सरोजनीनगर:अजय राय की राजेश्वर पर विवादित टिप्पणी से भड़का जनाक्रोश,क्लिक करें और भी खबरें

-सरोजनीनगर में हजारों ने निकाला विरोध मार्च और किया पुतला दहन

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN  
  • EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई आपत्तिजनक और निराधार टिप्पणी ने क्षेत्र की जनता में भारी रोष पैदा कर दिया। रविवार को अजय राय द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को सरोजनीनगर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।लगभग 5,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों ने एकजुट होकर अजय राय का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लिए जोरदार नारेबाजी की। मुख्य नारे गूंजते रहे—“अजय राय होश में आओ”, “राहुल गांधी–कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “अजय राय मुर्दाबाद”।प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

लोगों का कहना था कि डॉ. राजेश्वर सिंह की ईमानदार और बेदाग छवि को धूमिल करने के लिए ऐसे आधारहीन आरोप लगाए जा रहे हैं। समर्थकों ने चेतावनी दी कि यदि अजय राय सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, तो आंदोलन और तेज होगा।ठंड और बारिश के बावजूद जनता का उत्साह नहीं टूटा। शहीद पथ मोड़ से होटल हॉलिडे इन तक विशाल मार्च निकाला गया, जहां कांग्रेस और अजय राय के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने अजय राय के राजनीतिक इतिहास को भी उजागर किया—कभी सपा, कभी भाजपा में रहकर अवसरवाद की राजनीति करने वाले अजय राय को बार-बार चुनावी असफलता मिली, जिसकी कुंठा में वे ईमानदार नेताओं पर सस्ती बयानबाजी करते हैं।

जनता ने याद दिलाया कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय में रहते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, जिसमें कांग्रेस के कई बड़े चेहरों पर शिकंजा कसा गया। इसी वजह से आज अजय राय की बदजुबानी सामने आ रही है।प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह न केवल सरोजनीनगर, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए आदर्श जनप्रतिनिधि हैं। उनके खिलाफ अपमानजनक राजनीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि माफी नहीं मांगी गई, तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।

प्रदर्शन में भाजपा के प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें शंकरी सिंह, राजेश सिंह, रमा शंकर त्रिपाठी, कर्नल दयाशंकर दुबे, गणेश जोशी, रंजीत रावत (चेयरमैन प्रतिनिधि बंथरा), सुनील रावत (ब्लॉक प्रमुख), पार्षद के एन सिंह, पार्षद लवकुश रावत, पार्षद द्रोपती रावत, संजीव मिश्रा फंटन, रमापति तिवारी, मनीष शुक्ला, पंकज त्रिपाठी और कई अन्य शामिल थे। क्षेत्रीय जनता की बड़ी संख्या ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।

बन्थरा थाने में सर्राफ व्यवसाय से लूट का मुकदमा दर्ज

थाना बन्थरा क्षेत्र के बनी में बुधवार शाम को ज्वैलर्स दुकानदार जय सिंह रावत के साथ बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने असलहा दिखाकर सर्राफ का जेवरों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
प्रथम सूचना के अनुसार, जय सिंह रावत पुत्र हरिश्चन्द्र, निवासी ग्राम व पोस्ट बनी, थाना बन्थरा, जनपद लखनऊ अपनी दुकान “उदय ज्वेलर्स” जुनाबगंज में शाम करीब 7:15 बजे बंद करके घर बनी की ओर जा रहे थे। बनी-मोहान मार्ग पर शराब ठेके के सामने से होते हुए बनी पावर हाउस के आगे (रामलखन रावत के घर के थोड़ा आगे) दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।एक बाइक पर दो लोग और दूसरी पर एक व्यक्ति सवार था। बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर जोरदार लात मारकर गिरा दिया, फिर धारदार चाकू व असलहा दिखाकर धमकी दी। उन्होंने पीड़ित के काले बैग में रखे जेवर छीन लिए और कटी बगिया, बनी-मोहान रोड की ओर भाग निकले।

बदमाशों ने सोने का जेवर लगभग 20 ग्राम,चांदी का सामान: पायल, चेन, बिछिया, ब्रेसलेट, अंगूठी आदि – कुल वजन लगभग 8 से 9 किलोग्राम।अन्य: दुकान की चाबी, संबंधित कागजात, बिल-बुक, कुछ नकद राशि छीन लिया  ।पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जांच में सीसीटीवी फुटेज और आसपास के गवाहों से पूछताछ की जा रही है।

सरोजनीनगर में रियल एस्टेट धोखाधड़ी का मामला

-पुलिसकर्मी की पत्नी से 7.5 लाख ठगे, जान से मारने की धमकी

उत्तर प्रदेश पुलिस के कन्नौज जिले में मुख्य आरक्षी पद पर तैनात संजय सिंह परमार की पत्नी निकिता सिंह ने मजेस्टिक्स इंफ्रा डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड (MAZESTIX INFRA DEVELOPER PVT. LTD.) के खिलाफ गंभीर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

निकिता ने लखनऊ में बच्चों की शिक्षा के लिए प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई थी।ब्रोकर प्रांशु दीक्षित (मो. 63933XXXXX) और अमन दुबे ने कन्नौज में संपर्क कर दरोगा खेड़ा के पास प्लॉटिंग प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। 2023 में परिवार के साथ लखनऊ आने पर प्रांशु ने संपर्क किया और कंपनी के डायरेक्टर सुमिता मिश्रा (पति स्व. विनय मिश्रा, निवासी कौशलपुरी, आलमबाग, लखनऊ), साक्षी धवन, नीलम दीक्षित से मिलवाया।1250 स्क्वेयर फीट प्लॉट (PLC + डेवलपमेंट चार्ज सहित) 14,38,750 रुपये में देने का वादा किया गया। बातचीत और पेमेंट के लिए प्रांशु को अधिकृत किया गया।30 अप्रैल 2024 को अतुल स्वरूप सिंह के खाते से 50,000 रुपये का चेक प्रांशु को दिया गया।
30 जुलाई 2024 को विजय सिंह के खाते से RTGS द्वारा कंपनी के खाते (061163300002208) में 7 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।रजिस्ट्री के लिए बार-बार पूछने पर टालमटोल किया गया। 25 मार्च 2025 को प्रांशु ने कलांदी पार्क के आगे ग्रीन बेल्ट में मिलने को कहा। वहां पहुंचने पर प्रांशु, अमन दुबे और 4-5 अज्ञात लोगों ने धमकी दी – “फोन मत करना, न प्लॉट मिलेगा, न पैसा वापस, फोन किया तो जान से मार देंगे।”निकिता सिंह (निवासी बर्रा 3, कानपुर नगर, मो. 93056XXXXX) ने 26 सितंबर 2025 को NCRB में शिकायत दर्ज कराई है।

सरोजनीनगर सड़क हादसे में युवक की मौत

-अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, भाई ने थाने में दी तहरीर रिपोर्ट दर्ज

सरोजनीनगर क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर के पास 32 बटालियन के सामने राजपूत ढाबा के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार रावत (पुत्र गोविन्द प्रसाद रावत) के रूप में हुई है, जो मुंशी खेड़ा थाना क्षेत्र के निवासी थे।
घटना की जानकारी मृतक के छोटे भाई कुलदीप कुमार रावत ने सरोजनीनगर पुलिस को दी। कुलदीप ने तहरीर में बताया कि दिनांक 15 दिसंबर 2025 को उनका बड़ा भाई अनिल कुमार रावत घर से सामान लेने ट्रांसपोर्ट नगर जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनसे टक्कर मार दी। इससे अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने उन्हें तुरंत लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी हालत बिगड़ने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद कुलदीप ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरोजनीनगर में प्रेमी के साथ पत्नी को बेडरूम में पकड़ा

-पति पर चाकू से जानलेवा हमला; आरोपी मौके पर गिरफ्तार

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के सैनिक सोसाइटी निवासी चंदन द्विवेदी ने अपनी पत्नी के साथ आकाश सिंह (पुत्र मनोज सिंह, निवासी E-281, सेक्टर FLDA कॉलोनी) के अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए एक गंभीर मामला दर्ज कराया है। पीड़ित ने तहरीर में बताया कि कई दिनों से आकाश सिंह उनकी पत्नी के साथ गलत संबंधों में था। पूर्व में भी आरोपी ने उनसे मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी। रात्रि करीब 12 बजे घर में घुसने की सूचना नौकरानी से मिली। इसके बाद चंदन अपने दो मित्रों के साथ करीब 3 बजे घर पहुंचे।
बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था, जहां उनकी पत्नी और 3 साल की बेटी मौजूद थीं। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खुला तो आकाश सिंह हाथ में सब्जी काटने वाली चाकू लेकर निकला और चंदन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पेट पर चाकू से वार किया, जिससे चंदन घायल हो गए। मित्रों की मदद से उनकी जान बची और किसी तरह आकाश सिंह को पकड़ लिया गया।घटना के बाद 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई गई, जो मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले आई। चंदन ने प्रभारी निरीक्षक, सरोजनीनगर थाना से अनुरोध किया है कि आरोपी के खिलाफ अनधिकृत प्रवेश, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पैदल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत

बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खसरवारा निवासी कुंजन रावत (उम्र लगभग 35 वर्ष) की बीती रात दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कुंजन रावत पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी बनी-मोहनलालगंज रोड पर जुनाबगंज के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें तेजी से टक्कर मार दी और बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *