सरोजनीनगर:पंचायत चुनाव टलने की अटकलें तेज,क्लिक करें और भी खबरें

-जहां ग्राम प्रधानों में खुशी की लहर वहीं संभावित चुनाव लड़ाईयां उम्मीदवारों में छाईं मायूसी

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS

लखनऊ। सरोजनीनगर विकास खंड क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। जाति आधारित जनगणना, हाउस लिस्टिंग सर्वे और ओबीसी आरक्षण संबंधी प्रक्रियाओं के चलते चुनाव समय पर न होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। कई रिपोर्ट्स में संकेत मिल रहे हैं कि चुनाव अप्रैल-मई के बजाय जून-जुलाई 2026 या उससे भी आगे खिसक सकते हैं, जबकि कुछ स्रोतों में इसे 2027 विधानसभा चुनाव के बाद तक टलने की आशंका जताई जा रही है। इस अटकलों ने सरोजनीनगर के ग्राम प्रधानों में राहत और खुशी की लहर दौड़ा दी है, लेकिन चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे संभावित प्रत्याशियों में गहरा मायूस माहौल छा गया है।

मौजूदा ग्राम प्रधानों का मानना है कि चुनाव में जितनी देरी होगी, उतना ही उन्हें पद पर बने रहने का फायदा मिलेगा। एक स्थानीय प्रधान ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “चुनाव जितना पीछे जाएगा, हमें उतना ही समय मिलेगा। विकास कार्यों और योजनाओं पर हमारी पकड़ बनी रहेगी। भले ही प्रशासक नियुक्त हो जाएं या समिति गठित कर दी जाए, लेकिन हमारी स्थिति मजबूत रहेगी।” सरोजनीनगर के कई गांवों में प्रधानों ने पहले से ही चुनावी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन अब ये अटकलें उनके लिए सकारात्मक साबित हो रही हैं।दूसरी ओर, चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की स्थिति उलट है।

अधिकांश ने अभियान की शुरुआत में ही गांववासियों को कंबल, खिचड़ी, घी, नमक, साल, गमछा जैसी ‘रेवड़ी’ बांट दी है। एक संभावित प्रत्याशी ने निराशा जताते हुए कहा, “हमने लाखों रुपये पहले से खर्च कर दिए। अगर चुनाव टल गए तो सारा निवेश बेकार हो जाएगा।” ग्राम प्रधान पद के अलावा जिला पंचायत स्तर पर नए प्रत्याशी और कुछ मौजूदा सदस्यों ने भी यह खर्च किया है, जिससे उनकी मायूसी और बढ़ गई है।
वर्तमान में चुनाव की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है और आरक्षण सूची का भी कोई स्पष्ट अता-पता नहीं है। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि चुनाव अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच हो सकते हैं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन फरवरी अंत तक होगा और बैलेट पेपर से वोटिंग होगी। हालांकि, जनगणना और पिछड़ा वर्ग आयोग गठन में देरी के कारण कई विशेषज्ञ और रिपोर्ट्स चुनाव जून-जुलाई या उससे आगे होने की संभावना जता रही हैं। कुछ स्रोतों में इसे पूरी तरह टलने की भी बात कही जा रही है।
क्षेत्र में पुरानी कहावत चरितार्थ हो रही है,बिना ठोस जानकारी के ही लोग चुनावी तैयारी में जुटे हैं, जबकि शासन-प्रशासन में बैठे लोग न तारीख बता पा रहे हैं और न आरक्षण की स्थिति स्पष्ट कर पा रहे हैं। सरोजनीनगर के ग्रामीण इलाकों में यह मुद्दा अब गर्म बहस का विषय बन गया है। स्थानीय लोग पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं, जबकि राजनीतिक दल इसे सरकार की नाकामी या आवश्यक प्रक्रिया बता रहे हैं। यदि चुनाव में और देरी हुई तो मौजूदा प्रधानों को फायदा मिलेगा, लेकिन उम्मीदवारों के लिए यह बड़ा राजनीतिक और आर्थिक झटका साबित हो सकता है।

बंथरा-ट्रैक्टर ने टाटा एस में मारी जोरदार टक्कर,ड्राइवर का पैर टूटा, वाहन क्षतिग्रस्त

बंथरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा स्थित शेरे पंजाब ढाबे के पास सोमवार शाम करीब 4 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। जुनाबगंज से लखनऊ की ओर आ रहे टाटा एस (UP32-CZ-5081) में विपरीत दिशा से आ रहे सेप्टिक टैंक ट्रैक्टर (UP32-QK-3504) ने जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में टाटा एस के ड्राइवर ताहिर अली (पुत्र अख्तर अली) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका दाहिना पैर टूट गया, जिसका ऑपरेशन निजी अस्पताल में हुआ है और इलाज जारी है। ड्राइवर केबिन में फंस गया था। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।टाटा एस के मालिक मो. अख्तर खान (रूबी हार्डवेयर एंड गैसेज स्टोर, ट्रांसपोर्ट नगर) ने बंथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बंथरा में सीएनजी ऑटो ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर

-बुजुर्ग चालक गंभीर रूप से घायल; बेटी ने थाने में दी तहरीर रिपोर्ट दर्ज

थाना बंथरा क्षेत्र में 28 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शिव शक्ति पेट्रोल पंप के पास एक सीएनजी ऑटो रिक्शा (नंबर UP 32-QT 3687) के चालक ने बिना हॉर्न दिए अचानक तेजी से यू-टर्न लिया, जिससे सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार रामचन्द्र (निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना सोहरामऊ, जिला उन्नाव) गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल रामचन्द्र को पहले प्रसाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें सिग्मा हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, मोहनलालगंज में शिफ्ट किया गया। उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।पीड़ित की बेटी रोशनी पुत्री रामचन्द्र ने 4 फरवरी 2026 को थाना बंथरा में तहरीर देकर आरोपी सीएनजी ऑटो चालक (नाम-पता अज्ञात) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का कारण बनने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सरोजनीनगर में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी

-240 लीटर तेल चुराकर किसानों की बिजली सप्लाई ठप, 20 हजार का नुकसान

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गहरू के मजरा गंगादीनखेड़ा में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर बेखौफ होकर विद्युत विभाग के 100 केवीए ट्रांसफार्मर से तेल की चोरी कर ली। यह घटना 21 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि में हुई, जिसमें चोरों ने ट्रांसफार्मर के नीचे ब्लेड से काटकर लगभग 240 लीटर तेल चुरा लिया। इससे ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इससे जुड़े लगभग 8 ट्यूबवेलों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।

अवर अभियंता विनय कुमार (33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र गहरू, अयोध्या) ने थानाध्यक्ष सरोजनी नगर को लिखित शिकायत (प्रथम सूचना) में बताया कि यह 11 केवी गहरू कृषि पोषक फीडर से जुड़ा ट्रांसफार्मर है। चोरी के कारण क्षेत्र के किसानों को गंभीर परेशानी हो रही है और उनकी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। विभाग को राजस्व के रूप में लगभग 20,000 रुपये की क्षति हुई है।शिकायतकर्ता ने पुलिस से अनुरोध किया है कि तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि बाधित बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, संविदाकर्मी प्रदीप कुमार और अवर अभियंता विनय कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 ग्राम कमलापुर में पुलिस टीम ने महिलाओं को सुरक्षा

-साइबर जागरूकता और कानूनी अधिकारों पर किया जागरूक

उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत, जो महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर केंद्रित है, थाना बिजनौर पुलिस टीम ने आज ग्राम कमलापुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में चल रहा है और पूरे प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक आराधना वर्मा और महिला आरक्षी अमृता ने ग्रामवासियों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को संबोधित किया। लगभग 60-70 महिलाओं एवं बच्चों ने इसमें सक्रिय भाग लिया। टीम ने ग्रामीण क्षेत्र में जाकर मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क की जानकारी दी, साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों (1076, 1090, 112, 181, 1930, 102, 108) और यूपी 112 आपात सेवाओं, यूपी पुलिस ऐप के बारे में विस्तार से बताया।
महिलाओं से संबंधित अपराधों (जैसे उत्पीड़न, छेड़छाड़) के प्रति सतर्कता और कानूनी प्रावधान।गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी।ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, OTP/व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और फ्रॉड की स्थिति में 1930 पर तुरंत संपर्क करने की सलाह।थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की सेवाओं का विवरण, जहां महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाता है।

सड़क हादसे में गंभीर घायल की जान बचाई 108 एंबुलेंस ने

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार की 108 एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर अपनी प्रभावी और जीवनदायिनी भूमिका निभाई। शहर में हुए एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को समय पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार देने और तेजी से अस्पताल पहुंचाने के कारण उसकी जान बच गई।एंबुलेंस क्रमांक UP32 EG 4920 पर तैनात ईएमटी प्रमोद कुमार और पायलट विनय कुमार को कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। न्यूनतम समय में पहुंचकर उन्होंने घायल की स्थिति का त्वरित मूल्यांकन किया।ईएमटी प्रमोद कुमार ने मरीज के महत्वपूर्ण संकेत (वाइटल साइन) जांचे और गंभीर हालत को देखते हुए ERCP डॉ. रोचना से संपर्क कर उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्राप्त किया। डॉक्टर के निर्देश पर एंबुलेंस में ही ड्रेसिंग, अन्य प्राथमिक उपचार और आवश्यक हस्तक्षेप किए गए, जिससे मरीज की स्थिति स्थिर हो सकी।इसके बाद मरीज को सुरक्षित तरीके से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उन्नत इलाज शुरू किया और समय पर हस्तक्षेप से उसकी जान बचा ली गई।

कार की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौसी औद्योगिक क्षेत्र नादरगंज स्थित बद्री नगर पुलिया के आगे बीती रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में स्कूटी सवार लगभग 40 वर्षीय ललित चौधरी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ललित चौधरी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी तेज गति से आ रही कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बंथरा में बनी मोहनलालगंज रोड आठ घंटे रहा जाम

-एक दिन पहले कटी बगिया पर ट्रक खराबी से 3 घंटे तक यातायात ठप

बंथरा थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार को बनी-मोहनलालगंज सड़क पर ग्राम सभा किशनपुर कौड़िया के पास एक टैंकर सड़क किनारे खंती में धूस गया और उसका पिछला हिस्सा पूरी सड़क पर आ गया जिससे करीब 8 घंटे तक भीषण जाम लगा रहा, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हुई।बताया जाता है कि मोहनलालगंज की ओर जा रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। इसका आगे का हिस्सा सड़क किनारे बने गड्ढे (खंती) में जा घुसा, जबकि पीछे का हिस्सा सड़क पर बेड़ा होकर लेट गया। इससे दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह बंद हो गया। जाम सुबह करीब 6 बजे से शुरू हो गया था।पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची। क्रेन बुलाकर टैंकर को हटाने का अभियान चला, जो लगभग 3.5 घंटे बाद यानी सुबह 9:30 बजे तक पूरा हुआ। लेकिन दूसरी तरफ (रंग साइड) में चालकों की जल्दबाजी और गाड़ियां घुसेड़ने से जाम और गहरा गया। आखिरकार दोपहर करीब 2 बजे के आसपास जाम पूरी तरह साफ हो सका और यातायात सुचारू हुआ। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।एक दिन पहले भी हाईवे पर जाम की स्थिति इससे ठीक एक दिन पहले, मंगलवार (3 फरवरी) को लखनऊ-कानपुर हाईवे पर कटी बगिया चौराहे के पास एक ट्रक किसी वाहन से पीछे से टकराया। टक्कर के बाद ट्रक बीच सड़क पर खराब होकर खड़ा हो गया और चलने की स्थिति में नहीं था। इससे लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाली साइड पर कटी बगिया चौराहे से बनी-मोहनलालगंज रोड, खसरवारा और धावापुर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम करीब 3 घंटे तक बना रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। थाना और ट्रैफिक पुलिस की कड़ी मेहनत के बाद जाम खुल पाया।

अयोध्या यात्रा’ बनी राष्ट्रव्यापी अनुकरणीय मॉडल

-53 वीं निःशुल्क यात्रा में ग्राम बनी के श्रद्धालुओं को कराया अयोध्या दर्शन

सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित ‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ अब एक राष्ट्रव्यापी अनुकरणीय मॉडल बन चुकी है। सेवा और श्रद्धा की इस सुदृढ़ परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को ग्राम बनी के श्रद्धालुओं के लिए 53 वीं निःशुल्क यात्रा का आयोजन किया गया।इस यात्रा में श्रद्धालुओं को अयोध्या में भव्य राम लला मंदिर, हनुमानगढ़ी सहित प्रमुख मंदिरों के सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराए गए। यात्रा के शुभारंभ पर विधायक की टीम ने सभी श्रद्धालुओं को शाल और पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा बसों में बैठाया। पूरे मार्ग में भोजन, जलपान, स्वास्थ्य सेवाएं और विश्राम की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। कार्यकर्ताओं ने सेवा को श्रद्धा का पर्याय मानकर पूरी यात्रा को आध्यात्मिक अनुभव में बदल दिया। समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद, श्रीरामचरितमानस एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

 भाकियू (भानू गुट) की किसान क्रांति पदयात्रा को भव्य स्वागत,प्रशासन से वार्ता और कंपनियों को चेतावनी

भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के तत्वावधान में चल रही दस दिवसीय किसान क्रांति पदयात्रा का चौथा दिन सरोजनीनगर क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन और जोरदार स्वागत के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पदयात्रा पीजीआई से शुरू होकर बिजनौर, सरोजनीनगर, स्कूटर इंडिया, दरोगा खेड़ा, बंथरा सहित विभिन्न इलाकों से गुजरी। जगह-जगह किसानों, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा तथा माल्यार्पण कर पदयात्रियों का उत्साहवर्धन किया।
सरोजनीनगर तहसील में उपजिलाधिकारी से भाकियू भानू गुट के प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विस्तृत वार्ता की। बैठक में भूमि विवाद, मुआवजा, बिजली, सिंचाई, रोजगार, औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता तथा श्रमिक महिलाओं के शोषण जैसे प्रमुख मुद्दों को उठाया गया।प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा ने साफ कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और किसी भी अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

पदयात्रा के दौरान नटकुर क्षेत्र में बड़ी कंपनियों और वेयरहाउस में कार्यरत महिलाओं से समय सीमा से अधिक काम कराए जाने पर कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही अशोक लेलैंड कंपनी को एक माह के भीतर स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार न देने पर भाकियू भानू गुट द्वारा विशाल आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई।नटकुर, स्कूटर इंडिया, सरोजनीनगर, बंथरा और कटी बगिया में ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *