LUCKNOW:अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ। राजधानी के अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। दुबग्गा इलाके में दोस्त के साथ बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में ब्लिंकइट के कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं गोमती नगर विस्तार इलाके में बाइक फिसलने से रिटायर्ड सैनिक की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

अलीगंज सबोली सेक्टर-सी निवासी धीरज (30) टेढ़ी पुलिया सब्जी मंडी में आढ़त का काम करते थे। भाई लवकुश ने बताया- शुक्रवार शाम दोस्त चंदा के साथ बुलेट बाइक से निकले थे। दोनों काकोरी में रहने वाले दोस्त अजय के घर बर्थडे पार्टी में गए थे। वहां से लौट रहे थे। तभी रात करीब 11 बजे घैला पुल पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने धीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदा का इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस का कहना है अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी। उधर करौरवा नगराम निवासी शिवम कुमार (20) पुत्र भारत लाल ब्लिंकइट में नौकरी करता था। शुक्रवार शाम अपनी बाइक से नगराम से खुजौली की तरफ आ रहा था। तभी पेट्रोल पंप से पहले अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत कर दिया। चचेरे भाई गोविंद ने बताया घटना की सूचना शनिवार सुबह 7 बजे पुलिस के जरिए मिली। शिवम ने 10 दिन पहले ही बिलिंकिट  में नौकरी ज्वाइन की थी। नौकरी करने के लिए अपनी मामा की एचएफ डीलक्स गाड़ी ली थी। उसी से लौटते समय हादसा हो गया। शुभानी खेड़ा तेलीबाग निवासी ओवैस खान (61) आर्मी से रिटायर्ड है। शनिवार सुबह परेड की रिहर्सल के लिए जा रहे थे। जी 20 रोड पर सुबह करीब 8:00 बजे उनकी बाइक स्लिप हो गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटआई। पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

ई रिक्शा की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल

राजधानी के पारा थाना पारा क्षेत्र में बुद्धेश्वर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के पति की शिकायत पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र गुप्ता, पुत्र वासुदेव गुप्ता, निवासी रिविएरा ग्रीन्स रोड लान, काकोरी, लखनऊ ने थाना पारा में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सविता गुप्ता 20 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे अपनी दुकान से बुद्धेश्वर चौराहे की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान, पीछे से आ रहे ई-रिक्शा के चालक ने वाहन को लापरवाही और अत्यधिक तेज गति से चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सविता गुप्ता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महिला को उठाकर इलाज के लिए बुद्धेश्वर विमला अस्पताल एंड कैंसर सेंटर, लखनऊ पहुंचाया। सविता गुप्ता का इलाज अस्पताल में जारी है।

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में ई-रिक्शा चालकों द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बुद्धेश्वर चौराहे और आसपास के इलाकों में ऐसी दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से इस पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी ई-रिक्शा चालक की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *