- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। आज आयोजित होने वाले यूपी दिवस-2026 कार्यक्रम और इसके बाद गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। ठाकुरगंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से लेकर चारबाग, हजरतगंज, विधानसभा और केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक सुरक्षा और सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार 24 जनवरी को ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित बसंत कुंज के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर यूपी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मलिहाबाद, मुंजासा, बाजनगर किसानपथ, कसमंडी, छन्दोईया बाईपास, दुबग्गा, भिठौली और कुड़ियाघाट जैसे इलाकों से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाला भारी, वाणिज्यिक और सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को किसानपथ, मोहान रोड, दुबग्गा, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा और अन्य वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य की ओर मोड़ा जाएगा।
चारबाग से हजरतगंज तक डायवर्जन
गणतंत्र दिवस परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल (24 जनवरी) और मुख्य समारोह (26 जनवरी) को देखते हुए चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने बाल विद्या मंदिर क्षेत्र को सुबह छह बजे से पूरी तरह बंद रखा जाएगा। आलमबाग, मवैया, कैसरबाग, रविन्द्रालय, केकेसी, राणा प्रताप चौराहा और लोको चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा
ताकि परेड की टुकड़ियों की तैनाती और आवाजाही सुचारु रह सके।
विधानसभा मार्ग 25 जनवरी से पूरी तरह बंद
यातायात पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी को दोपहर दो बजे से विधानसभा के सामने बैठने, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं के चलते हजरतगंज चौराहे से रॉयल होटल (बापू भवन) तक का मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान केवल विशेष कार पास वाले वाहनों को ही सीमित प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि सामान्य यातायात को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। हजरतगंज चौराहा, मेफेयर तिराहा, परिवर्तन चौक और केडी सिंह बाबू स्टेडियम के आसपास के इलाकों में तय समय के बाद वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गोमतीनगर, महानगर, निशातगंज और कैसरबाग की ओर से आने वाले यातायात को गांधी सेतु, संकल्प वाटिका, हनुमान सेतु, क्लार्क अवध और कैंट क्षेत्र की ओर मोड़ा जाएगा। परेड और रिहर्सल के दौरान रोडवेज और सिटी बसों के रूट भी बदले जाएंगे। चारबाग, हजरतगंज और केडी सिंह बाबू स्टेडियम की ओर जाने वाली बसों को आलमबाग, कैंट, गांधी सेतु और अन्य वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा ताकि शहर के प्रमुख समारोह स्थलों पर जाम की स्थिति न बने।
विशेष पार्किंग व्यवस्था और मीडिया के लिए निर्देश
गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित अतिथियों के लिए विधानसभा, लोक भवन और कैपिटल तिराहा क्षेत्र में विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के वाहनों को त्रिलोकीनाथ रोड और जनपथ मार्केट पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाली बसों को प्रेरणा केंद्र तिराहे के पास निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।
आपात सेवाओं को छूट, हेल्पलाइन जारी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर सर्विस, शव वाहन और स्कूली वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन के बावजूद सहायता दी जाएगी। किसी भी चिकित्सकीय आपात स्थिति में नागरिक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
