सरोजनीनगर:हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, युवक की मौत,क्लिक करें और भी खबरें 

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक अभिनव की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक कार नंबर UP 14 EC 2220 से हाईवे होते हुए अनौरा की ओर जा रहा था, तभी गंगानगर अमौसी के पास बिग बॉस्केट के निकट मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार चालक अभिनव पुत्र शिव मोहन, निवासी अनौरा (सरोजनीनगर, लखनऊ) गाड़ी के अंदर घायल अवस्था में फंसा हुआ था। उसे तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनीनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसा तेज गति और मोड़ पर नियंत्रण खोने से हुआ। मृतक के परिजनों को सूचित कर मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में पंचायतनामा कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया।

सरोजनीनगर में दिनदहाड़े हौंडा लिवो मोटरसाइकिल चोरी

सरोजनीनगर क्षेत्र में एक बार फिर वाहन चोरी की वारदात ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्किंग नंबर 9 के पास QA टेस्टिंग लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत कर्मचारी मनीष कुमार मिश्रा की हौंडा लिवो मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP32KY8291) 25 अक्टूबर 2025 को चोरी हो गई। पीड़ित ने थाना प्रभारी सरोजनी नगर को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई है, जिसमें मोटरसाइकिल की तलाश और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।मनीष कुमार मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि वे रोजाना की तरह सुबह 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से ऑफिस पहुंचे। दोपहर करीब 1:30 बजे लंच के लिए बाहर गए और मोटरसाइकिल ऑफिस के सामने खड़ी करके भोजन करने चले गए। वापस लौटकर दो बजे के आसपास मोटरसाइकिल फिर से ऑफिस के सामने पार्क की और काम पर लग गए। शाम को ऑफिस का समय खत्म होने पर करीब 6 बजे बाहर आए तो मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास खोजने और पूछताछ करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।

खाटू श्याम भंडारे के बाद डीसीएम वाहन के हॉर्न से विवाद,ड्राइवर और साथियों ने की मारपीट, सोने की चेन गायब, CCTV में कैद हुई घटना

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में खाटू श्याम भंडारे के समापन के बाद एक मामूली हॉर्न विवाद ने खूंखार मारपीट का रूप ले लिया। पीड़ित घनश्याम ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि DCM वाहन (नंबर UP32ZN8286) के ड्राइवर और उसके साथियों ने उन्हें और उनके स्टाफ पर हमला कर घायल कर दिया, साथ ही सोने की चेन लूट ली। पूरी घटना CCTV फुटेज में रिकॉर्ड हो गई है।घनश्याम पुत्र शिवप्रसाद, निवासी एच-12 फोर्थ फ्लोर, सेक्टर जी, एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, लखनऊ और बीबीएन कार्गो ट्रांस कंपनी के मालिक ने बताया कि 1 नवंबर 2025 को शाम 7:30 बजे उनके ऑफिस के सामने पार्किंग नंबर 5 के पास भंडारा खत्म होने के बाद सामान समेटा जा रहा था। तभी एक DCM वाहन लगातार हॉर्न बजा रहा था। विरोध करने पर ड्राइवर प्रमोद यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी।विरोध बढ़ने पर अमेश सिंह, मलिक सिंह, गंगा सिंह और कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और घनश्याम, उनके मित्र राहुल चंद्र शर्मा, स्टाफ विष्णु यादव व सूरज पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सभी के सिर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान घनश्याम की सोने की चेन और पेंडेंट गिर गया, जो आरोपी ले उड़े। हमलावर घटना के बाद फरार हो गए।पीड़ितों ने लोकबंधु अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एल्डिको शौर्य बिल्डर का सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा,सरोजनीनगर तहसील प्रशासन नोटिसों का खेल खेल रहा

सरोजनीनगर तहसील प्रशासन पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ग्राम सभा नूरनगर भदरसा में एल्डिको शौर्य बिल्डर द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने में प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है। पिछले 1.5 वर्षों से पुष्टि हो चुके इस कब्जे पर कई नोटिस जारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासी दिनेश सिंह ने प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या यह भ्रष्टाचार का नंगा खेल है।दिनेश सिंह ने सरोजनीनगर तहसील में शिकायत दर्ज कराई है। जांच में पाया गया कि ग्राम सभा नूरनगर भदरसा, परगना बिजनौर तहसील सरोजनीनगर, जनपद लखनऊ की गाट संख्या 14/0.297 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है, लेकिन मौके पर यह नाला के रूप में मौजूद है। इसी तरह, गाट संख्या 17/0.198 हेक्टेयर भूमि अभिलेखों में ऊसर के रूप में अंकित है, जो वास्तव में तालाब है। इसके अलावा, गाट संख्या 50/0.196 हेक्टेयर (कुबेर) और 50/0.39 हेक्टेयर (कुसर) भूमि पर भी बिल्डर द्वारा अतिक्रमण किया गया है।जांच रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख है कि एल्डिको शौर्य कंपनी द्वारा बनाई गई बाउंड्री वॉल के अंदर ये सरकारी भूमि आ गई है, जिससे सीमांकन संभव नहीं हो पा रहा। कंपनी ने इन जमीनों के कुछ हिस्सों पर पार्क विकसित कर लिया है। दिनेश ने मांग की है कि इन जमीनों का स्थलीय और अभिलेखीय सत्यापन कर अतिक्रमण हटाया जाए।

नोटिस तो जारी, कार्रवाई क्यों नहीं ?

तहसील प्रशासन ने 16 अप्रैल 2024 को एल्डिको शौर्य कंपनी को नोटिस जारी किया था। तहसीलदार ने इसकी पुष्टि की है, लेकिन उसके बाद कोई आगे की कार्रवाई नहीं हुई। उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर ने भी रिपोर्ट स्वीकार की, लेकिन जमीन खाली कराने का कोई प्रयास नहीं किया गया। दिनेश सिंह ने सवाल उठाया कि पिछले 1.5 वर्षों में जिलाधिकारी के दो तहसील दिवस और उपजिलाधिकारी के दो तहसील दिवस हुए, लेकिन एल्डिको शौर्य पर कोई एक्शन क्यों नहीं? इसके अलावा, दो आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रievance रिड्रेसल सिस्टम) शिकायतों के बावजूद बिल्डर को कोई सजा नहीं मिली। क्या प्रशासन सिर्फ नोटिसों का खेल खेल रहा है।

अमावां में भगवती बख्स सिंह 75 वां वार्षिक मेला कल

बंथरा थाना क्षेत्र में अमावां स्थित भगवती बख्स सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल में गत वर्षों की भांति इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा महापर्व का 75वां वार्षिक मेला 5 नवंबर 2025 (बुधवार) को बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह मेला विद्यालय के अमृत महोत्सव का भी हिस्सा है, जहां क्षेत्रवासी, पूर्व छात्र-छात्राएं और समस्त समुदाय एकत्र होकर स्वामी सागर तट पर स्थित शांति निकेतन तपोभूमि में श्री हनुमान स्वामी की कृपा का आनंद लेंगे।विद्यालय के संस्थापक स्व भगवती बक्श सिंह और स्व शीलवान सिंह की स्मृति में आयोजित इस मेले में स्वामी श्री 108 अखण्डानंद सरस्वती द्वारा निर्मित स्वामी सागर का दर्शन, हवन-पूजन और भजन-कीर्तन जैसी धार्मिक गतिविधियां होंगी। 1948 से शिक्षा की अलख जगाते इस विद्यालय ने 77 वर्षों में क्षेत्र के हर परिवार को शिक्षित कर सर्वांगीण विकास किया है।

हरौनी चौकी प्रभारी पर बच्चों को पीटने रिश्वत लेने का आरोप,तहसील समाधान दिवस में ग्रामीणों ने की शिकायत, 111 शिकायती पत्रों में 11 का मौके पर हुआ निस्तारण

सरोजनीनगर लखनऊ शनिवार तहसील सरोजनीनगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस मे कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमे से 11 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण हुआ। अन्य सभी शिकायती पत्रों को संबंधित विभाग को निस्तारण के लिए भेज दिया गया है।
बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सहिजनपुर में हरौनी पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन राजपूत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ग्रामीणों ने सरोजनीनगर तहसील समाधान दिवस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का दावा है कि चौकी प्रभारी ने नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर पीटा, जातिसूचक गालियां दीं और 20-25 हजार रुपये प्रति परिवार की रिश्वत वसूल की।शिकायत के अनुसार 30 जुलाई 2025 को शाम करीब 7 बजे गांव के तीन बच्चे अनुराग, जितेंद्र और मोती खेल रहे थे। तभी एक नशे में धुत व्यक्ति साइकिल पर आया और रास्ता छोड़ने को कहा। भागते समय उसने अपना मोबाइल फोन गिरा दिया, जिसे बच्चे उठाकर लौटाने चौकी पहुंचे। लेकिन चौकी प्रभारी अर्जुन राजपूत ने बच्चों को बिना अभिभावकों को सूचित किए बंद कर दिया और कथित तौर पर बुरी तरह मारा-पीटा।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजपूत ने 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी और धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो झूठा मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। परिवार वालों के पहुंचने पर प्रत्येक से 20-25 हजार रुपये वसूलकर बच्चों को छोड़ा गया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि चौकी प्रभारी ने बच्चों और परिजनों को जाति-आधारित अपशब्द कहे और अभद्र व्यवहार किया।घटना के बाद ग्रामीणों ने चौकी के बाहर प्रदर्शन किया, जो स्थानीय मीडिया में प्रमुखता से छपी। हालांकि, अब अर्जुन राजपूत और उनके सहयोगी ग्रामीणों पर झूठे मुकदमे ठोंकने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा गांव दहशत में है।

सरोजनीनगर में गूंजा खेल महोत्सव का शंखनाद,जोश, जूनून और टीम स्पिरिट से चमकीं युवा प्रतिभाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव-2025’ का सरोजनीनगर में भव्य शुभारंभ हुआ। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में कानपुर रोड स्थित सीएमएस जय जगत ग्राउंड पर फुटबॉल चैंपियनशिप का आगाज हुआ। सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग की आठवीं कड़ी में इंटर स्कूल और इंटर क्लब स्तर पर फुटबॉल, क्रिकेट व बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जिसमें 20 स्कूल टीमें और 21 क्लब टीमें हिस्सा ले रही हैं।

पहले दिन के रोमांचक मुकाबले,इंटर स्कूल मैच

चिरंजीवी भारती स्कूल ने अवध कॉलेजिएट को 1-0 से हराया।इंटर स्पोर्ट्स क्लब मैच: तेलीबाग यूथ क्लब ने अमौसी जूनियर एफसी को 1-0 से मात दी।मैदान पर युवाओं का उत्साह देखते बनता था। सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक नृत्य, स्कूल बैंड और एनएसएस कैडेट्स की परेड ने समारोह को यादगार बनाया।

खेलों से देश जोड़ने का संदेश

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “खेल जातिवाद तोड़ते हैं, देश जोड़ते हैं और देशप्रेम बढ़ाते हैं। युवा जितना खेलेगा, उतना स्वस्थ रहेगा और देश तेजी से आगे बढ़ेगा।” उन्होंने डॉ. दिनेश शर्मा की सरोजनीनगर पर विशेष कृपा बताते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा, “खेल समन्वय, सौहार्द और सुख-शांति लाते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में गांव की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर चमक रही हैं।” उन्होंने डॉ. राजेश्वर सिंह के समर्पण की तारीफ की।विजेता टीम को 50,000 रुपये और उपविजेता को 25,000 रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा। यह लीग युवाओं को संगठित कर खेलों से सशक्त बनाने की दिशा में डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल है।कार्यक्रम में एमएलसी रामचंद्र प्रधान, पूर्व राज्यमंत्री वीरेंद्र तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे। खेल महोत्सव क्षेत्र में खेल भावना और एकता का प्रतीक बनकर उभरा।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *