सरोजनीनगर:महिला ने लगाया 8 लाख रुपये की ठगी का आरोप,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। एक गंभीर प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सीमा शुक्ला, निवासी सेक्टर-ओ, मानसरोवर योजना, लखनऊ, ने मेफेयर सोसाइटी के संचालक मनोज भार्गव पर 8 लाख रुपये की ठगी, धमकी और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सीमा ने सहायक पुलिस उपायुक्त (एसीपी) को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति राकेश शुक्ला ने 2018 में मनोज भार्गव से सरोजनी नगर के खसरा संख्या-1575 में 600 वर्ग फीट का एक आवासीय प्लॉट 5.5 लाख रुपये में खरीदा था।
हालांकि, उक्त खसरा संख्या पर प्लॉट उपलब्ध न होने के कारण राकेश ने राशि वापस मांगी। मनोज ने पहले एक एक्सिस बैंक का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसके बाद दो बैंक ऑफ बड़ौदा के चेक भी बाउंस हुए। इस बीच राकेश शुक्ला का देहांत हो गया। सीमा ने बताया कि मनोज ने कोर्ट में चेक बाउंस का मामला न उठाने की शर्त पर 900 वर्ग फीट का नया प्लॉट देने का वादा किया और इसके लिए 1.6 लाख रुपये वकील विकास वर्मा को और 90,000 रुपये अन्य खर्चों में ले लिए।सीमा का आरोप है कि मनोज ने नया प्लॉट देने के नाम पर टालमटोल की और धमकी दी कि पुलिस और कोर्ट उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। सरोजनी नगर थाने में शिकायत के बाद 17 मई 2025 को मनोज ने आपसी समझौता किया, लेकिन उसकी शर्तों का पालन नहीं किया और राशि वापस करने से इनकार कर दिया। साथ ही, जान से मारने की धमकी भी दी।सीमा ने पिछले छह वर्षों में मानसिक, शारीरिक और आर्थिक नुकसान का दावा करते हुए मनोज भार्गव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में सभी दस्तावेज संलग्न हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

जमीन के नाम पर धोखाधड़ी, 7 साल बाद भी नहीं मिला कब्जा

यहियागंज निवासी कुलविंदर सिंह ने पुलिस आयुक्त, लखनऊ को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर नैय्यर लैंड ट्रेलब्लेजर्स प्राइवेट लिमिटेड और इसके निदेशकों मन्नी नैय्यर व प्रतीक के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कुलविंदर ने बताया कि 25 सितंबर 2017 को सरोजनीनगर तहसील के जैतीखेड़ा गांव में खसरा संख्या 1097 की जमीन का बैनामा 5.5 लाख रुपये में किया गया। बैनामा के समय वादा किया गया था कि तुरंत कब्जा दे दिया जाएगा, लेकिन 7 साल बीत जाने के बाद भी कब्जा नहीं मिला।आरोप है कि विपक्षीगण ने दिखाई गई जमीन को बाद में किसी तीसरे व्यक्ति को बेच दिया, जिसने वहां कब्जा कर बाउंड्री करा ली। कुलविंदर ने कई बार कब्जे की मांग की, लेकिन विपक्षीगण टालमटोल करते रहे। इस मामले में थाना बिजनौर, कस्बा चौकी और एसीपी कृष्णा नगर में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। निराश होकर कुलविंदर ने पुलिस आयुक्त से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले दर्ज जांच शुरू कर दी है।

बिजनौर थाना क्षेत्र में झुग्गी से मोबाइल चोरी, आरोपी पकड़ा गया

बिजनौर थाना क्षेत्र के स्वप्निल सिटी के पास कल्प सिटी में रहने वाले धन्नजय कुमार, संतोष बसुर, और नसरीन सिद्दिकी ने थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में बताया कि 26 अगस्त 2025 को सुबह करीब 4 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी झुग्गी से तीन मोबाइल फोन चुरा लिए।

चोरी गए फोन में धन्नजय का वीवो Y75 5G, संतोष का रेडमी 5G, और नसरीन का ओप्पो A15 शामिल थे।
पीड़ितों ने पूरे दिन चोर की तलाश की और शाम 5 बजे के करीब आरोपी को चोरी किए गए फोन के साथ पकड़ लिया।

आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार, पुत्र राजकिशोर, निवासी पेट्रोल पंप के पास, सरवन नगर, बताया।

पीड़ितों ने आरोपी को पकड़कर बिजनौर थाने में सौंप दिया और थाना प्रभारी से रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

मैनेजर को सड़क पर जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में अवध रेल इंफ्रा लिमिटेड के मैनेजर (लीगल) अविनाश सिन्हा को 21 अगस्त 2025 को शहीद पथ पर दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों द्वारा कथित तौर पर धमकी दी गई। अविनाश सिन्हा ने इस घटना के संबंध में थाना सरोजनीनगर में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने रोहित श्रीवास्तव और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग दर्ज करने की मांग की है।अविनाश सिन्हा (40 वर्ष), निवासी 5/3, जानकीपुरम, लखनऊ, ने अपनी शिकायत में बताया कि 21 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 11:15 बजे वह अपने निजी वाहन (UP-32, AGZ 5844, अर्टिगा) से अपने सहकर्मी राजन कन्नौजिया के साथ कंपनी के कॉरपोरेट कार्यालय (7वीं मंजिल, फिलिक्स स्क्वायर, सुशांत गोल्फ सिटी) से फैक्ट्री (बी-12, इंडस्ट्रियल एरिया, अमौसी) जा रहे थे। शहीद पथ पर AWHO अपार्टमेंट के पास दो मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी गाड़ी के सामने अचानक आकर रुकने के लिए मजबूर किया। एक व्यक्ति उतरकर उनके पास आया और गालियां देते हुए धमकी दी कि रोहित श्रीवास्तव के खिलाफ दायर किए गए आवेदन और गवाही वापस ले लें, अन्यथा जान से मारने की धमकी दी।अविनाश सिन्हा ने बताया कि वह मुकदमा संख्या 140/2024 (धारा 409 भादवि) में रोहित श्रीवास्तव के खिलाफ वादी हैं और मुकदमा संख्या 34/2024 (धारा 381, 409, 419, 420, 467, 468, 471, 506, 120बी भादवि) में अहम गवाह हैं। इससे पहले भी रोहित श्रीवास्तव ने 22 जनवरी 2024 को उनके व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे थे, जिनमें से कुछ संदेश डिलीट भी किए गए।घटना के बाद अविनाश ने तुरंत 112 नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हुआ। उन्हें एक संदेश प्राप्त हुआ कि 112 नंबर की सुविधा अस्थायी रूप से बाधित है। इसके प्रमाण के रूप में उन्होंने मोबाइल स्क्रीनशॉट भी संलग्न किया है।

 सरोजनीनगर में बुजुर्ग से 1.29 करोड़ की साइबर ठगी,फर्जी CBI अधिकारी ने दी डिजिटल अरेस्ट की धमकी

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के सैनिक हाउसिंग सोसाइटी निवासी 70 वर्षीय सुरिंदर पाल सिंह और उनके 100 वर्षीय पिता हरदेव सिंह के साथ साइबर ठगों ने 1 करोड़ 29 लाख रुपये की ठगी की। मरचेंट नेवी से सेवानिवृत्त सुरिंदर ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त 2025 को उनके पिता के मोबाइल (93357XXXXX) पर 76279XXXXX और 94562XXXXX नंबरों से फोन आए। कॉल करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी आलोक सिंह बताकर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया और डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी। व्हाट्सएप पर अरेस्ट वारंट का फोटो भेजकर ठगों ने डराया और बैंक खाता डिटेल्स हासिल कर लीं।डर के मारे सुरिंदर ने अपने और पिता के संयुक्त खाते (बैंक ऑफ इंडिया, खाता संख्या 681310100003605) से 21 अगस्त को UJAHS ENTERPRISE (बैंक ऑफ बड़ौदा, भावनगर) के खाते में 32 लाख, 22 अगस्त को Sanjay Shantaram Sangodkar (ICICI बैंक, पोंडा) के खाते में 45 लाख, 25 अगस्त को Shree Nath Traders (ICICI बैंक, फाटा) के खाते में 45 लाख, और 26 अगस्त को उसी खाते में 7 लाख रुपये RTGS के जरिए ट्रांसफर किए। ठगों ने दावा किया था कि पैसा वेरिफिकेशन के बाद वापस आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
26 अगस्त को सुरिंदर ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज की और सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *