LUCKNOW:पुलिस झण्डा दिवस पर डीजीपी ने लगाया राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को पुलिस झण्डा

-राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी पुलिसजनों को दी शुभकामनाएं

-पुलिस मुख्यालय के प्रांगण में हुआ ‘पुलिस झण्डा दिवस’ का आयोजन

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ:पुलिस झण्डा दिवस 2025 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को पुलिस झण्डा (स्टीकर) लगाया गया एवं पुलिस झण्डा प्रतीक चिन्ह भें ट किया गया।इसके आलावा पुलिस मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।उ0प्र0 पुलिस के 74वें पुलिस झण्डा दिवस के मौके पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी पुलिसजनों को शुभकामनाएं दी।पुलिस झण्डा दिवस 2025 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय के प्रांगण में ‘पुलिस झण्डा दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस ध्वज को ध्वज स्तम्भ के निकट ससम्मान लाया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा व पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पुलिस ध्वज का अभिवादन किया गया एवं बैण्ड द्वारा ‘सारे जहाँ से अच्छा’ धुन बजायी गयी।

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस तथा समर्पित सेवा के लिए ‘पुलिस कलर’ अर्थात पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह गौरव प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का प्रथम राज्य पुलिस बल है। पुलिस ध्वज दिवस केवल एक औपचारिक तिथि नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की विरासत, अनुशासन और कर्तव्यबोध का जीवंत प्रतीक है, जो हर वर्ष बेहतर से बेहतर सेवा के लिए निरंतर प्रेरणा देता है। हम ऐसे ध्वज को नमन कर रहे हैं जो शौर्य से जन्मा, निष्ठा से पला और बलिदानों से सींचा गया है।यह शौर्यगाथाओं का अमर धरोहर है, जो प्रत्येक क्षण कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि 23 नवम्बर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरवशाली, ऐतिहासिक एवं अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। शक्ति एवं निष्ठा के प्रतीक लाल और नीले रंग का यह ध्वज उत्तर प्रदेश पुलिस को एक गौरवमयी पहचान दी है। पुलिस ध्वज के फहराने और उसके प्रति सम्मान प्रदर्शित करते समय प्रत्येक पुलिस कर्मी में आत्माभिमान की अनुभूति होती है और कर्तव्यनिष्ठा की नई ऊर्जा का संचार होता है। जो हमें नये जोश और उत्साह के साथ कर्तव्यपालन के लिए प्रेरित करती है। उत्तर प्रदेश पुलिस केवल एक बल ही नहीं, बल्कि 25 करोड़ नागरिकों का विश्वास है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस ने कानून-व्यवस्था को केवल बनाए रखने तक सीमित न रखकर, इसे सामाजिक भरोसे में परिवर्तित किया है।जीरो टॉलरेंस नीति के तहत माफियाओं और संगठित अपराधियों का प्रभावी सफाया किया है।ऑपरेशन कन्विक्शन के माध्यम से अपराधियों को कानून के शिकंजे में कसने का कार्य किया है।ऑपरेशन त्रिनेत्र एवं ऑपरेशन पहचान के माध्यम से तकनीक का प्रहरी बनाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया है।मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए, इसे महिलाओं की सहायता के लिए एकल केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया है।

प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों व जागरूकता के माध्यम से अभिन्न अंग बनाया गया जनजागरण

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि यूपी-112, एसटीएफ, एटीएस, एनटीएफ जैसे विशेष बलों ने आधुनिक पुलिसिंग का एक नया अध्याय लिखा है।साइबर अपराध से लड़ाई को जहां एक ओर 1930 के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के हाथों तक पहुंचाया है, वही प्रत्येक थाने पर प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों तथा  जागरूकता के माध्यम से इसे जनजागरण का अभिन्न अंग बनाया गया है। रोड दुर्घटना में जनहानि को 50% कम करने में बीड़ा उठाया है तथा योजनाबद्ध रुप से इस ओर कार्य शुरु किया है।प्रशिक्षणरत 60,000 पुलिस कर्मियों के जिलों व थानों पर पहुंचने से पूर्व ही, इस विशाल बल में उनकी उपयोगिता व नागरिकों को बेहतर सर्विस तथा पूरे बल के समर्पण को नई ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिये अपने कदम बढ़ाये हैं।पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि यह केवल सुधार की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के पुनरुत्थान की कहानी है। उन्होंने अपने सभी साथियों और सहयोगियों केव्यावसायिकता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए गर्व व्यक्त किया।

लगातार आगे बढ़ कर प्राप्त करेंगे ध्येय

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कार्यक्रम के अंत में कहा कि इस ध्वज दिवस पर सभी पुलिसकर्मी यह संकल्प लें कि उत्तर प्रदेश पुलिस को विश्व की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने के लिए हर दिन, हर पल हम पूरी ऊर्जा के साथ, पूरे विश्वास के साथ और पूरे व्यावसायिकता के साथ न केवल लगातार आगे बढ़ते रहेगे बल्कि अपने इस गोल को, इस ध्येय को प्राप्त करके ही दम  लेंगें। हमारी इस यात्रा में उ0प्र0 पुलिस का ध्वज, हमारा पुलिस कलर एक ध्रुव तारे की तरह, हमारे इस अटल उद्देश्य को हमें हमेशा याद दिलाता रहेगा।पुलिस महानिदेशक ने इस मौके पर पुलिस बल को पुलिस झंडा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।

पुलिस झंडा दिवस यह अफसर रहे मौजूद

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक ई0ओ0डब्ल्यू/यूपी-112, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवें, अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक, अपर पुलिस महानिदेशक मानवाधिकार, अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे ।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *