LUCKNOW:”पैर में गोली, जेवरात का बैग लूट”…,क्लिक करें और भी खबरें

-गोसाईगंज: अमेठी में सरेआम दहशत, ज्वेलर सचिन वर्मा घायल, पुलिस की 3 टीमें लगीं पीछे

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ। दिनदहाड़े फायरिंग, पैर में गोली और जेवरात से भरा बैग लूटकर लुटेरे फरार… गोसाईगंज पुलिस को 23 जून की रात 8:30 बजे ऐसी सूचना मिली जिसने पूरे अमेठी कस्बे को हिला दिया।

“सईद नगरामी की दुकान के पास हुआ हमला”

कटारा वार्ड, अमेठी निवासी सचिन वर्मा पुत्र स्व. श्रीराम कुमार वर्मा, 38 वर्ष अपनी ज्वेलरी की दुकान “रामबाग, अमेठी” बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। सईद नगरामी की दुकान के पास घात लगाए बैठे 3 अज्ञात बदमाशों ने सचिन को रोक लिया। विरोध करने पर पैर में गोली मार दी और जेवरात से भरा बैग व स्कूटी छीनकर अंधेरे में गायब हो गए। गोली की आवाज से इलाका कांप उठा।

PHC से सिविल अस्पताल रेफर

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोसाईगंज फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। घायल सचिन को तुरंत PHC गोसाईगंज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शनउच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

तहरीर के आधार पर FIR दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। लूट और फायरिंग के इस केस के अनावरण के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्र में सघन चेकिंग चल रही है। आसपास की दुकानों और मकानों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का हुलिया और बाइक नंबर मिल सके।गोसाईगंज पुलिस ने कहा – “शीघ्र अनावरण और गिरफ्तारी के लिए हर जरूरी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।” अब देखना ये है कि इटावा के “यक्ष ऐप” वाली स्पीड लखनऊ में भी दिखती है या नहीं।

जानकीपुरम: “6 साल का बेटा गायब”…

-मां की आंखों का तारा 2 घंटे में ढूंढ लाई लखनऊ पुलिस, CCTV ने खोल दिया रास्ता

बच्चे के गुम होने का डर… हर मां-बाप का सबसे बड़ा खौफ। जानकीपुरम में सोमवार को यही खौफ हकीकत बन गया था। पर लखनऊ पुलिस ने 2 घंटे के अंदर बच्चे को ढूंढकर मां की गोद में लौटा दिया।”बिना बताए कहीं चला गया बेटा”23 जून 2026 को सेक्टर-H, जानकीपुरम निवासी श्रीमती निशा पत्नी विनोद कुमार थाना पहुंचीं। आंखों में आंसू लिए बोलीं – “मेरा 6 साल का बेटा बिना बताए कहीं चला गया है।” सूचना मिलते ही थाना जानकीपुरम की टीम हरकत में आई।CCTV ही बना रक्षकटीम ने फौरन इलाके के CCTV कैमरे चेक करने शुरू किए। कैमरों की फुटेज से बच्चे के जाने का रास्ता ट्रेस किया गया। टीम ने गली-गली तलाश कर कुछ ही देर में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बेटे को पाकर निशा की आंखें भर आईं। उन्होंने थाना जानकीपुरम पुलिस टीम की भर-भर कर तारीफ की। पुलिस की इस तत्परता से पूरे मोहल्ले ने राहत की सांस ली।बरामदगी टीम: उ0नि0 अंकित कुमार, का0 कृष्ण कुमार वर्मा, म0का0 जोनी।बड़ी घटनाओं के बीच ये छोटी जीत भी जरूरी है। लखनऊ पुलिस ने साबित किया – FIR से लेकर “लाडले को ढूंढने” तक, वर्दी हर जिम्मेदारी निभाती है।

गोमतीनगर: पुजारी को टक्कर मारकर “इलाज” के बहाने जंगल में फेंका…

-24 घंटे में पुलिस ने खोला राज, 3 गिरफ्तार, 1 नाबालिग हिरासत में

इंसानियत शर्मसार… सिद्धकामेश्वर मंदिर के पुजारी को थार से टक्कर मारकर घायल हालत में जंगल में फेंक दिया गया। उपचार के नाम पर धोखा दिया गया। पर लखनऊ पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।”इलाज कराएंगे” कहकर मौत के हवाले कर दिया

22 जून 2026 को गोमतीनगर विरामखण्ड-2 स्थित सिद्धकामेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी धृष्टद्युम्न शरण मिश्र ने तहरीर दी कि मंदिर में सेवा करने वाले सहयोगी पुजारी देवकुमार दुबे, 42 वर्ष, निवासी चन्दौका, अम्बेडकरनगर को थार UP51BP7011 ने टक्कर मार दी। आरोपी घायल को अस्पताल ले जाने का झांसा देकर गाड़ी में बैठा ले गए और इंदिरानगर सेक्टर-19 के जंगल में छोड़कर भाग गए। समय पर इलाज न मिलने से देवकुमार दुबे की मौत हो गई।

हुसड़िया पुल के पास गिरफ्तारी

थाना गोमतीनगर की टीम ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्य से अर्पित मिश्रा 18 वर्ष, प्रिंस तिवारी 19 वर्ष, पुष्पेन्द्र कनौजिया 18 वर्ष को हुसड़िया पुल के पास से दबोचा। एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि विरामखण्ड-1 देवा पैलेस के पास थार बैक करते समय लापरवाही से टक्कर लगी थी। फिर सबूत मिटाने के लिए घायल को जंगल में छोड़ दिया। धारा 281/125B/240 व बढ़ोत्तरी धारा 3(5)/105/238 BNS में केस दर्ज है। घटना में प्रयुक्त काली थार बरामद कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश चन्द्र तिवारी की टीम ने कार्रवाई की।

साइबर ठगों का पर्दाफाश: “बेटे” के नाम से व्हाट्सएप कर 18 लाख ठगे…

-ग्वालियर से 3 गिरफ्तार, 5.50 लाख फ्रीज

मोबाइल हैक, फर्जी कॉन्टैक्ट, USDT की जालसाजी… साइबर क्राइम ब्रांच ने मनी ट्रेल चलाने वाले गिरोह को दबोच लिया। 3 शातिर गिरफ्तार, 5.50 लाख रुपये फ्रीज।

“पापा, अर्जेंट पैसे भेजो” का जाल

5 मई 2026 को टीराज इंडस्ट्रीज के कुलवंत सिंह के ऑफिस के व्हाट्सएप पर बेटे के नाम से मैसेज आया – “बहुत जरूरी काम है, तुरंत पैसे भेजो।” अकाउंट्स डिपार्टमेंट ने भरोसा कर 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में असली बेटे से पूछा तो पता चला ठगी हो गई।ग्वालियर से पकड़े गए 3 शातिर
ACP अपराध किरन यादव ने तुरंत टीम बनाई। जांच में डिजिटल फुटप्रिंट ग्वालियर MP तक पहुंचे। साइबर थाना लखनऊ की टीम ने भीष्म भदौरिया, हर्ष आर्य, अमित सिंह भदौरिया – तीनों निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार किया।

कैसे करते थे ठगी ?

मालवेयर वाली APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक करते थे। फिर कॉन्टैक्ट से छेड़छाड़ कर असली इंसान के नाम पर अपना नंबर सेव कर देते थे। रकम म्यूल खातों में मंगवाकर तुरंत USDT क्रिप्टो में बदल देते थे। USDT डॉलर के बराबर होता है, इससे पैसों का ट्रेल मिट जाता है। पर ब्लॉकचेन पर सब रिकॉर्ड रहता है। उसी से पुलिस इन तक पहुंची। 5.50 लाख फ्रीज हुए हैं।

पुलिस की अपील: अज्ञात लिंक/APK डाउनलोड न करें। सिर्फ कॉन्टैक्ट का नाम देखकर पैसे न भेजें, फोन पर कन्फर्म करें। साइबर ठगी पर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।

3. दुबग्गा: नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का आरोप…

-11 साल के आरोपी को पुलिस संरक्षण में लिया, केस दर्ज

थाना दुबग्गा क्षेत्र में 23 जून 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली कि एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।प्रार्थना पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की संवेदनशीलता देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी, उम्र करीब 11 वर्ष, को पुलिस संरक्षण में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बालिका का चिकित्सीय परीक्षण और साक्ष्य संकलन कराया जा रहा है। जांच निष्पक्ष और गहनता से होगी। दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ऑपरेशन कन्विक्शन: पत्नी को परेशान कर फांसी पर लटकाने वाले पति को 5 साल की सजा…

-10 हजार जुर्माना

डीजीपी के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत लखनऊ पुलिस और अभियोजन की पैरवी रंग लाई। मा0 न्यायालय स्पेशल जज आयुर्वेद घोटाला ने थाना निगोहां के केस में पति को दोषी करार दिया।

क्या था मामला ?

12 मई 2017 को पार्वती देवी की बेटी गुड़िया ने ससुराल में पति रामप्रसाद पुत्र रामनाथ, निवासी बख्तौरीखेड़ा, निगोहां से परेशान होकर छत के कुंडे से दुपट्टे से फांसी लगा ली थी। 3 महीने पहले ही कोर्ट मैरिज हुई थी।फैसला: धारा 306 IPC में अभियुक्त रामप्रसाद को 5 वर्ष सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। जुर्माना न देने पर 2 महीने अतिरिक्त सजा। जेल में बिताई अवधि समायोजित होगी।थानाध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी, हे0का0 अरविन्द की पैरवी से सजा संभव हुई। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने कहा – अपराधी कितना भी पुराना केस हो, बचेगा नहीं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *