैसों की मांग और बढ़ी तो मामला बिगड़ गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लखनऊ के आशियाना इलाके में पड़ोसी साढ़े पांच साल के बच्चे को कार से कुचल दिया। हादसे में बच्चे को गंभीर चोट आई है। तीन दिन तक आईसीयू में रहने के बाद बच्चा अपने घर आ गया। हालांकि, घटना के 8 दिन बीतने के बाद पुलिस को मामले की गंभीरता समझ आई और मुकदमा दर्ज किया गया। इसके पहले बच्चे के दादा थाने के चक्कर काट रहे थे।
सेक्टर-आई आशियाना निवासी हरिद्वार पांडेय स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड हैं। अपने बेटे अंकित और बहू के साथ रहते हैं। अंकित कैनरा बैंक में कार्यरत हैं। हरिद्वार पांडेय ने बताया कि 10 अगस्त को पोता शौविक पांडेय अपने घर के बाहर खड़ा था। उसके साथ पड़ोसी विनय उपाध्याय का बेटा कुशल सौमिल भी मौजूद था। इसी दौरान सामने रहने वाले सीएल वर्मा का बेटा शिवांश वर्मा तेज रफ्तार कार लाया। शौविक को जान से मारने की नीयत से उस पर कार चढ़ा दी। घटना के वक्त सीएल वर्मा भी गाड़ी में बैठे थे। गाड़ी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुशल छिटककर दीवार से टकरा गया, जबकि शौविक गेट के अंदर आकर गिरा। घर का गेट टूट गया। हादसे में शौविक की कॉलर बोन और पसलियां टूट गईं।
दबंग ने महिला से किया छेड़डाड़ मुकदमा दर्ज
दबंगो द्वारा महिलाओं से मारपीट छेड़खानी व बदसलूकी घटनाएँ दिनों दिन बढती ही चली जा रहीं हैं। जिससे महिलाओं की सुरक्षा में संकट
उत्पन्न होने लगा है। दबंगों के हौसले इतने बुलन्द हैं कि वह अपने साथ कुछ अराजकतत्वों को साथ लेकर किसी भी महिला या युवती के साथ दुर्व्यवहार करते रहते हैं।शारदा नगर विस्तार लखनऊ की पीड़िता ने रामप्रताप व अन्य अज्ञात दबंग लोगों पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने एकराय बनाकर, लाठी डण्डों से लैश होकर आये और गन्दी गन्दी गालियाँ देते हुए मारपीट करने लगे। इन असामाजिक तत्वों द्वारा पीड़िता की पुत्री के साथ शर्मनाक अश्लील हरकतें करने पर जब पीडिता ने शोर मचाया तो यह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये । पीड़िता ने अपनी पीठ पर खरोंच के निशानों को बताया और बेटी के भी हाथ में चोट व शरीर में दर्द बयाँ करने पर महिला पुलिस कांस्टेबल द्वारा सीएचसी सरोजनीनगर में मेडिकल परीक्षण कराकर, आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना पार किए लाखों के जेवरात
राजधानी के गुडंबा इलाके में चोरों ने बंद मकान से 15 लाख 60 हजार के जेवर और नगदी पार कर दी। इसके साथ ही घर में लगी सीसीटीवी
भी लेकर चले गये। बताया जा रहा है कि परिवार मकान बंद करके जम्मू गया था। पीड़ित ने स्टेशन छोड़ने वाले ई-रिक्शा चालक पर संदेह जताया है।शिवानी बिहार कॉलोनी, रामलीला पार्क के पास गुडंबा निवाली संजीव कुमार परिवार के साथ 8 अगस्त को जम्मू गए थे। उसी रात घर का ताला तोड़कर चोरों ने गहनों समेत नकदी पार कर दी। संजीव कुमार ने बताया कि घर से मां के पुश्तैनी गहने, बहन दीपमाला के जेवर और बहन संतोष की शादी के लिए खरीदे गए गहने चोरी हो गए। चोर करीब 15 लाख 60 हजार के जेवर, 45 हजार नकद और एक 32 इंच की रुश्वष्ठ टीवी ले गए। संजय ने बताया कि 9 अगस्त की सुबह मोहल्लेवालों ने ताला टूटा देखकर 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं संजय ने एक ई-रिक्शा चालक पर भी संदेह जताया है। उनका कहना है कि घर से सामान ले जाते समय उनकी ई-रिक्शा चालक से बहस हुई थी। इस पर उसने बोला था कि इलाके का ही रहने वाला है, अंजाम गलत होगा। संजय ने वापस लौटने के बाद थाने जाकर मुकदमा दर्ज कराया है।
इंस्टा पर रील में दिखी चोरी की इयर रिंग, पुलिस को दी तहरीर
राजधानी के बंथरा क्षेत्र में सोने के झालों की चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। जिसमें उमेद खेड़ा रोड के अनन्या सिटी की रहने
वाली राधा ने अपनी पड़ोसी महिला पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।राधा के मुताबिक, 7 मार्च को उनके घर से सोने के झाले गायब हो गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी झाले नहीं मिले। उन्होंने अपनी किराएदार पड़ोसी महिला की इंस्टाग्राम फोटो में वही झाले देखे। उस समय आरोपी महिला अपने गांव में थी। 14 अगस्त को जब आरोपी महिला उम्मेद खेड़ा वापस आई, तो राधा ने उससे झालों के बारे में पूछा। आरोपी ने उन्हें आर्टिफिशियल बताया। जब झाले दिखाने को कहा गया तो वह टालमटोल करने लगी। 17 अगस्त को आरोपी महिला ने झाले फेंक देने की बात कही। राधा का आरोप है कि पड़ोसी महिला ने उनके झाले चुराकर इंस्टाग्राम पर रील बनाई। इस मामले को लेकर जब बात की गई तो आरोपी महिला और उसके पति ने राधा और उनके पति को धमकी दी। पीड़िता ने बंथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाबालिग छात्रा से अधेड़ ने जंगल में किया रेप
राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के
माता-पिता एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में गए थे। वह अपने छोटे भाई और दो बहनों के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान खसरवारा गांव का 45 वर्षीय विनोद रावत उनके घर पहुंचा।आरोपी विनोद पीड़िता के परिवार का जानकार है। उसने छात्रा को जंगल में रुपयों से भरा संदूक होने का झांसा दिया। लालच में आई किशोरी को वह अपनी बाइक पर बैठाकर अंबरपुर स्थित जंगल ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ रेप किया। पीड़िता के चिल्लाने पर आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी। शाम को जब माता-पिता घर लौटे, तब किशोरी ने उन्हें पूरी घटना बताई। परिजनों ने बंथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस ने मंगलवार को बंथरा-बिजनौर रोड पर चनखरा के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। उसमें घटना की पुष्टि हुई है।
नोयडा से आये युवक ने सीएम आवास के बाहर किया सुसाइड का प्रयास
राजधानी लखनऊ के गौतमपल्ली स्थित सीएम आवास के बाहर एक युवक ने सुसाइड करने की कोशिश की। युवक की पहचान औरैया के 32
वर्षीय शैलेंद्र यादव के रूप में हुई है। वह नोएडा में नौकरी करता है। वहां से मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचा। वह प्रॉपर्टी विवाद से परेशान बताया जा रहा है। उसने अपने साथ कंबल ले रखा था।सीएम आवास के पास पहुंचते ही उसने साथ में लाए कंबल से गला कसकर पेड़ पर लटकने की कोशिश की। यह देख तैनात पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत उसे पकड़ लिया। हिरासत में लेते हुए पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह काफी समय से संपत्ति विवाद से मानसिक रूप से परेशान चल रहा है। न्याय न मिलने से हताश होकर उसने यह कदम उठाया। उसे कुछ लोगों ने भड़काया था कि लखनऊ जाओ। वहां मुख्यमंत्री ही सुनेंगे। पुलिस युवक को गौतमपल्ली थाने ले गई है, जहां उससे पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दस्तावेजों और तथ्यों की जांच कर रही है। एसएचओ गौतमपल्ली ने बताया कि शैलेंद्र यादव की नानी का कबरपुर के बजरंग नगर में घर है। वहीं पर उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान है। आज सुबह 11:30 बजे उसने आत्महत्या की कोशिश की है।
नॉनवेज होटल मालिक पर कई राउंड फायरिंग से हड़कंप
-पैसों के लेन देन का मामला आया सामने बदमाशों के करीब पहुंची पुलिस
राजधानी के बाजारखाला इलाके में बीती देर रात बदमाशों ने नॉनवेज होटल के मालिक जावेद पर फायरिंग कर दी। स्कूटी से आए दो
नकाबपोश बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जावेद की राजाजीपुरम निवासी अभिषेक निगम से रुपयों के विवाद में रंजिश की बात सामने आई है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा। जावेद ने बताया कि उनकी वाहिद बिरयानी के नाम से बाजारखाला तालाब के पास दुकान है। वह करीब 6 महीने से बंद पड़ी है। उस दुकान को फिर से खोलने के लिए सफाई करवा रहे थे। तभी सफेद स्कूटी पर सवार दो युवक पहुंचे और तीन राउंड फायर कर फरार हो गए। घटना के वक्त दुकान में सफाई कर रहे मजदूर और कुछ साथी मौजूद थे। गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई।
जावेद ने बताया कि राजाजीपुरम निवासी अभिषेक से उनका 26 लाख रुपए का लेनदेन है, जिसे लेकर दोनों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। पीड़ित ने बाजार खाला थाने में तहरीर दी है, जिस पर आगे की कार्यवाही की जा रही है। खाला बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। बिरयानी व्यापारी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस को शुरुआती जांच में गोली चलने का सबूत मिला है। वही जिस पर आरोप लगाया जा रहा है लखनऊ से बाहर बताया जा रहा है।
