-पति गंभीर रूप से घायल, पत्नी को भी चोटें; आरोपी चालक मौके से फरार
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ।थाना बंथरा क्षेत्र के जुनाबगंज रोड पर बीते 7 नवंबर 2025 को शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। उन्नाव जिले के थाना असोहा क्षेत्र के ग्राम जोरावगंज निवासी आरती (उम्र लगभग 24 वर्ष) पत्नी लक्ष्मी नारायन ने थाना बंथरा में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि वह अपने पति लक्ष्मी नारायन (उम्र करीब 27 वर्ष) पुत्र रामकुमार के साथ मोटरसाइकिल (नंबर UP32/NJ/3645) पर सवार होकर मोहनलालगंज-जुनाबगंज रोड होते हुए जुनाबगंज जा रही थीं। पति खुद मोटरसाइकिल चला रहे थे और आरती पीछे बैठी थीं।तभी उम्मेदखेड़ा रोड की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (नंबर UP41/AH/3383) के अज्ञात चालक ने लापरवाही से मुख्य जुनाबगंज रोड पर आते हुए उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पति लक्ष्मी नारायन को गंभीर चोटें आईं, जबकि प्रार्थिनी आरती को भी मामूली चोटें लगीं। उनकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद आरोपी मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। बंथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सराहनीय सहयोग से गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी नारायन को तुरंत प्रसाद हॉस्पिटल, सराय शहजादी बंथरा में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज अभी जारी है।आरती ने 19 नवंबर 2025 को थाना बंथरा में तहरीर देकर अज्ञात आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मंत्री बेबी रानी मौर्य ने रामचौरा आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
-बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को हॉट कुक मील (पोष्टिक भोजन) किया गया वितरित
उत्तर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित रामचौरा बंथरा आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में चल रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और बच्चों एवं अभिभावकों से सीधा संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री का आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद अभिभावक-आंगनवाड़ी मीटिंग का आयोजन हुआ जिसमें बच्चों ने गीत प्रस्तुत किए, निशाना खेल जैसी शारीरिक गतिविधियों में भाग लिया तथा “चमकते बच्चे” कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट बच्चों को प्रशस्ति-पत्र और सम्मान प्रदान किया गया। सभी बच्चों में फल वितरित किए गए तथा तीन बच्चों को विदाई प्रमाण-पत्र देकर विदाई दी गई।मंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं, पोषण सामग्री, रिकॉर्ड-रजिस्टर एवं स्वच्छता की विस्तृत समीक्षा की और कार्यकर्त्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। केंद्र में आने वाली महिलाओं व बच्चों के सुझाव भी दर्ज किए गए। इस अवसर पर गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार की रस्में भी पूरी कराई गईं।कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को हॉट कुक मील (पोष्टिक भोजन) वितरित किया गया।निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग लीना जौहरी, आईसीडीएस निदेशक सरनीत कौर ब्रोका, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयश कुमार तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी (सरोजनी नगर) शैलेंद्र सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार
थाना सरोजनीनगर पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर एक महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और मंदिर में फर्जी शादी रचाकर फरार हो जाने वाले अभियुक्त को आज गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 15 नवंबर 2025 को थाने में तहरीरी शिकायत दी थी कि उसकी दोस्ती अनौरा निवासी आदित्य यादव उर्फ सन्तोष यादव (23 वर्ष) से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में अपने साथियों की मदद से एक मंदिर में झूठी शादी कर उसे छोड़कर फरार हो गया।मामले में थाना सरोजनीनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 389/2025 धारा 69/351(3)/352 बीएनएस (शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म, आपराधिक धोखाधड़ी आदि) के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 318(4)/61(2) बीएनएस हटा दी गई थीं।मुखबिर की सूचना पर गुरुवार की शाम नादरगंज तिराहा एयरपोर्ट बाउंड्री के पास से अभियुक्त आदित्य उर्फ सन्तोष यादव पुत्र रामदेव यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम अनौरा, थाना सरोजनीनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यूपीएसआईडीए सीईओ विजय किरण आनंद की पहल
-सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र को मॉडल इंडस्ट्रियल एरिया बनाने का संकल्प
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीएसआईडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरण आनंद ने आज सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर उद्योगपतियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र निर्माता संघ के महासचिव रितेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ को 8 सूत्री ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने वालों में रितेश श्रीवास्तव, नीलमणी वर्ष्णेय, अशोक चावला सहित अन्य उद्योगपति शामिल थे।
सीईओ विजय किरण आनंद ने मौके पर ही जल निगम के ठेकेदार को कार्य में देरी के लिए फटकार लगाई और समयसीमा के भीतर काम पूरा न करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में स्वयं पौधारोपण किया और पूरे क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने को कहा।उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए सीईओ ने आश्वासन दिया कि सभी वैध मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र को उत्तर प्रदेश का मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
“मुख्य कार्यकारी अधिकारी का यह दौरा हमारे लिए ऐतिहासिक है। उनकी सकारात्मक सोच और त्वरित निर्देशों से हमें पूर्ण विश्वास है कि बहुत जल्द सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र एक आदर्श क्षेत्र के रूप में उभरेगा।”
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गुमशुदा 7 साल के बच्चे को बरामद किया
थाना सरोजनीनगर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मात्र 24 घंटे के अंदर गुमशुदा 7 वर्षीय बच्चे आयुष को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चा पिछले चार दिन से लापता था। जानकारी के अनुसार, आवेदक मोनू पुत्र विश्वेश्वर यादव (निवासी ग्राम हंसरा, थाना जहांगीराबाद, जिला बाराबंकी, वर्तमान पता- न्यू गडौरा, थाना सरोजनीनगर ने बीती रात थाने में उपस्थित होकर लिखित तहरीर दी कि उनका पुत्र आयुष (आयु लगभग 7 वर्ष) दिनांक 16 नवंबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से लापता हो गया था। बच्चे की काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला था।आवेदक की तहरीर पर थाना सरोजनीनगर में मु0अ0सं0 392/2025 धारा 137(2) भारत न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना उपनिरीक्षक पंकज सरोज को सौंपी गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षारी के निर्देश पर थाना प्रभारी सरोजनीनगर द्वारा दो विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी व मानवीय खुफिया तंत्र का सहारा लेते हुए गुरुवार की दोपहर करीब 2 बजे राजकीय बाल शिशु गृह, प्राग नारायण रोड, संजय गांधी नगर, लखनऊ से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
विधायक की छवि पर साजिश, काले कारोबारियों का खेल
-संपन्न हुए सन 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इन लोगों ने किया था विरोध
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक राजेश्वर सिंह की साख को धूमिल करने की एक सुनियोजित साजिश चल रही है। इससे वो भले ही अनजान हैं, लेकिन इससे उनका नुकसान आने चुनाव में हो सकता है यह जरूर आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायक के खिलाफ खड़े होने वाले कुछ अवैध काले कारोबार से जुड़े लोग अब उनके करीब पहुंचकर उल्टे-सीधे काम लें रहे हैं। इनकी हरकतों से न केवल भाजपा की क्षेत्रीय छवि खराब हो रही है, बल्कि विधायक द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर भी ग्रहण लग रहा है। जबकि हकीकत यह भी है कि जिस तरीके से विकास कार्यों को लेकर विधायक द्वारा लगातार क्षेत्र के लिए प्रयास कर उसे विकसित किया जा रहा है, उसकी तस्वीर भी पर दिखाई दे रही है, परंतु यह विकास कुछ ऐसे लोगों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जा रहा है। जिन्हें जनता देखना तक भी पसंद नहीं करती और जो भी कुछ आम जनता के लिए विकास कार्य उनके द्वारा पहुंचने का जिम्मा दिया गया है वह जनता तक न पहुंचा कर स्वयं का या फिर अपने चंद लोगों तक ही दिया जा रहा है। इसका मलाल भी लोगों के अंदर बना हुआ है।क्षेत्रीय लोगों और जानकारों का कहना है कि ये लोग जमीनों पर अवैध कब्जा करने, ब्लैकमनी के कारोबार और अन्य गैरकानूनी धंधों में लिप्त हैं। सफेदपोश की आड़ में चल रहे इन काले कारनामों से जनता का शोषण आम बात हो गई है। “ये लोग पहले विधायक के खिलाफ थे, अब उनके आसपास घूमकर पार्टी और विधायक की इमेज खराब कर रहे हैं। उनकी खराब कार्यशैली जगजाहिर है, लेकिन फिर भी ये बेखौफ हैं,” एक स्थानीय निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया।इनकी गतिविधियां विकास कार्यों को प्रभावित कर रही हैं। विधायक राजेश्वर सिंह द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे सड़क, पानी, बिजली और अन्य विकास पर इनकी साजिश भारी पड़ रही है। मतदाताओं में असंतोष बढ़ रहा है, क्योंकि ये लोग जनता को विधायक से दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।
2027 चुनाव में विपक्ष की भूमिका
लोगों में चर्चा जोरों पर है कि आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में ये कारोबारी विधायक के साथ नहीं रहेंगे। बल्कि, विपक्ष की भूमिका निभाकर भाजपा को नुकसान पहुंचाएंगे। “यह इनका पुराना पैंतरा है। 2022 में भी इन्होंने खिलाफत की थी, अब फिर वही खेल। लोग इनसे अच्छी तरह वाकिफ हैं,” एक अन्य मतदाता ने कहा।विधायक को जगाने की जरूरत:क्षेत्रीय जानकारों का मानना है कि अगर विधायक राजेश्वर सिंह ने अभी इन पर गौर नहीं किया तो समय हाथ से निकल जाएगा। इसका खामियाजा 2027 के चुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ सकता है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि इन लोगों की घुसपैठ को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है, वरना क्षेत्र की जनता का विश्वास डगमगा सकता है।सरोजनीनगर में विकास की रफ्तार बरकरार रखने और पार्टी की छवि बचाने के लिए विधायक को इन ‘काले भेड़ों’ पर नकेल कसनी होगी। क्या भाजपा नेतृत्व इस साजिश को समय रहते समझ पाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
रॉंग साइड से आए ट्रक ने कार को मारी टक्कर,युवक घायल
थाना बंथरा क्षेत्र के आजाद गेस्ट हाउस के पास बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वन-वे रोड पर रॉंग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (नंबर UP35H9830) ने लखनऊ जा रही मारुति ईको कार (नंबर UP32 NP 5120) को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में कार चला रहे 25 वर्षीय रोहित रावत पुत्र राजाराम निवासी ग्राम रामचौरा थाना बंथरा गंभीर रूप से घायल हो गए। कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल रोहित को राहगीरों ने बचाया और तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित पिता राजाराम ने थाना बंथरा में लिखित तहरीर देकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और रॉंग साइड में आने के कारण दुर्घटना कारित करने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिक सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
एसीपी ने थाना बंथरा का किया निरीक्षण ,गहन जांच कर दिए सुधारात्मक निर्देश
सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा द्वारा बुधवार को थाना बंथरा का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान एसीपी ने मालखाना, शस्त्रागार, अभिलेखागार तथा थाना कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों की गहनता से जांच की। सभी रजिस्टरों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने, मालखाने में मुद्दाल सामग्री के सुरक्षित व सुसज्जित भंडारण तथा शस्त्रागार में हथियारों के समुचित रख-रखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।इसके अतिरिक्त थाना परिसर की साफ-सफाई, बीट सूचना प्रणाली, अपराध समीक्षा तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित व प्रभावी निस्तारण की भी विस्तृत समीक्षा की गई।निरीक्षण के अंत में एसीपी कृष्णानगर ने थाना स्टाफ को कर्तव्यपरायणता, अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया।
