- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ । मोहनलालगंज के मऊ निवासी मो०राउफ कुरैशी का बेटा मो०जुएफ कुरैशी(30वर्ष)रविवार को काम से लखनऊ गया था,जहां से देर रात पौने दस बजे के करीब अपनी बाइक से वापस घर जा रहा था,जैसे ही वो मोहनलालगंज के नगर के पास स्थित रेस्टोरेंट के पास पहुंचा ही था कि हाइवे किनारे पंचर खड़े पिकप डाला में पीछे से युवक मो०जुएफ की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर जा घुसी,दुर्घटना में युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया।राहगीरो से सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिये ट्रामा टू भेजा।जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गयी।सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया।पुलिस ने मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिये भेजा।मृतक मो०जुएफ की मोहनलालगंज में मीट की दुकान थी,जिसका वो संचालन करता था।
युवक की सर्पदंश से मौत
निगोहां क्षेत्र के मदापुर मजरा हरकुंवरखेड़ा निवासी शिवम ने बताया उसका साला मोनू(20वर्ष)निवासी रानीखेड़ा थान बछरावां जनपद रायबरेली उसके घर पर ही रहता था,बीते रविवार की रात दस बजे के करीब साले मोनू की गर्दन पर जहरीले सर्प ने काट लिया,जिसके बाद देर रात उसकी हालत बिगड़ गयी।आनन फानन निजी वाहन से इलाज के लिये साले मोनू को मोहनलालगंज सीएचसी लेकर पहुंचे।जहां मौजूद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया।मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पीएम के लिये भेजा।
मिशन शक्ति के तहत प्रभारी निरीक्षक ने छात्राओं को किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को मोहनलालगंज के बेलहियाखेड़ा में स्थित यदुरई देवी विश्वनाथ प्रसाद मेमोरियल इंटर कालेज में प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने महिला पुलिसकर्मियो संग पहुंचकर छात्राओ को जागरूक करते हुये साइबर अपराधो से बचाव व उनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां दी।प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपनी आत्मरक्षा स्वयं करें। अगर उन्हें कोई शोहदा परेशान करता है तो वह इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित महिला पुलिस व संबंधित थाने में दें, जिससे संबंधित आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से महिला सुरक्षा के लिए कई कानून बनाये गए हैं। इसका सभी महिलाएं व छात्राएं प्रयोग करें।उन्होने कहा कि अगर उनके साथ कोई अपराध होता है तो वह अपने स्वजन व पुलिस से न छिपाएं। अगर अपने साथ हुए अपराध को वह छिपाएंगी तो अपराध करने वाले के हौसलें बढ़ेंगे।उन्होने छात्राओ से अपील की वे जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बने व साइबर अपराधो से सतर्क रहे तथा समाज में महिला सशक्तिकरण को बढावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।इन्होने साइबर अपराधो से बचाव पर जागरूक करते हुये कहा किसी भी अनजान ईमेल, मैसेज या सोशल मीडिया पर आए लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि यह आपके डिवाइस को मैलवेयर से संक्रमित कर सकता है।
ऑनलाइन गेमिंग के दौरान गेम जीतने के बाद मुनाफा देने का झांसा देकर पैसे ठगने वाले फ्रॉड से सावधान रहें। अपना OTP और बैंक खाते से जुड़ी किसी भी जानकारी को किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई आपको पुलिस, सीबीआई या किसी अन्य विभाग का अधिकारी बताकर कॉल करता है, तो तुरंत 1930 या 112 पर रिपोर्ट करें।यूपी काॅप,महिला हेल्प डेस्क,महिला सुरक्षा केंद्र व पिंक बूथ की भूमिका भी विस्तृत चर्चा की।महिला पुलिसकर्मियो ने छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें आत्मरक्षा का गुर बताया। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 व महिला अपराध की जानकारी देकर उनके अधिकारों के बारे में भी बताया।
दिव्यांग दुकानदार की गुमटी में अराजकत्वो ने लगायी आग,सामान जलकर हुआ राख
निगोहां थाना क्षेत्र के परसपुर ठठ्ठा निवासी दिव्यांग सुनील दीक्षित ने पुलिस से शिकायत करते हुये बताया गांव के तिराहे पर लकड़ी की गुमटी में परचून की दुकान चलाकर उससे होने वाली आमदनी से अपना जीवन यापन करते थे।दुकानदार सुनील ने बताया कि रविवार रात नौ बजे के करीब वो दुकान बंद कर घर लौट। देर रात कुछ अज्ञात अराजकत्वो ने उसकी गुमटी में आग लगा दी, जिससे उसमें रखा 40 हजार रुपये कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया।पीड़ित दिव्यांग दुकानदार ने पुलिस ने गुमटी जलाने वाले अराजकत्वो के विरूद्व कार्यवाही की मांग की।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया पीड़ित दिव्यांग दुकानदार ने अज्ञात लोगो पर गुमटी में आग लगाने की तहरीर दी है जांचकर कार्यवाही की जायेगी।
विवाहिता ने पति व ससुरालजनों पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
निगोहां थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता ने अपने पति और ससुरालजनों पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करते हुये बताया कि उसका विवाह 22 नवंबर 2024 को शिवम वर्मा निवासी हदुखेड़ा थाना सोहरामऊ जनपद उन्नाव के साथ हुआ था।विवाह में मायके वालों ने चार लाख पचास हजार रुपये नकद, एक लाख रुपये खाते में, एक लाख की चेन, 37 हजार रुपये की अंगूठी और करीब डेढ़ लाख रुपये का घरेलू सामान सहित कुल लगभग आठ लाख रुपये का दहेज दिया था।पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ ही दिन बाद पति शिवम वर्मा, ससुर लक्ष्मीनारायण, सास और जेठानी समता उर्फ कांति ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। उन्होंने सभी गहने अपने पास रख लिए और मायके से कार खरीदने के लिए रुपये लाने का दबाव बनाया। जब उसने इंकार किया तो उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई।पीड़िता के मुताबिक, 4 मार्च 2025 को उसने जब जेवर लौटाने की मांग की तो पति और सास ने कह दिया कि वे गहने बेच चुके हैं। इसके बाद उसे बुरी तरह पीटा गया और मोबाइल फोन छीन लिया गया। अंततः 13 मार्च 2025 को वह मायके लौट आई।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुरालीजनो पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी हैं।
बिना समिति सदस्य बने किसानों को नहीं मिलेगी खाद,किसानो में आक्रोश
डीएपी खाद वितरण के लिए लागू की गई नई फार्मर आईडी व्यवस्था अब किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नई व्यवस्था के तहत बिना समिति सदस्य बने किसी किसान को खाद नहीं दी जाएगी, जिससे किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। निगोहां के बैरिसालपुर स्थित बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति में सोमवार को दर्जनों किसान खाद के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। लेकिन समिति सचिव ने साफ कहा कि “बिना फार्मर आईडी के किसी को खाद नहीं मिलेगी।” इसके चलते सिर्फ कुछ ही किसानों को खाद मिल सकी जबकि बाकी किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा।किसानों ने आरोप लगाया कि फार्मर आईडी न होने पर 226 रुपए लेकर सदस्य बनाया जा रहा है, जो गलत है। किसानों ने कहा कि इस समय आलू, सरसों और गेहूं की बुआई का समय है, ऐसे में यह व्यवस्था किसानों के साथ “लूट” के समान है।किसानों रामसनेही, अवधेश, धर्मेंद्र समेत कई लोगों ने बताया कि सदस्यता के लिए आधार कार्ड, खतौनी, दो फोटो और 226 रुपए मांगे जा रहे हैं। कई किसान मजबूर होकर खाद लिए बिना लौट गए।समिति सचिव सलमान ने बताया कि “ऊपर से आए आदेश के अनुसार अब बिना समिति सदस्य बने किसी को खाद नहीं दी जाएगी। सदस्यता के लिए किसानों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा।”
खतौनी बंद,अब खाद कैसे मिलेगी…
निगोहां के चकबंदी प्रभावित गांवों के किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। शेरपुर लवल सहित कई गांवों में खतौनी निकलना बंद है, जिससे फार्मर आईडी बनवाना संभव नहीं हो पा रहा।गांव के किसान श्रावण ने कहा, “सरकार ने बिना फार्मर आईडी के खाद बंद कर दी है, लेकिन खतौनी निकल नहीं रही। अब हम बुआई कैसे करें।किसानों मांग की है कि चकबंदी वाले गांवों की खतौनी निकालने की सुविधा तत्काल बहाल की जाए या फिर पुरानी खाद वितरण व्यवस्था को अस्थायी रूप से लागू रखा जाए, ताकि किसान समय पर बुआई कर सकें।
