LUCKNOW:14 सड़क परियोजनाओं हेतु पीसीयू में शिथिलीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत

-मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ: प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में आज विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में उच्च विशिष्टियों एवं पीसीयू शिथिलीकरण हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत 71,192.39 लाख रुपये की 14 प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) में शिथिलीकरण के प्रस्तावों को मुख्य सचिव ने स्वीकृति प्रदान की।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण किया जाए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा, यातायात जाम की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।इन स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत जनपद रामपुर में 8545.39 लाख रुपये की लागत से शाहबाद-रामपुर-बाजपुर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-144) के तहसील स्वार में 8.500 किलोमीटर लम्बा बाईपास, जनपद आगरा में 2449.12 लाख रुपये से कस्बा बरहन का 3.950 किलोमीटर बाईपास तथा 5330.00 लाख रुपये से कस्बा कागारोल का 5.000 किलोमीटर बाईपास, जनपद बदायूँ में 7502.50 लाख रुपये से बदायूँ-बिजनौर मार्ग से बिल्सी नगर तक 7.00 किलोमीटर बाईपास तथा 4220.00 लाख रुपए की लागत से पुवायां-तिलहर-दातागंज-बदायूँ मार्ग (राज्य मार्ग-126) के दातागंज आबादी भाग में 9.000 किलोमीटर बाईपास, जनपद मथुरा में 12526.22 लाख रुपये से बरसाना बाईपास मार्ग का 6.600 किलोमीटर चार लेन निर्माण, जनपद गोंडा में 2042.03 लाख रुपये से परसपुर 5.000 किलोमीटर बाईपास, जनपद उन्नाव में 2294.88 लाख रुपये से मौरावा आबादी भाग पर 2.60 किलोमीटर बाईपास तथा 358.15 लाख रुपये से बक्सर (माँ चन्दिका देवी मन्दिर) पर 0.500 किलोमीटर बाईपास, जनपद झाँसी में 989.16 लाख रुपये से दबोह-पुंछ-गुरसराय-टीकमगढ़ मार्ग पर समथर कस्बे में 2.250 किलोमीटर बाईपास का नव निर्माण किया जाएगा।

इसी क्रम में जनपद मिर्जापुर में 3555.77 लाख रुपये से देवरी हरबरा-मध्य प्रदेश बार्डर मार्ग की 10.500 किलोमीटर लम्बाई, जनपद वाराणसी में 8168.39 लाख रुपये की लागत से ग्राम रमना में प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क हेतु 1.550 किलोमीटर चार लेन एवं 0.750 किलोमीटर दो लेन (कुल 2.300 किलोमीटर), जनपद मिर्ज़ापुर में 7147.43 लाख रुपये से डगमगपुर से इंडियन ऑयल टर्मिनल हिनौती तक 7.450 किलोमीटर चार लेन मार्ग तथा जनपद उन्नाव में 6063.35 लाख रुपये की लागत से बिलग्राम-उन्नाव-प्रयागराज मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-38) के किलोमीटर 71.00 से 85.00 तक 15.00 किलोमीटर मार्ग का दो लेन पेव्ड शोल्डर सहित चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण किया जाएगा। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण  अजय चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *