-चोरों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान हुआ बरामद
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। राजधानी के इंदिरानगर पुलिस ने बंद मकान में रेकी करके चोरी करने वाले गिरोह के दो चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑटो
से बंद मकानों की रेकी करते इसके बाद घटना को अंजाम देकर गायब हो जाते। आरोपियों के पास से चोरी के जेवर और नगदी बरामद हुई है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
सेक्टर -9 इंदिरा नगर के रहने वाले अंकुर मिश्रा 8 अगस्त को रक्षाबंधन पर अपने परिवार के साथ कानपुर गए थे। कानपुर से लौटने पर घर के सारे ताले और लॉकर टूटा मिला। जिसमें से सारे जेवर व 40 हजार नगद गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वहीं सेक्टर -13 निवासी कृष्णा बाबू सराफ 25 जून को घर बंद करके परिवार के साथ छुट्टियाँ मनाने बाहर गए थे। 4 जुलाई की रात वापस आए तो देखा की घर का दरवाज़ा टूटा हुआ था। मंदिर का सामान बिखरा था और तिजोरियों को तोड़ने की कोशिश की गई थी। तिजोरी न टूटने पर मंदिर में रखा सारा चांदी का कीमती सामान लेकर चोर गायब हो गए। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए टीम लगाई गई थी। बुधवार को इंदिरा नगर पुलिस और सर्विलांस टीम की मदद से दो आरोपियों को पिकनिक स्पॉट रोड पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रूस्तमपुरवा बाराबंकी के रहने वाले रविन्द्र सिंह (37) और फरधान लखीमपुर खीरी के रहने वाले राजू कश्यप (29) के रूप में हुई। डीसीपी ने बताया- चोरी की घटनाओं में एक ऑटो रिक्शा दिखाई पड़ता था। जिसके आधार पर दोनों को पकड़ा गया। दोनों लखनऊ में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। रविन्द्र किराए पर ऑटो लेकर चलाता है। इसी से दोनों घूमकर रेकी करते। बंद मकान को चिह्नित कर रात में घटना को अंजाम देकर गायब हो जाते। पुलिस इनके अन्य नेटवर्क को खंगाल रही है।
-युवती से बात करने के बाद टाइल्स कारीगर ने लगाई फांसी
राजधानी के पीजीआई इलाके में टाइल्स कारोबारी सुनील कुमार ने बिजली के तार से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि
आत्महत्या से पहले वह किसी युवती से फोन पर बात कर रहा था। फिलहाल मौके से कोई सुसाइडनोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।सुनील एल्डिको की सरस्वती एनक्लेव में टाइल्स लगाने का काम करता था। ठेकेदार अर्जुन के अनुसार, वह 18 अगस्त को काम पर आया था। उनके साथ दो अन्य मजदूर अमरनाथ और शिवकुमार भी काम कर रहे थे, जो 16 अगस्त से वहां थे।घटना की रात सभी मजदूर छत पर सो रहे थे। सुबह जब उठे तो सुनील नीचे के फ्लोर में बिजली के तार से लटका मिला। ठेकेदार ने तुरंत शव को नीचे उतरवाया और पुलिस को सूचना दी। मृतक के जीजा अशोक को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। ठेकेदार के मुताबिक सुनील एक लड़की से बात करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक का अफसर बताकर ठगे हजारों रूपए
जालसाजों ने अपनी बातों ने फंसा कर एक युवक के साथ ऑनलाइन फ्रॉड किया। आरोपी ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताते हुए पहले क्रेडिट कार्ड ऑफर का लालच दिया। वीडियो के वाईसी के नाम पर बैंक के क्रेडिट कार्ड का डिटेल लिया और फिर कुछ ही मिनटों में 58,452 ट्रांसफर करवा लिए।वेदांतपुरम कॉलोनी के रहने वाले अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि 4 अगस्त को रात करीब 8 बजे एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि आपने क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई किया था। कार्ड टू कार्ड मिलेगा, बस वीडियो के वाईसी करना होगा। कॉलर ने वीडियो के वाईसी के बहाने अभिषेक से उनका ॥ क्रेडिट कार्ड का डिटेल निकलवा लिया। कुछ ही देर में अभिषेक के मेल पर ट्रांजैक्शन अलर्ट आया। जिसमें उनके खाते से 58,452/- फ्लिपकार्ट मर्चेंट आईडी पर कट चुके थे। अगले ही दिन उन्होंने साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई।
युवकों ने मजदूर को लाठी-डंडों से पीटा
राजधानी के बंथरा इलाके में बाइक का पंचर बनाने गये एक मजदूर को स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़
गई कि मारपीट की नौबत आ गई। स्थानीय युवकों ने मजदूर को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया और गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गये। देर रात उसकी तबीयत बिगड़ी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मृतक की पहचान सराय शहजादी निवासी प्रदीप (25) के रूप में हुई है। प्रदीप अपनी बाइक का पंचर बनवाने कानपुर रोड स्थित कटी बगिया गया था। वहां कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडे, लात-घूसों और लोहे के रॉड से प्रदीप की पिटाई कर दी।पिटाई के बाद प्रदीप बेहोश हो गया। होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंचा और पत्नी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए। रात करीब 9 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुशीला ने बंथरा थाने में अंकित, अमित, रवि, मनीष और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह के अनुसार, चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रदीप के परिवार में पत्नी सुशीला के अलावा एक बेटी सुहानी और बेटा सुवांश हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मंत्री कोटे से पेट्रोल पंप दिलाने का झांसा देकर 62 लाख ठगे
-कारोबारी को अफसर बनकर बनाया जालसाजी का शिकार
सरोजनी नगर इलाके में पेट्रोल पंप लगवाने के नाम पर 62 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। फर्रुखाबाद निवासी
शराफत अली सिद्दीकी ने तीन लोगों पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के फर्जी दस्तावेजों के सहारे रकम हड़पने का आरोप लगाया है। मामले की सरोजनी नगर थाने में शिकायत दी है।शिकायत के मुताबिक, कुछ समय पहले शराफत अली की मुलाकात रामनरेश यादव नामक व्यक्ति से हुई थी। रामनरेश ने भरोसा दिलाया कि उनकी हरदोई रोड स्थित जमीन पर पेट्रोल पंप लगवाया जा सकता है, उसके इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में अच्छे संपर्क हैं। भरोसा जीतने के बाद वह शराफत को दिल्ली ले गया, जहां कौशल किशोर और प्रफुल्ल चंद्र मोहन मिश्रा उर्फ पी.सी. मोहन से मुलाकात करवाई।दोनों ने खुद को इंडियन ऑयल का उच्चाधिकारी बताया और यह दावा किया कि वे मंत्री कोटे से पेट्रोल पंप अलॉट करवा देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने इंडियन ऑयल के फर्जी कागजात तैयार कराकर शराफत से दस्तखत भी करवा लिए। पीड़ित शराफत अली ने आरोपियों के कहने पर कई बार अपने खातों से प्रफुल्ल मोहन कोटक महिंद्रा में 32,99,000, कौशल किशोर पंजाब नेशनल बैंक में 22,15,000 और कौशल किशोर को 7,00,000 को दिल्ली में नकद दिए। कुल 62,64,500 लाख लिए।शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि कई बार दिल्ली यात्रा के दौरान वह आरोपियों के साथ होटल में रुका। होटल के चेक-इन रजिस्टर में रामनरेश यादव का नाम और आधार कार्ड दर्ज है, जो मामले में उनकी संलिप्तता को साफ दर्शाता है। रकम लेने के बाद तीनों आरोपियों ने शराफत से बात करना बंद कर दिया है। फोन तक उठाना भी बंद कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
रिटायर्ड आईजी की कार से स्टेपनी और बैट्री चोरी
राजधानी के गोमती नगर इलाके में चोरों ने रिटायर्ड आईजी के घर चोरी कर ली। 17 अगस्त की सुबह चोरों ने घर के बाहर खड़ी रेडिगो कार
को निशाना बना लिया। कार की डिग्गी खोलकर पहले चोरों ने स्टेपनी उड़ाई और फिर कुछ देर बाद लौटकर बैटरी भी पार कर दी। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।विराम खण्ड निवासी एनके श्रीवास्तव रिटायर्ड आईजी हैं। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त सुबह बजे चोर कार के पास पहुंचे और स्टेपनी निकाल ले गए। पीड़ित का कहना है कि चोरी की रिकॉर्डिंग सीसीटीवी में मौजूद है। पीड़ित ने गोमतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पुलिस का कहना है मुकदमा दर्ज करके तलाश की जा रही है।
ट्रेन की चपेट में आने से दो छात्रों की दर्दनाक मौत
-दोनों छात्र अपने माता पिता का था एक लौता पुत्र
-एयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल कर कर रहे थे बात
राजधानी के बीकेटी इलाके में ट्रेन की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए
भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आया है कि दोनों छात्र इयरफोन लगाकर रेलवे लाइन के किनारे चल रहे थे। इयरफोन लगा होने के कारण ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाए और हादसे का शिकार हो गए।
बीकेटी थाना क्षेत्र के मामपुर रेलवे क्रासिंग के पास हुई। मृतकों की पहचान देवा, बाराबंकी निवासी अक्षत मौर्या (18) पुत्र अतुल मौर्या और पुखरा पुरवा, हरगांव सीतापुर निवासी करण पटेल (18) पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई। दोनों छात्र अपने मां-बाप के इकलौते बेटे थे। घटना मामपुर रेलवे क्रासिंग से 50 मीटर आगे सीतापुर की ओर हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन करके साक्ष्य एकत्र किया। एसीपी बीकेटी अमोल मुर्कुट के मुताबिक, दोनों छात्र एसआर ग्लोबल कॉलेज में 12वीं के छात्र थे। अक्षत कॉलेज के हॉस्टल में रहता था। करन फैजुल्लागंज में किराए के कमरे में रहता था। मंगलवार रात अक्षत करन से मिलने आया था। दोनों बीकेटी थाना क्षेत्र के मामपुर रेलवे क्रासिंग के पास टहल रहे थे। इस बीच ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। दोनों छात्र अपने मां-बाप के इकलौते बेटे थे। अक्षत के पिता अतुल मौर्या ने बताया कि हॉस्टल से रात में निकलने नहीं दिया जाता है। अक्षत कॉपी खरीदने के लिए हॉस्टल से निकला था। इसके लिए उसने 30 मिनट की अनुमति ली थी। पोस्टमॉर्टम हाउस पर स्कूल के प्रबंधक और एमएलसी पवन सिंह पहुंचे। पोस्टमॉर्टम हाउस पर दोनों छात्रों के परिजन जुटे हैं।मृतक करन के पिता जितेंद्र वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। खबर सुनने के बाद दूर दराज कई रिश्तेदार भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए। करन के ममेरे भाई हरिओम ने बताया कि वो पढ़ाई में बहुत अच्छा था।
लग्जरी कार सवार दबंग ने सुपरवाइजर को पीटा गिरफ्तार
सुल्तानपुर के दबंग भाइयों ने टोयोटा एजेंसी के वर्कशाप सुपरवाइजर को लात-घूसों से जमकर पीटा। पिस्टल के बट से सिर पर मारा यही नहीं
कनपटी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।चिनहट में सनी टोयटा एजेंसी के वर्कशाप पर हुई। शहाबुद्दीन उर्फ इरफान अपने भाई शावेज के साथ वर्कशाप में फॉरच्यूनर सर्विस कराने पहुंचा था। सर्विसिंग जल्दी कराने को लेकर विवाद हो गया। दोनों भाइयों ने सुपरवाइजर प्रमोद विश्वकर्मा को जमकर पीटा। सुपरवाइजर की शिकायत पर शहाबुद्दीन और शावेज के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर के अनुसार, आरोपी शहाबुद्दीन भाई शावेज के साथ फॉरच्यूनर लेकर वर्कशाप पर पहुंचा। वर्कशाप में जबरन अपनी गाड़ी लगाने लगा। सुपरवाइजर प्रमोद विश्वकर्मा ने इसका विरोध किया। इस पर उसके साथ गाली-गलौज की। उसके बाद शहाबुद्दीन ने गाड़ी से पिस्टल निकाल ली। प्रमोद पर पिस्टल तानकर कहा-अभी जान से मार दूंगा। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर लात-घूंसों और पिस्टल के बट से उसकी जमकर पिटाई की। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों को भी पीटा। घटना वर्कशाप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुछ लोगों ने भी वीडियो बना लिया। पीड़ित सुपरवाइजर प्रमोद ने पुलिस को तहरीर के साथ सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सबूत के तौर पर दिया है। इंस्पेक्टर चिनहट ने बताया कि घटना के बाद साहबुद्दीन समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
