- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS|| EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
वाराणसी। गंगा की लहरों पर क्रूज, ऊपर हेलिकॉप्टर और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के कमांडो… यह कोई फिल्म का दृश्य नहीं,
बल्कि हकीकत है। यह नजारा रविवार को काशी के रविदास घाट पर देखने को मिला, जहां एनएसजी ने मॉक ड्रिल की। मॉक ड्रिल के तहत
एनएसजी को सूचना मिली कि ‘गंगोत्री क्रूज’ में आतंकी छिपे हैं। इसके बाद घाट पर तैनात कमांडो ने सुरक्षा घेरा बनाया, तभी हेलिकॉप्टर गंगा क्रूज के ठीक ऊपर पहुंचा।
एनएसजी के कमांडो क्रूज में दाखिल हुए, आतंकियों की खोजबीन करने लगे। इसके बाद आतंकियों को मार गिराने का अभ्यास किया। इस
दौरान हेलिकॉप्टर लगातार क्रूज के ऊपर मंडराता रहा। घाट पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। रविवार सुबह करीब एक घंटे तक मॉक ड्रिल चली। पहले पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को आतंकी अलर्ट भेजा गया। बताया गया कि गंगा क्रूज में आतंकियों ने यात्रियों को बंधक बना लिया है। इसके बाद धड़धड़ाते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के जवान मौके पर पहुंचे।
पुलिस और एनएसजी के जवानों ने आनन-फानन में घाट पर बैरिकेडिंग की और लोगों को घाट से दूर किया। इसके बाद एनडीआरएफ ने क्रूज
के चारों ओर बोट से घेरा बनाया। इसी बीच, क्रूज के ऊपर एक हेलिकॉप्टर पहुंचा, जिसने आतंकियों को मार गिराने का अभ्यास किया। सूत्रों के अनुसार, यह रिहर्सल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सुरक्षा तैयारियों को परखने के उद्देश्य से किया गया। आने वाले आयोजनों और पर्यटन सीजन को देखते हुए यह जांच की गई कि आपात स्थिति में सुरक्षा बल कितनी तेजी से प्रतिक्रिया दे सकते हैं।
अस्सी घाट पर बटुकों का अनोखा खेल महोत्सव,धोती कुर्ता और जनेऊ पहनकर खेला फुटबॉल
वाराणसी के ऐतिहासिक अस्सी घाट पर इस समय एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां श्री वैदिक गुरुकुलम के बटुक (छात्र) इन
दिनों पारंपरिक परिधान धोती-कुर्ता और जनेऊ पहने हुए फुटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और शतरंज जैसे खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। इसे “विंटर खेल महोत्सव” नाम दिया गया है, जो इन दिनों घाट पर आने वाले पर्यटकों के बीच भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
खेल महोत्सव की सबसे विशेष बात ये है कि खेल का पूरा संचालन और प्रसारण संस्कृत भाषा में किया जा रहा है। कमेंट्रेटर बटुक संस्कृत में खिलाडि़यों की स्थिति, गोल, रन या चाल की कमेंट्री कर रहे हैं। उदाहरण के तौर पर फुटबॉल मैच के दौरान उद्घोषणा हो रही-“सः कन्दुकं घोलयति, तेन गोलः प्राप्तः! (अर्थात् उसने गेंद घुमाई और गोल कर दिया!) यह प्रयास न केवल खेल भावना को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि संस्कृत भाषा के पुनर्जागरण का भी सशक्त उदाहरण बन रहा है।
गुरुकुलम के आचार्य पंडित तारकेश्वर नाथ पांडेय के अनुसार हमारा उद्देश्य यह है कि बटुक केवल वेद और शास्त्रों के ज्ञाता न बनें, बल्कि शारीरिक रूप से भी स्वस्थ और दक्ष हों। खेल जीवन का आवश्यक अंग है, और जब इसे भारतीय परंपरा और भाषा से जोड़ा जाए, तो यह पूर्ण शिक्षा का रूप ले लेता है। घाट पर जब बटुक धोती में दौड़ते हुए फुटबॉल खेलते हैं या शतरंज की बिसात पर गंभीर मुद्रा में सोचते हैं, तो यह दृश्य आधुनिकता और परंपरा के सुंदर संगम का प्रतीक बन जाता है। खेलों के साथ-साथ योग, ध्यान और वैदिक मंत्रोच्चार भी इस महोत्सव का हिस्सा हैं।
पुलिस ने मुठभेड़ में जहरखुरान को मारी गोली,दोनों टप्पेबाजों से हथियार-ज्वैलरी बरामद
वाराणसी की सिगरा पुलिस ने शनिवार की रात कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में शातिर जहरखुरानों को गोली मार दी। एक बदमाश गोली लगने से
घायल होकर गिर पड़ा तो दूसरा भागने की कोशिश में दबोच लिया गया। इनके पास से असलहा और इस्तेमाल हुई गोली के साथ टप्पेबाजी में
लूटे गए सोने की ज्वेलरी और कमर के जेवरात आदि बरामद हुए। लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया।
आसिफ को घायलावस्था में अस्पताल ले जाया गया और दूसरे जीशान को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़कर थाने लाया गया। कैंट स्टेशन के आसपास बाहरी पर्यटकों को जहरखुरानी कर टप्पेबाजी की तैयारी में जुटे दोनों बदमाश ऑटो चलाते थे और बातों में महिलाओं को उलझाकर लूटपाट और टप्पेबाजी करते थे। हालांकि अब दोनों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बिजनौर के निवासी आसिफ वाराणसी में कई महीनों से ऑटो चलाता था और जीशान साथ में बैठकर महिलाओं के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देता था। ये टप्पेबाजी के सभी कारनामों को ऑटो से ही किया करते थे और बाद में सारा माल बांट लेते थे। शुक्रवार को पहले इन बदमाशों ने बनारस रेलवे स्टेशन से एक महिला को बैठाया फिर वाराणसी जंक्शन पर ले जाकर छोड़ दिए। उससे टप्पेबाजी करते हुए उसके गहने पार कर दिए।
पीडि़ता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस को दोनों बदमाश हुलिया से पहचान में आ गए। इसके बाद उनकी तलाश में टीमें लग गई। शनिवार रात बदमाशों के आने की सूचना पर सिगरा थाने और रोडवेज चौकी की पुलिस की टीम ने चेकिंग शुरू कर दी।
सनबीम लहरतारा से सिगरा की ओर ये घेरेबंदी तोड़कर भागने लगे। डीआरएम ऑफिस के पास रोके जाने पर पुलिस पर ही फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में आसिफ को पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। यह देख दूसरे बदमाश जीशान ने भागने की कोशिश की, इस पर पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा।
एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी समेत फॉरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों बदमाश बिजनौर के रहने वाले हैं। वाराणसी और आसपास के इलाकों में जहरखुरानी और टप्पेबाजी सहित कई तरह के अवैध कामों में संलिप्त थे। इनके खिलाफ सिगरा थाने में पहले से ही गोकशी और गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज हैं। आसिफ ऑटो चलाता था और जीशान साथ में बैठकर महिलाओं के साथ लूटपाट किया करता था।
घर में लगी आग,लाखों का सामान जलकर राख,शॉर्ट सर्किट से हादसा
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के कपसेठी बाजार में शनिवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि
कुछ ही देर में घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है, लेकिन पीडि़त परिवार
को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, कपसेठी बाजार निवासी उषा मोदनवाल के घर में देर रात अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। पीडि़ता उषा मोदनवाल ने बताया कि उनका घर बाजार के भीतर ही स्थित है। रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद परिवार के साथ खाना खाकर सो गई थी । देर रात अचानक धुआं उठता देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया। जब तक सभी बाहर निकलते, आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी में करीब 20 हजार रुपये नकद, कूलर, पंखा, दो अटैची कपड़े, अलमारी, फ्रिज, साइकिल, रजाई, गद्दा, चीनी, मैदा, तेल समेत अन्य खाद्य सामग्री जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई गई, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।
24 महिलाओं और किशोरियों ने सिलाई व ब्यूटीशियन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया
चौबेपुर में आशा ट्रस्ट द्वारा संचालित 100 दिवसीय स्वावलंबन प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार दोपहर 3 बजे संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम के तहत
सिलाई और ब्यूटीशियन विधा में कुल 24 किशोरियों और महिलाओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में राजकीय हाई स्कूल धौरहरा की प्रधानाचार्या लक्ष्मी पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रशिक्षित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रधानाचार्या लक्ष्मी पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं और किशोरियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न कौशलों में निपुण होना आवश्यक है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में उनकी भूमिका सशक्त होती है। उन्होंने आशा ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अत्यंत उपयोगी बताया।
आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पांडेय ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को केवल सिलाई और ब्यूटीशियन कौशल ही नहीं सिखाया गया, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण ही उनके आत्मविश्वास और समानता की दिशा में वास्तविक कदम है। प्रशिक्षणार्थी निक्की और रीमा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिली है।
इस अवसर पर सरोज सिंह, श्वेता सिंह, साधना पांडेय, प्रदीप सिंह, सौरभ चंद्र, प्रवीण पांडेय, रूबी पांडेय, रंजना पांडेय, ज्योति सिंह, सनी और अवनीश सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बेबी जहां ने किया, जबकि निकिता यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
लोटा भंटा मेले की सुरक्षा समीक्षा, पुलिस ने स्थानीय लोगों संग की बैठक
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर स्थित लोटा भंटा मेले के आयोजन की पूर्व संध्या पर रविवार को रामेश्वर चौकी पर पुलिस अधिकारियों ने
स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मेले के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं पर चर्चा की गई
और उनके निवारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता एडीसीपी गोमती जोन वैभव बांगर ने की। इस अवसर पर एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार, प्रभारी निरीक्षक जंसा, प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद तथा बड़ागांव थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, रूट डायवर्जन और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती पर विशेष रूप से चर्चा की गई। एडीसीपी वैभव बांगर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति न बने, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए। इस दौरान मंदिर के महंत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए मेले को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
जनकवि धूमिल की जयंती मनाई गई
आधुनिक हिंदी कविता के प्रखर जनकवि धूमिल की जयंती रविवार को उनके पैतृक गांव खेवली में मनाई गई। इस अवसर पर साहित्यप्रेमियों,
युवाओं और स्थानीय बुद्धिजीवियों ने उनकी स्मृति को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान एक नवनिर्मित तोरण द्वार का भी उद्घाटन किया गया। जयंती समारोह की शुरुआत धूमिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। वक्ताओं ने उनकी कविताओं मोचीराम और संसद से सड़क तक को समाज में व्याप्त असमानताओं पर तीखी टिप्पणी बताया। उन्होंने कहा कि धूमिल की लेखनी ने आमजन की पीड़ा, हाशिये पर खड़े व्यक्ति के संघर्ष और व्यवस्था की विसंगतियों को बेबाकी से उजागर किया। उनकी रचनाएँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। इसी अवसर पर कोरौती-देहली विनायक मार्ग के बीच बने नवनिर्मित तोरण द्वार का विधिवत उद्घाटन किया गया। तोरण द्वार के बगल
में स्थापित मूर्ति का अनावरण जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। यह तोरण द्वार जिला पंचायत की पहल पर स्थानीय कारीगरों द्वारा पारंपरिक शिल्पकला और आधुनिक डिजाइन के मिश्रण से तैयार किया गया है।जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने इस मौके पर कहा कि यह तोरण द्वार खेवली गांव की पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह क्षेत्रीय बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन अरविंद सिंह ने किया, जिन्होंने धूमिल की कविताओं का पाठ भी किया। इस दौरान उनके जीवन संघर्षों पर आधारित एक चर्चा सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
पति ने पत्नी को पीटा,सिर, कान और आंख में गंभीर चोटें आईं
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के दल्लीपुर (ताड़ी) में एक पत्नी ने अपने पति पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने
शिकायत के आधार पर पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दल्लीपुर (ताड़ी) निवासी चित्रलेखा देवी ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे ननद श्याम कुमारी को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पति लालबहादुर ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पीटकर उन्हें घायल कर दिया। चित्रलेखा के सिर, कान और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। जब उन्होंने शोर मचाया और बेटी रश्मी पटेल बीच-बचाव के लिए आई, तो पति उसे भी मारने लगा। गांव के लोगों को आता देख लालबहादुर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पत्नी चित्रलेखा ने पति के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस को दी है। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। पति लालबहादुर पटेल को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं में जेल भेज दिया है।
