सरोजनीनगर:चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इंडिगो की बड़ी लापरवाही,क्लिक करें और भी खबरें

-नाइजीरिया जाने वाले यात्री का सामान छूटा, परिवार परेशान

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की लापरवाही का मामला सामने आया है। नाइजीरिया जाने वाले यात्री अभिषेक कुमार का जरूरी सामान विमान तक नहीं पहुंचा। अभिषेक 28 अगस्त को परिवार संग फ्लाइट 6E6480 से दिल्ली पहुंचे, जहां से उनकी नाइजीरिया के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट थी। लेकिन उनके दो बैग लखनऊ एयरपोर्ट पर ही छूट गए।दिल्ली एयरपोर्ट पर शिकायत दर्ज करने के बाद इंडिगो स्टाफ ने सामान भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद सामान नाइजीरिया नहीं पहुंचा। परेशान अभिषेक और उनके परिवार ने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई, लेकिन एयरलाइन प्रबंधन की चुप्पी से वे और अधिक हताश हैं।चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट प्रबंधन और इंडिगो की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने कहा, “एयरलाइन जवाब दे, हमारी परेशानी का जिम्मेदार कौन है।

गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज में साइबर जागरूकता महिला सशक्तिकरण अभियान

बिजनौर थाने की पुलिस टीम ने सोमवार को गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज में एक विशेष साइबर जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण अभियान आयोजित किया। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों को साइबर फ्रॉड से बचाव, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

बंथरा में डीसीएम-डंपर टक्कर से ढाई घंटे तक लगा जाम

सोमवार की सुबह करीब 5 बजे बंथरा थाना क्षेत्र के जुनाबगंज चौराहा से बनी मोहनलालगंज रोड पर ग्राम सभा पहाड़पुर गांव के सामने मां अन्नपूर्णा ढाबे के पास एक डीसीएम और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे के कारण लगभग ढाई घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।हादसे की सूचना मिलते ही बंथरा थाना पुलिस और फर्स्ट मोबाइल की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद जाम खुल सका और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

चालकों को मामूली चोटें, अस्पताल में हुआ उपचार

डीसीएम चालक अरमान, पुत्र रमजान, निवासी बदलाव, जिला अमेठी, को हल्की-फुल्की चोटें आईं। उनका उपचार जुनाबगंज चौराहे पर स्थित दा साईन अस्पताल में कराया गया। वहीं, डंपर चालक राकेश, पुत्र भज राम, निवासी ग्राम सभा जालमऊ, जिला बाराबंकी, को भी मामूली चोटें आईं। दोनों चालकों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।मौके पर पहुंचे टीआई चंद्र विनय तिवारी और प्रभाकर सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात को सुचारू किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।यह हादसा सुबह के व्यस्त समय में हुआ, जिससे कई लोग जाम में फंस गए। पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्दी नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन इस घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।कमिश्नरेट के बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि डंपर और डीसीएम के बीच टक्कर हुई थी, जिसमें डीसीएम गाड़ी के चालक को चोट आई थी, अभी तक किसी प्रकार कोई प्रार्थना पत्र थाने पर नहीं दिया गया है।

 बंथरा के खांड़े देव में भूमि बिक्री में धोखाधड़ी का आरोप

-पीड़ित ने पुलिस उपायुक्त से लगाई न्याय की गुहार, बंथरा पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच

हजरतगंज निवासी मोहम्मद आसिफ ने दक्षिणी पुलिस उपायुक्त को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर भूमि बिक्री में धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। आसिफ के अनुसार, उन्होंने सरोजनीनगर तहसील के ग्राम खांड़े देव थाना बंथरा में खसरा संख्या 995 में 0.2440 हेक्टेयर भूमि का बैनामा 40,36,000 रुपये में खरीदा था। बैनामा करने वाले विक्रेताओं—जगतपाल सिंह, विजयभान सिंह और  सुदामा सिंह—ने कथित तौर पर अपने हिस्से से अधिक 19 बिस्वा भूमि का बैनामा कर दिया, जबकि उनका वास्तविक हिस्सा केवल 9 बिस्वा 5 बिस्वांसी था।आसिफ ने आरोप लगाया कि विक्रेताओं ने झूठ बोलकर और कूटरचित तरीके से यह धोखाधड़ी की, जिसके तहत उन्होंने अतिरिक्त 20,18,000 रुपये का भुगतान प्राप्त किया। दाखिल-खारिज की प्रक्रिया के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल ने इस गड़बड़ी का खुलासा किया। आसिफ ने कई वर्षों तक विक्रेताओं से अतिरिक्त भुगतान की वापसी या शेष भूमि का बैनामा करने की मांग की, लेकिन विक्रेताओं ने केवल आश्वासन देकर मामले को टाला।परेशान होकर आसिफ ने तहसील दिवस में शिकायत दर्ज की, जिस पर लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। अब आसिफ ने पुलिस उपायुक्त से मांग की है कि या तो विक्रेताओं से 20,18,000 रुपये ब्याज सहित वापस कराए जाएं, या शेष 9 बिस्वा 5 बिस्वांसी भूमि का बैनामा उनके पक्ष में कराया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विक्रेताओं के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और भू-माफिया के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।प्रार्थना पत्र पर 7 जुलाई 2025 को प्राप्ति दर्ज की गई, और मामला जांच के लिए कृष्णा नगर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को सौंपा गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है। बंथरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बिजनौर फर्जी रजिस्ट्री के जरिए प्लॉट हड़पा, मुकदमा दर्ज

-उर्मिला गौतम ने प्रशासन से की कठोर कार्रवाई की मांग

बिजनौर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें उर्मिला गौतम नामक महिला के स्वामित्व वाले प्लॉट नंबर 210 की फर्जी रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया गया है।

उर्मिला गौतम, मूल रूप से हमीरपुर की निवासी और वर्तमान में ड्रीम ग्रीन सिटी, बंथरा, लखनऊ में रहने वाली, ने थाना प्रभारी बिजनौर को दी गई तहरीर में लवकेश अस्थाना और उनके पुत्र अभिनव अस्थाना सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है।उर्मिला गौतम ने बताया कि उन्होंने 1998 में स्वप्न लोक कॉलोनी (वर्तमान में विष्णु लोक कॉलोनी) में 3360 वर्गफुट का प्लॉट अरुण कुमार गुप्ता से खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री उपनिबंधक कार्यालय, लखनऊ में विधिवत पंजीकृत है। जून 2025 में लवकेश अस्थाना ने उनसे संपर्क कर प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई, लेकिन कीमत पर सहमति नहीं बनने के बाद उन्होंने प्रार्थिनी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और रजिस्ट्री की फोटोकॉपी मांगी। 7 जुलाई 2025 को उर्मिला ने ये दस्तावेज उपलब्ध कराए।हालांकि, भुगतान नहीं किया गया और 23 जुलाई 2025 को लवकेश अस्थाना के पुत्र अभिनव ने व्हाट्सएप पर एक फर्जी रजिस्ट्री का विवरण भेजकर दावा किया कि प्लॉट की रजिस्ट्री 9 जुलाई 2025 को सुरेश गौतम के नाम पर हो चुकी है। इस रजिस्ट्री में न तो उर्मिला का फोटो था, न ही उनके हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान। उर्मिला ने इस फर्जी रजिस्ट्री की कॉपी निकलवाई, जिसमें पता चला कि एक अज्ञात महिला ने उनके नाम का दुरुपयोग कर यह जालसाजी की है।

उर्मिला ने अपनी तहरीर में लवकेश अस्थाना और उनके पुत्र अभिनव पर फर्जीवाड़े में संलिप्तता का शक जताया है, क्योंकि उनके दस्तावेज देने के बाद ही यह घटना हुई। उन्होंने थाना प्रभारी से अपराधियों के खिलाफ संगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उपनिबंधक सरोजनीनगर, तहसीलदार, जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नरेट को पत्र लिखकर फर्जी रजिस्ट्री के आधार पर दाखिल-खारिज और प्लॉट के हस्तांतरण पर रोक लगाने की अपील की है।

प्रशासन से अपील

उर्मिला गौतम ने प्रशासन से इस गंभीर अपराध की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उनका नुकसान न हो और इस तरह की धोखाधड़ी पर अंकुश लगाया जा सके।यह मामला संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को उजागर करता है, जिसके लिए प्रशासनिक सतर्कता और कठोर कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।

फर्जी आधार कार्ड के जरिए वाहन हस्तांतरण की कोशिश

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय (प्रशासन) में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां फर्जी आधार कार्ड के जरिए मोटरसाइकिल (वाहन संख्या UP32FM6632) के हस्तांतरण की कोशिश की गई। वाहन स्वामी ओमप्रकाश के नाम पर पंजीकृत इस मोटरसाइकिल को हस्तांतरित करने के लिए प्रस्तुत आधार कार्ड प्रथम दृष्टया कूटरचित पाया गया।जांच के दौरान पता चला कि आवेदनकर्ता का असली नाम देवानंद पुत्र स्व. शिवमंगल, निवासी सिकंदरपुर, अमौलिया मुहारीखुर्द, थाना गोसाईगंज, लखनऊ है, जिसने ओमप्रकाश के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर धोखाधड़ी की कोशिश की। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) प्रदीप कुमार सिंह और वरिष्ठ सहायक श्रवण कुमार सिंह ने कड़ी पूछताछ के बाद इस मामले का खुलासा किया।परिवहन कार्यालय ने इस प्रकरण की जांच और विधिक कार्रवाई के लिए थाना सरोजनीनगर को पत्र भेजा है, जिसमें आवेदन पत्र और फर्जी आधार कार्ड को सबूत के तौर पर संलग्न किया गया है। पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आवश्यक कार्यवाही की है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *