-बच्चों व गर्भवती महिलाओं को मिला अधिक सुरक्षा कवच
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। मातृ मृत्यु दर, नवजात एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाने तथा पोलियो, टीबी, निमोनिया, डायरिया, मीजल्स सहित 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए सरोजनीनगर क्षेत्र में नियमित टीकाकरण अभियान ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस वर्ष अप्रैल से नवंबर तक पिछले साल की तुलना में टीकाकरण सत्रों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष अप्रैल-नवंबर 2024 तक 40,468 टीकाकरण सत्र आयोजित हुए थे, जबकि इस वर्ष अब तक 44,572 सत्र हो चुके हैं। इसी अवधि में 0-5 वर्ष के 78,465 बच्चों व 28,763 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण हुआ था, जो इस बार बढ़कर क्रमशः 83,582 बच्चों और 36,109 गर्भवती महिलाओं तक पहुंच गया है। जबकि अभी पूरे वर्ष के चार महीने शेष हैं।डॉ. सिंह ने कहा, “टीके पूरी तरह सुरक्षित हैं। टीका लगने के बाद हल्का बुखार आना यह दर्शाता है कि टीका प्रभावी ढंग से काम कर रहा है। घबराने की कोई जरूरत नहीं। अब रविवार को भी सभी चिकित्सा इकाइयों पर मुफ्त टीकाकरण हो रहा है। पांच साल में सात बार टीकाकरण करवाकर बच्चे का भविष्य सुरक्षित करें।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव ने बढ़ोतरी के कारण बताते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र के 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व जिला अस्पतालों में सप्ताह के सातों दिन, 54 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 6 दिन तथा 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर महीने में कम से कम दो दिन या जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही टीकाकरण सत्र अब लाभार्थी के घर से 500 मीटर की दूरी पर ही लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को काफी सुविधा हुई है।
आशा कार्यकर्ताओं, अन्य स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से छूटे हुए बच्चों व गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उन्हें प्रेरित किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।अधिकारियों ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपने बच्चों व गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण करवाएं ताकि जिले को इन जानलेवा बीमारियों से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।
प्लाट बेचकर दोबारा कब्जा, धमकी देकर भगाया,कानपुर निवासी ने डीसीपी साउथ को दी तहरीर, जांच के बाद मुकदमा दर्ज
बंथरा थाने पर पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है जिसमें प्लांट बेचकर दोबारा कब्जा करना और धमकाया जाना शामिल है। डीसीपी साउथ के आदेश के बाद एसीपी कृष्णा नगर ने जांच की और फिर अभियोग पंजीकृत किया गया।सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम औनला में एक बड़ी प्लाट धोखाधड़ी और अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। कानपुर नगर के नौबस्ता क्षेत्र निवासी अजीत कुमार निगम ने आज सीधे डीसीपी साउथ कार्यालय में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने वर्ष 2018 में गोमती नगर के एमजी बिल्डर्स से और फिर 12 नवंबर 2021 को आशुतोष कुमार बाजपेयी से 1500 वर्ग फुट का प्लाट खसरा नं. 44, प्लाट नं. A-1/127 क्रय किया था। पूरा पैसा देने के बाद बैनामा, दाखिल-खारिज और बाउंड्री-गेट लगवाकर कब्जा भी ले लिया था।हाल ही में जब वह अपने प्लाट पर गए तो देखा कि आशुतोष बाजपेयी, दिलीप बाजपेयी और उनके अज्ञात साथियों ने जेसीबी मशीन से बाउंड्री वॉल तुड़वा दी, गेट व ईंटें उठवा लीं और प्लाट पर अवैध कब्जा कर लिया। इसकी शिकायत उन्होंने IGRS पोर्टल पर की, लेकिन आरोपी पुलिस बुलावे पर थाने नहीं आए। उल्टे थाने के बाहर पीड़ित को रोककर धमकी दी, जान से मारने की धमकी दी और कहा –अब अपना प्लाट भूल जाओ, दोबारा कहीं शिकायत की तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
जुनाबगंज में बस ने मोटरसाइकिल को पीछे से मारी टक्कर,पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल, मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त
बंथरा थाना क्षेत्र जुनाबगंज स्थित रमाडा होटल के सामने उस समय चीख-पुकार मच गई जब तेज रफ्तार यात्री बस (नंबर UP25DT4247) ने एक मोटरसाइकिल (नंबर UP35L0162) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घायल मोटरसाइकिल चालक अरविन्द कुमार त्रिपाठी पुत्र स्व. उमाकान्त त्रिपाठी (निवासी ग्राम एवं पोस्ट कुसुम्भी, थाना कोतवाली अजगैन, जिला उन्नाव) ने बताया कि वे बुधवार 19 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 3:05 बजे अपनी पत्नी को लखनऊ में डॉक्टर को दिखाकर मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहे थे। तभी रमाडा होटल के ठीक सामने पीछे से आ रही बस ने उनकी मोटरसाइकिल में जबरदस्त टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और चोटिल हो गए।हादसे के तुरंत बाद अरविन्द कुमार त्रिपाठी ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन किया।
सूचना मिलते ही पुलिस हेल्पलाइन 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। घायल ने बस ड्राइवर की फोटो भी अपने मोबाइल से खींच ली थी, जिसे उन्होंने मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया।अरविन्द कुमार त्रिपाठी ने बंथरा थाने में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बस को कब्जे में लेने और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ उचित वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
आठ साल का मासूम आयुष घर से निकला लापता
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के न्यू गुडौरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब 8 वर्षीय बच्चा आयुष यादव रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बच्चे के पिता मोनू यादव ने थाने में दी गई लिखित तहरीर में बताया कि घटना 16 नवंबर 2025 की है।मोनू यादव ने बताया कि वह मूल रूप से ग्राम हसरा पोस्ट जहांगीराबाद, जिला बाराबंकी का निवासी है और फिलहाल अपनी पत्नी प्रियंका व 8 साल के बेटे आयुष के साथ न्यू गुडौरा में किराए के मकान में रहता है।
16 नवंबर को सुबह वह और उसकी पत्नी प्रियंका अपने-अपने काम पर चले गए थे। जब दोनों शाम को घर लौटे तो आयुष घर पर नहीं था।परिजनों के अनुसार आयुष मां प्रियंका के पीछे-पीछे घर से निकला था और टी.पी. नगर की ओर जाने वाले 2 शहीद पथ की तरफ चला गया। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका है। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।लापता बच्चे की पहचान एवं कपड़े:नाम: आयुष यादव उम्र: लगभग 8 वर्ष पिता का नाम: मोनू यादव पता: न्यू गौंडा, सरोजनीनगर, लखनऊ (किराए का मकान) कपड़े: काले रंग का लोअर और फिरोजी रंग की शर्ट परिजन बेहद परेशान हैं और बच्चे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं। सरोजनीनगर पुलिस ने प्रार्थना-पत्र के आधार पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
सरोजनीनगर में एस आई आर प्रक्रिया में भारी अनियमितता,बंथरा की ग्राम सभा सराय शहजादी में BLO पर गंभीर आरोप
-प्रधान प्रतिनिधि ने SDM को दी लिखित शिकायत
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2025 की चल रही मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में सरोजनीनगर क्षेत्र के कई गांवों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की मनमानी सामने आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि BLO न तो खुद घर-घर जाकर फॉर्म वितरित कर रहे हैं और न ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं। इसके बजाय सैकड़ों फॉर्म गांव के चुनिंदा एक-दो व्यक्तियों को थमा दिए जा रहे हैं, जो अपने हिसाब से और अपने करीबियों को ही फॉर्म बांट रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण, खासकर अशिक्षित और बुजुर्ग मतदाता परेशान हैं।
ताजा मामला बंथरा अंतर्गत ग्राम सभा सराय शहजादी का है, जहां भाग संख्या 219 पर तैनात BLO कुमुद चौधरी (कुशुम चौधरी) पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के सक्षम अधिकारी (PRC सरोजनीनगर) को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत में लगाए गए मुख्य आरोप
BLO कुशुम चौधरी ने सारे SIR फॉर्म (फॉर्म-12, 13 आदि) गांव के एक ही व्यक्ति को दे दिए हैं।वह व्यक्ति अपने मनमुताबिक और भेदभावपूर्ण तरीके से फॉर्म बांट रहा है।BLO खुद गांव नहीं आ रही हैं और न ही घर-घर जाकर फॉर्म वितरित व संग्रह कर रही हैं।जब शिकायतकर्ता ने फोन पर बात की तो BLO के पति ने धमकाते हुए कहा, “मैं सीधे SDM साहब से बात कर लूंगा, जो करना है कर लो, मैं ऐसे ही काम करवाऊंगा”।जिन ग्रामीणों को फॉर्म भरना नहीं आता या जो साक्षर नहीं हैं, वे पूरी तरह परेशान हैं।कई घरों में अभी तक फॉर्म ही नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार को शिकायत प्रधान प्रतिनिधि अंकुर प्रताप सिंह और एक गांव के रहने वाले लाल बहादुर ने मिलकर दी है।ग्रामीणों ने मांग की है कि BLO के खिलाफ तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा हो सके।ज्ञात हो कि चुनाव आयोग ने इस बार विशेष गहन पुनरीक्षण में BLO को घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करने और मतदाताओं की सहायता करने के सख्त निर्देश दिए हैं। लेकिन सरोजनीनगर ब्लॉक के कई गांवों में यही शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं कि BLO अपना काम गांव के प्रभावशाली लोगों के भरोसे छोड़ रहे हैं, जिससे आम ग्रामीण हक से वंचित हो रहा है।
