LUCKNOW:यूपी की जनता जानती है लाल टोपी का काला इतिहास-पंकज

-अपराधियों को संरक्षण देना सपा की पुरानी कार्यशैली,2027 में समाजवादी पार्टी की लगेगी हार की हैट्रिक 

  • REPORT BY:K.K.VARMA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ ।बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में नकली नोटों की फैक्ट्री चलाने के आरोप में सपा नेता की गिरफ्तारी ने एक बार फिर सपा की चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने उजागर कर दिया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि जो लोग देश की अर्थव्यवस्था को खोखला करने का षड्यंत्र रचते हैं, वे केवल अपराधी नहीं बल्कि राष्ट्रविरोधी मानसिकता के प्रतीक हैं। नकली नोटों का कारोबार सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं है बल्कि यह देश की वित्तीय व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और आम नागरिक के विश्वास पर सीधा हमला है। समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं के बयान बार-बार यह संकेत देते रहे हैं कि सत्ता में आने पर वे अपराधियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने का काम करेंगे।
अब प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि क्या इस कथित नीति का लाभ नकली नोट छापने, देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और राष्ट्रहित के खिलाफ काम करने वालों को दिया जाएगा?अपराधियों को संरक्षण देना, कानून व्यवस्था का मजाक बनाना और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर राजनीतिक छत्रछाया देना सपा की पुरानी कार्यशैली रही है। यही कारण है कि जनता अब सपा के हर दावे और हर चेहरे के पीछे छिपे काले सच को अच्छी तरह पहचान चुकी है।
लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका देशहित को सर्वोपरि रखने की होती है लेकिन समाजवादी पार्टी ने बार-बार साबित किया है कि उसकी प्राथमिकता केवल सत्ता की राजनीति है। चाहे उसके लिए प्रदेश की सुरक्षा, देश की अर्थव्यवस्था और जनता का भरोसा ही क्यों न दांव पर लगाना पड़े, सपा पीछे नहीं हटती। लाल टोपी का काला इतिहास उत्तर प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है। दंगाइयों, माफियाओं, भ्रष्टाचारियों और अब आर्थिक अपराधों से जुड़े तत्वों के प्रति सपा का नरम रवैया उसकी राजनीतिक संस्कृति को स्पष्ट करता है।
2027 में उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को हार की हैट्रिक लगाकर संदेश देगी कि प्रदेश में अपराध, अराजकता और राष्ट्रविरोधी सोच के लिए कोई स्थान नहीं है। उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ आगे बढ़ चुका है और जनता अब पीछे लौटने वाली नहीं है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *