LUCKNOW CRIME: सब्जी पीसने वाले बट्टे से पति ने कर दी पत्नी की हत्या,क्लिक करें और भी खबरें

-पुलिस ने आरोपी पति को दबोचकर भेजा सलाखों के पीछे

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ ।राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में अपनी बेटी व दामाद के घर रह रहे व्यक्ति ने शराब पीने के लिए पैसे न देने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से ग्राम समाधा थाना असोहा जिला उन्नाव का रहने वाला नन्हकऊ अपनी पत्नी नन्ही देवी(58) के साथ पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के माढ़र कला में रहने वाले अपनी बेटी व दामाद के घर रह रहा था।पुलिस के अनुसार नन्हकऊ नशे का आदी है। वह अक्सर नशे में ही रहता है।इसी बात के चलते उसका पत्नी नन्ही से अक्सर विवाद होता रहता था।वह शुक्रवार की सुबह  शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था।पत्नी ने उसे पैसे नही दिए। इसी बात से गुस्साए नन्हकऊ ने पत्नी नन्ही पर सिलबट्टे का बट्टा उठाकर हमला कर दिया।इस हमले से उस महिला की  मौत हो गई। मृतका के दामाद रवि रावत के अनुसार वह एक निजी विद्यालय में वैन चलाता है। उसकी पत्नी (मृतका की बेटी) भी घर पर नहीं थी।वह कहीं काम करने जाती है वहां चली गई थी। घटना के समय घर पर मृतका व उसका पति ही था। रवि के अनुसार वह जब  ड्यूटी से घर आया तो देखा कि उसकी सास का शव खून से लथपथ  पड़ा हुआ है। वहीं पास में खून से सना हुआ सिलबट्टे का बट्टा भी पड़ा था। उसका ससुर (मृतका  का पति)  भी वही बैठा हुआ था जिसके हाथ व कपड़ों में खून लगा हुआ था।रवि ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना में दामाद रवि की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

एसडीएम के घर हुई चोरी का खुलासा तीन गिरफ्तार

मड़ियांव पुलिस ने एसडीएम के घर चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास लाखों का चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस गैंग में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है।सांई सिटी मड़ियांव की रहने वाली अनामिका श्रीवास्तव फतेहपुर में एसडीएम हैं। उनके घर में 24 अक्टूबर को रात करीब 2.30 बजे चोर घुसे और घर में रखे कीमती जेवर और नगदी चोरी करके फरार हो गए। चोर घर से गहनों के साथ-साथ डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी चुरा ले गए थे।मड़ियांव पुलिस शुक्रवार सुबह भिठौली तिराहे पर गश्त कर रही थी। एडीसीपी गोपी नाथ सोनी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि बिना नंबर के चारपहिया ग्रे गाड़ी से एसडीएम के घर चोरी करने वाले चोर सीतापुर की तरफ जा रहे है। मौके पर पहुंची टीम ने आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस अब गिरफ्तार चोरों से आगे की पूछताछ कर रही है।आरोपियों की पहचान चंदाकोडर बीकेटी निवासी जीशान गाजी उर्फ छोटू (22) पुत्र मोहम्मद इस्लाम, अबरार नगर खुर्रमनगर निवासी मोहम्मद अरशद (25) पुत्र मोहम्मद इस्लाम पैगम्बरपुर महमूदाबाद निवासी रियाज पुत्र मिराज (28) के रूप में हुई। पूरी घटना का सीसीटीवी सामने आया है। इसमें एक चोर बाउंड्री फांदता दिख रहा है। उसने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। घटना को अंजाम देने के बाद चोर घर के अंदर का डीवीआर अपने साथ ले गए। डीवीआर गायब होने की वजह से चोरी के अंदर के फुटेज नहीं मिले।एडीसीपी गोपी नाथ सोनी का कहना है कि जीशान और मोहम्मद अरशद सगे भाई हैं। दोनों शीशे का काम करते हैं। वहीं एक अन्य आरोपी रियाज कुर्ते बनाने का काम करता है। इनकी गैंग में दो अन्य आरोपी इमरान और अद्दू शामिल हैं। जो फरार हैं, जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। सभी आरोपी आदतन चोर हैं। हालांकि मोहम्मद अरशद पर गैंगस्टर साहित चोरी के 22 मुकदमें दर्ज हैं। अन्य की जानकारी जुटाई जा रही है।इस खुलासे में क्राइम टीम प्रभारी शिवानंद मिश्रा, चौकी प्रभारी अजीज नगर नितिन कुमार, उप निरीक्षक अखिलेश कुमार और उपनिरीक्षक शुभम की अहम भूमिका रही।

बैटरी चार्जिंग दुकान में लगी भीषण आग

बैटरी चार्जिंग दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही बैटरियों में लगातार ब्लास्ट होने लगे, जिससे इलाका दहल गया। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना गुडंबा थाना क्षेत्र के कुर्सी रोड पर भारत गैस एजेंसी के सामने गुरुवार देर रात हुई।सूचना मिलते ही इंदिरानगर फायर स्टेशन से एफएसएसओ इंदिरानगर दो यूनिटों के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएसओ चौक और बीकेटी से भी एक-एक फायर यूनिट रवाना की गई। चारों यूनिटों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लोअर ग्राउंड फ्लोर पर संचालित बैटरी चार्जिंग प्वाइंट में लगी थी। बैटरियों में मौजूद रसायन के चलते रुक-रुककर धमाके होते रहे, लेकिन एफएसएसओ के नेतृत्व में फायर टीम ने लगातार पानी डालकर काफी संघर्ष के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझने के बाद पता चला कि दुकान एस.आर चार्जिंग प्वाइंट में रखी लगभग 30 बैटरी और 30 चार्जर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। मिश्रपुर गांव के रहने वाले दुकान मालिक संजय ने बताया ने उनका भांजा रितेश रावत (20) भी दुकान में मौजूद था। रितेश के हाथ और पीठ आग की चपेट में आकर झुलस गए। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्काउट -गाइड डायमंड जुबली के अवसर पर 9 मार्गों पर रहेगा  डायवर्जन

भारत स्काउट-गाइड की डायमंड जुबली जंबूरी का समापन हो रहा है। इसके अलावा, 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का आयोजन समारोह 23 से 29 नवंबर तक मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीजीआई इलाके के 9 मार्गों का ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।

सेक्टर-14 नहर पुल चौराहा से वाहन सेक्टर-19 चौराहा (पिपरीखेड़ा) के बजाय सेक्टर-14 नहर पुल चौराहा से सेक्टर-12 नहर पुल चौराहा, ज्ञान सरोवर नहर पुल (ईश्वरी खेड़ा) चौराहा, चिरैयाबाग, तेलीबाग या नहर रोड, कालिंदी पार्क मोड़ होकर गुजर सकेंगे।सेक्टर-19 चौराहा (पिपरीखेड़ा) से वाहन सेक्टर-16 सपना इन्क्लेव तिराहा, सेक्टर-15 चौराहा, कार्यक्रम स्थल के बजाय सेक्टर-19 चौराहा (पिपरीखेड़ा) से कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन रोड या सेक्टर-14 नहर पुल चौराहा, उतरठिया शहीद पथ रेलवे क्रॉसिंग से वृंदावन योजना सेक्टर-7सी तिराहा से दाहिने तेलीबाग होकर गुजर सकेंगे।

सेक्टर-16 (सपना इन्क्लेव) तिराहा से वाहन सेक्टर-15 चौराहा, कार्यक्रम स्थल के बजाय सेक्टर-16 (सपना इन्क्लेव) तिराहा, सेक्टर-19 चौराहा (पिपरीखेड़ा) या ट्रॉमा सेंटर चौराहा, सेक्टर-17 नहर पुल चौराहा, आवास विकास गेट, पीजीआई तिराहा होकर गुजर सकेंगे।सेक्टर-18 (न्यू ट्रॉमा सेंटर) चौराहा से सपना इन्क्लेव सेक्टर-16 तिराहा, सेक्टर-19 चौराहा (पिपरीखेड़ा) की तरफ सामान्य ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा बल्कि यह ट्रैफिक सेक्टर-18 (न्यू ट्रॉमा सेंटर) चौराहा से दाहिने सेक्टर-17 वृन्दावन योजना, कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन रोड होकर अपने गन्तव्य को जायेगा।

सेक्टर-12 चौराहा से वाहन सेक्टर-15, कार्यक्रम स्थल के बजाय सेक्टर-12 चौराहा, ज्ञान सरोवर नहर पुल (ईश्वरी खेड़ा) चौराहा, चिरैयाबाग, तेलीबाग या नहर रोड, कालिंदी पार्क मोड़ होकर गुजर सकेंगे।ज्ञान सरोवर नहर पुल (ईश्वरी खेड़ा) चौराहा से वाहन सेक्टर-11, सेक्टर-12 नहर पुल, सेक्टर-15, कार्यक्रम स्थल के बजाय ज्ञान सरोवर नहर पुल (ईश्वरी खेड़ा) चौराहा से चिरैयाबाग, तेलीबाग या नहर रोड से कालिंदी पार्क मोड़ होकर गुजर सकेंगे।

सेक्टर-08 वृंदावन योजना शहीद पथ अंडरपास चौराहा से वाहन सेक्टर-10, सेक्टर-15, कार्यक्रम स्थल के बजाय सेक्टर-08 वृंदावन योजना शहीद पथ अंडरपास चौराहा, उतरठिया शहीद पथ रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास से दाहिने उतरठिया रेलवे स्टेशन रोड या तेलीबाग होकर गुजर सकेंगे।कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन्स शिव मंदिर तिराहा से वाहन ट्रांजिट हॉस्टल चौराहा, सेक्टर-18 सेक्टर-15 वृंदावन योजना कार्यक्रम स्थल के बजाय कल्ली पश्चिम पुलिस लाइंस शिव मंदिर तिराहा, सीएनजी पंप, मस्जिद तिराहा, हिमालयन अपार्टमेंट के पीछे से सेक्टर-16 नहर पुल वृंदावन चौराहा से बांये पीजीआई होकर गुजर सकेंगे।कल्ली पश्चिम पुलिस लाइंस गेट तिराहा से वाहन ट्रांजिट हॉस्टल चौराहा के बजाय कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन्स गेट तिराहा, बाबूखेड़ा गांव, हिमालयन अपार्टमेंट के पीछे से सेक्टर-16 नहर पुल वृंदावन चौराहा से बाएं पीजीआई होकर गुजर सकेंगे।

भ्रष्टाचार का आरोप दारोगा व सिपाही लाइन हाजिर
-बीजेपी विधायक ने देर रात सर्मथकों के साथ किया था महिंगवा थाने का घेराव

बीजेपी विधायक योगेश शुक्ला गुरुवार को अवैध वसूली और भ्रष्टाचार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद समर्थकों साथ महिंगवा थाने पहुंच गये और थाने का घेराव किया। इस दौरान थाने के दारोगा धीरेंद्र राय और सिपाही पप्पू कुशवाहा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए खरी-खरी सुनाई। विधायक की शिकायत पर डीसीपी ने एसआई और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।विधायक ने महिगवां थाना पुलिस फर्जी चालान, पीड़ितों को डराने धमकाने का काम कर रही है। विधायक के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों ने थाना परिसर में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। विधायक योगेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि महिगवां पुलिस टारगेट पूरा करने के लिए फर्जी चालान कर रही है। आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर थाने जाते हैं तो पुलिस उल्टा उसे ही धमकाती है। उन्होंने बताया- हनुमंतपुर के प्रधान शंकर चौहान की मोटरसाइकिल को दरोगा धीरेंद्र राय ने छह दिन पहले कागज होने के बावजूद सीज कर दिया था।

कैदी पर 27 लाख की ठगी का मुकदमा

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 150 करोड़ का फ्रॉड करने वाले जेल में बंद आरोपी नासिर अली और उसके साथियों पर एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। कोर्ट के आदेश पर नाका थाने में 27 लाख के फ्रॉड की स्नढ्ढक्र दर्ज हुई है। पीड़ित का आरोप है कि फर्जीवाड़ा करने वालों ने अच्छे मुनाफे का लालच दिया था।जालसाजों ने लखनऊ के राजेंद्र नगर निवासी सुभाष चंद्र गुप्ता और उनके परिवार से 27 लाख रुपए का निवेश करवाया था। उन्होंने बताया कि आरोपी खुद को अप्रूव्ड कंपनी बताकर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराते थे। इसी भरोसे में परिवार के सदस्यों कंपनी में पैसे निवेश करवाए। इन लोगों ने 2022 से 2024 तक मंथली ब्याज देने का वादा किया था। शुरुआत में भुगतान हुआ फिर अचानक बंद कर दिया गया। पैसे मांगने पर धमकी दी गई। सुभाष गुप्ता ने बताया कि उन्होंने नाका हिंडोला थाने और पुलिस आयुक्त को कई बार शिकायतें भेजी। लेकिन स्नढ्ढक्र दर्ज नहीं हुई। जिसके बाद वो कोर्ट पहुंचे जहां से आदेश होने के बाद मुकदमा दर्ज हुआ।

सऊदी करेंसी बदलने के बहाने दो लाख रुपए लेकर भागा

राजधानी के  महानगर के निशातगंज में कॉस्मेटिक दुकान चलाने वाले व्यापारी के साथ सऊदी अरब की करेंसी दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने असली विदेशी नोट दिखाकर भरोसा जीता और सौदे के नाम पर व्यापारी से दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने निशातगंज थाने में तहरीर दी है।निशातगंज सब्जी मंडी स्थित पांचवीं गली निवासी गुल्लू सोनकर पुल के नीचे कॉस्मेटिक की दुकान चलाते हैं। गुल्लू ने बताया कि 14 नवंबर को एक युवक दुकान पर आया और सामान खरीदने के बाद बातचीत में बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करता है और कूड़े में उसे सऊदी अरब की करेंसी मिली है। युवक ने 50-50 रियाल के दो नोट दिखाते हुए भारतीय करेंसी के बदले इसे बेचने की बात कही।गुल्लू ने नोटों की जांच के लिए अमीनाबाद के करेंसी एक्सचेंज शॉप पर दिखाया। दुकानदार ने नोटों को बदलकर 2200 रुपए दिए। असली नोट मिलने पर गुल्लू ने युवक से फोन करके बातचीत की। अगले दिन युवक ने बताया कि उसके पास 300 और नोट हैं और सौदा तय करने के लिए एसएसपी ऑफिस के पीछे मिलने को कहा। गुल्लू तय समय पर 2 लाख रुपए लेकर मौके पर पहुंचा। वहां युवक अपने साथी के साथ मिला और कपड़े में बंधा नोटों का बंडल गुल्लू को थमा दिया। जैसे ही गुल्लू बंडल खोलना लगा। दोनों युवक उनका पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।पीड़ित ने पीछा करने की कोशिश की लेकिन दोनों आरोपी फरार हो गए। गुल्लू ने कपड़े में बंधा बंडल खोला तो उसमें अखबार के रोल मिले। पीड़ित ने दोनों मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया मगर नंबर बंद मिले। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *