सरोजनी नगर :रोड लाइट का तार टूटने के शक में तीन लोगों ने युवक को पीटा,क्लिक करें औऱ भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के रामचौरा में बीते रविवार शाम एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक सौरभ रावत ने थाना बन्थरा में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रोड लाइट का तार टूटने के शक में तीन लोगों ने मिलकर उसे लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा।
पीड़ित सौरभ रावत पुत्र पच्चू लाल, निवासी लालाखेड़ा, थाना बन्थरा ने बताया कि वो 30 नवंबर 2025 को शाम करीब 7 बजे रामचौरा स्थित गुलाब बैंड की दुकान पर काम करने गया था। इसी दौरान इलाके के ही समीर पुत्र नसीम, वसीम (पिता का नाम अज्ञात) और सूरज रावत पुत्र नरेश रावत ने उसे घेर लिया और तार तोड़ने का झूठा आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। तीनों ने लाठी-डंडों से वार किए, जिससे सौरभ के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।सौरभ ने जब मदद के लिए चिल्लाया तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा, “इस बार तो बच गए, अगली बार जान से मार देंगे।पीड़ित सौरभ रावत ने तुरंत बन्थरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लिव-इन पार्टनर ने शादी का झांसा देकर 5 साल तक शारीरिक शोषण किया

महिला थाना हजरतगंज क्षेत्र में  एक 25 साल की युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवती ने बताया कि ग्राम सिकंदरपुर, थाना बंथरा निवासी अंशू गौतम (मो. नं. ने शादी का झूठा वादा करके पिछले 5 साल से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और बार-बार शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता के अनुसार, दोनों परिवारों को उनके रिश्ते की पूरी जानकारी थी और दोनों के घरों पर आवागमन भी होता था। जब भी वह शादी के लिए दबाव डालती, अंशू तरह-तरह के बहाने बनाता रहा। एक महीना पहले जब पीड़िता की मां ने अंशू और उसके परिजनों से बात की तो अंशू ने दहेज में चार पहिया गाड़ी और नकदी की मांग की। मना करने पर उसने धीरे-धीरे दूरी बनानी शुरू कर दी।हाल ही में पीड़िता को पता चला कि अंशू गौतम ने 9 अप्रैल 2025 को किसी दूसरी लड़की की गोद भराई कर ली है। इस खबर से आहत होकर अंजली ने सबसे पहले स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। मजबूरन उसने 6 जुलाई 2025 को महिला थाना हजरतगंज में लिखित शिकायती पत्र दिया।पीड़िता ने थाना प्रभारी से शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक शोषण करने, धोखाधड़ी तथा उचित दहेज मांगने के आरोप में अंशू गौतम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर गाली-गलौज मारपीट

बंथरा थाना क्षेत्र के गांव कुरौनी में 30 नवंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे एक युवती के साथ छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पीड़िता मानसी लोधी पुत्री स्व मनीराम लोधी ने थाना बंथरा में दी गई लिखित तहरीर में बताया कि वह रात में अपने घर पर थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला अमन रावत पुत्र राकेश रावत उनके दरवाजे पर आया और बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मानसी ने उसे मना किया तो अमन ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।शोर सुनकर मानसी का भाई आशीष और छोटी बहन अंजू वहां पहुंचे तो अमन रावत ने दोनों के साथ भी मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।पीड़िता मानसी लोधी ने थाना बंथरा में तहरीर देकर आरोपी अमन रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शांतिनगर में जनसंपर्क चौपाल का सफल आयोजन 

-एसीपी रजनीश वर्मा ने नागरिकों को सुरक्षा व जागरूकता के टिप्स दिए

मंगलवार को सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शांतिनगर में सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा की अध्यक्षता में जनसंपर्क चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया और क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर खुलकर चर्चा की गई।चौपाल में प्रमुख रूप से निम्न मुद्दों पर जागरूकता अभियान चलाया गया :अवैध अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक मार्गों को खाली रखने की अपील शराब ठेकों के बाहर विशेष चेकिंग अभियान की जानकारी साइबर फ्रॉड, OTP शेयरिंग व फिशिंग से बचाव के टिप्स चोरी-लूट रोकथाम के लिए बढ़ाई गई गश्त व सुरक्षा उपाय NCRP पोर्टल व साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत की प्रक्रिया
पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से जमीनी विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण घर, दुकान व मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की सलाह हेलमेट, सीट बेल्ट व ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090, 112, 1098 हेल्पलाइन व मिशन शक्ति की जानकारी अनजान फेरीवालों व संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने व तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील एसीपी रजनीश वर्मा ने नागरिकों से अपील की कि पुलिस और जनता मिलकर ही अपराध मुक्त व सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं। चौपाल में उपस्थित लोगों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पुलिस-जनता सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

61 वर्षीय आरोपी सुनील सिंह गिरफ्तार

 थाना सरोजनीनगर क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। स्कूल वैन चलाने वाला 61 वर्षीय चालक सुनीत सिंह उर्फ सुनील सिंह पुत्र रामचंदर (नि. बंधन बैंक वाली गली, गंगानगर, अमौसी) नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ कर रहा था।पीड़िता मात्र 8 वर्षीय बच्ची है जो पिपरसंड स्थित स्टडी हॉल स्कूल में कक्षा 3 में पढ़ती है और इसी वैन से रोज स्कूल आती-जाती थी। बच्ची की मां ने 1 दिसंबर को थाने में तहरीर दी, जिसके बाद तुरंत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।मामला दर्ज होते ही थाना सरोजनीनगर की टीम ने तेजी दिखाई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुनीत सिंह को अमौसी बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया।

सात दिसंबर को श्री साई बाबा का भव्य महाभिषेक एवं विशाल भंडारा

-शिरडी के साईं बाबा का आशीर्वाद लेने का सुनहरा अवसर – “बाबा का बुलावा”

सबका मालिक एक” के संदेश को साकार करते हुए ओम श्री साई प्रताप सेवा ट्रस्ट, कटी बगिया द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी श्री साई बाबा का भव्य महाभिषेक एवं विशाल साईं भंडारा आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम 7 दिसंबर 2025 (रविवार) को होगा।महाभिषेक  प्रातः 8 बजे से तथा विशाल साईं भंडारा प्रातः 9 बजे से साईं इच्छा तक (अर्थात देर रात तक प्रसाद वितरण जारी रहेगा। यह कार्यक्रम श्री साई हरि प्रेम धाम, कटी बगिया तिराहा, हरौनी रोड, बन्थरा, लखनऊ में होगा। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष हरनाम सिंह (नेता जी) नें बताया कि समस्त साईं परिवार ने सभी साईं भक्तों से सादर अनुरोध किया है कि सपरिवार पधारकर बाबा के गुणगान में शामिल हों, महाभिषेक का पुण्य लाभ लें और असीम प्रसाद ग्रहण करें।“श्रद्धा और सबुरी” का संदेश देने वाले परम पूज्य श्री साई बाबा के इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपना जीवन धन्य करें।

सरोजनीनगर में दहेज लोभियों की क्रूरता 

-गर्भवती पत्नी को पीट-पीटकर घर से निकाला, बच्चे सहित सड़क पर छोड़ा

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में दहेज के लालची ससुरालियों ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। नवविवाहिता आसिया ने थाने में दी तहरीर में खुलासा किया है कि शादी के महज दो साल के अंदर उसके पति मोहम्मद सलमान, सास मेराज जहां, ससुर अब्दुल मोईद, ननद फलक नाज, जेठ मोहसिन सिद्दीकी और जेठानी शैला सिद्दीकी ने उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया।महिला का आरोप है कि शादी (1 जनवरी 2023) में उसके मायके वालों ने हैसियत से ज्यादा दहेज दिया, फिर भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। गौना के दिन से ही पूरे परिवार ने मिलकर उसे ताने मारने शुरू कर दिए कि “तुम्हारे घर वालों ने हमें ठग लिया, कार और लखनऊ में मकान नहीं दिया।”आसिया ने बताया कि जब वह गर्भवती हुई तब भी ससुराल वालों ने कोई देखभाल नहीं की और उसे जबरन मायके भेज दिया। मायके में ही उसने एक बेटे को जन्म दिया, सारा खर्च मायके वालों ने उठाया। पति ने उसे वापस ले जाने से बार-बार इंकार किया। बाद में कोर्ट से रेस्टिट्यूशन ऑफ कंजुगल राइट्स (रुखसती) का मुकदमा किया। 11 फरवरी 2025 को कोर्ट में दिखावटी समझौता कर उसे वापस बुलाया गया, लेकिन समझौते के सिर्फ 13 दिन बाद यानी 24 फरवरी 2025 को फिर से कार और मकान की मांग करते हुए पूरे परिवार ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और बच्चे समेत घर से निकाल दिया।
महिला ने तहरीर में लिखा है:मेरे पिता जीवित नहीं हैं, एक अकेला भाई कमाता है। मैं कार-मकान कहां से लाऊं? यह सुनते ही सभी लोग आग-बबूला हो गए और मुझे मारते-पीटते घर से भगा दिया।आसिया ने अपने जेवर, कपड़े और शादी का सारा सामान भी ससुराल वालों द्वारा छीन लिए जाने की शिकायत की है। उसने पति द्वारा बार-बार यह धमकी देने का भी जिक्र किया है कि “इस भिखारिन को तलाक देकर दूसरी शादी कर लूंगा, जहां खूब दहेज मिलेगा।महिला ने सरोजनी नगर थाने में तहरीर देकर सभी छह लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज और क्रूरता के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज र लिया है और आवश्यक कार्यवाही करने में लगी है।

बंथरा पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर“टेरा”को किया गिरफ्तार

बन्थरा थाना क्षेत्र में कपड़े की दुकान से अवैध हफ्ता मांगने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने वाले थाना क्षेत्र के शातिर हिस्ट्रीशीटर अर्पित पटेल उर्फ टेरा (30 वर्ष) को बन्थरा पुलिस ने महज 2 घंटे के अंदर धर दबोचा। 1 दिसंबर की शाम की है जब लतीफनगर स्थित “कैप्टन क्लॉथ हाउस” पर दुकानदार के भाई कैप्टन यादव मौजूद थे। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर टेरा वहाँ पहुँचा और नशे की लत पूरा करने के लिए पैसे की मांग करते हुए धमकी दी। शिकायत मिलते ही बन्थरा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की और मात्र 2 घंटे में अभियुक्त को रहीमनगर पड़ियाना से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में टेरा ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और नशा व अन्य खर्चों के लिए पैसों की मांग की थी। मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही उसने अपना तमंचा कहीं फेंक दिया, जिसकी तलाश की जा रही है।अभियुक्त के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, अवैध लकड़ी कटान, मारपीट, धमकी और NDPS जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। वह थाना बन्थरा का हिस्ट्रीशीटर नंबर 03-ब है और उसकी हिस्ट्रीशीट इसी साल 21 नवंबर 2025 को खोली गई थी।मुकदमा क्रमांक 410/2025 धारा 352/308(5)/351(3) BNS के तहत दर्ज किया गया है।

एक स्मार्ट क्लास पूरी पीढ़ी की दिशा बदल सकती-राजेश्वर

-सरोजनीनगर के विधायक ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में खोला 33 वाँ स्मार्ट क्लासरूम

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को एनवायरमेंट वारियर्स अभियान के आठवें चरण में पीलीभीत टाइगर रिजर्व क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हुसैननगर, अमरिया में 33वाँ स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण किया। टाइगर रिजर्व के प्राकृतिक परिवेश में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण बच्चे, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।डॉ. सिंह ने कहा, “एक स्मार्ट क्लास पूरी पीढ़ी की दिशा बदल सकती है। यह सिर्फ प्रोजेक्टर या कंप्यूटर नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पना और जिज्ञासा का दरवाजा है। अब गाँव की कक्षा में बैठा बच्चा NASA के प्रयोग देख सकता है, IIT-ऑक्सफोर्ड के प्रोफेसरों से सीख सकता है और वैश्विक स्तर की शिक्षा पा सकता है।”उन्होंने जोर देकर कहा कि स्मार्ट क्लास गाँव-शहर और गरीब-अमीर के बीच की खाई को मिटाती है। “हर स्मार्ट क्लास में एक भविष्य का वैज्ञानिक, डॉक्टर या नेता छुपा है; बस जरूरत है उस स्क्रीन को जलाने की।”विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र सरोजनीनगर के हर विद्यालय में स्मार्ट क्लास स्थापित करने का संकल्प दोहराया और सभी प्रबंधकों-प्राचार्यों से अपने कार्यालय से संपर्क करने का आग्रह किया।कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर भी बल दिया गया। डॉ. सिंह ने कहा कि वन्यजीव और वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। ग्रामीणों से जैव-विविधता बचाने और पर्यावरण को जीवनशैली बनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर ग्रामीणों को कंबल और बच्चों को स्टेशनरी वितरित की गई। मात्र 27 दिन पहले 5 नवंबर को चोखापुरी में दिए गए संकल्प को आज साकार कर डॉ. सिंह ने फिर दिखाया कि उनके वादे खोखले नहीं होते।कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य प्रबल प्रताप सिंह, मुनीश पाठक, अध्यापिका हेमलता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को ग्रामीण शिक्षा में क्रांति बताया।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *