LUCKNOW:पाकिस्तानी हँडलर के निर्देश पर आतंक फैलाने वाले गिरोह का खुलासा,चार गिरफ्तार

-प्रतिष्ठित संस्थानों व वाहनों औऱ रेलवे सिग्नल बॉक्स को उड़ानें की थी योजना,ATS ने खोले कहानी के राज 

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ। यूपी एसटीएफ नें पाकिस्तानी हँडलर के निर्देश पर भारत में प्रतिष्ठित संस्थानों व वाहनों औऱ रेलवे सिग्नल बॉक्स को आगजनी कर दहशत व आतंक फैलाने वाले गिरोह का खुलासा कर उसके चार सदस्यों को  गिरफ्तार किया है।पकड़े गये आरोपियों के पास से ज्वलनशील पदार्थ औऱ अन्य इलेक्ट्रोनिक सामान मिला है।

एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि उत्तर प्रदेश एटीएस को जानकारी मिली थी कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर एक भारतीय गिरोह, पाकिस्तान हैडलर के निरंतर संपर्क में है।यह गिरोह देश विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा है। गिरोह का मुख्य उद्देश्य देश के महत्त्वपूर्ण संस्थानों तथा राजनैतिक व्यक्तियों की रेकी कर प्राप्त जानकारी को पाकिस्तानी हँडलर को उपलब्ध कराना तथा योजना बनाकर उन्हें नुक्सान पहुंचाना है।एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि इस गिरोह का मुख्य सदस्य साकिब उर्फ डेविल पुत्र शकील अहमद निवासी ग्राम अगवानपुर थाना परीक्षितगढ़, मेरठ जो नाई का काम करता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स टेलीग्राम, सिग्नल, इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हँडलर्स, विभिन्न कट्टरपंथी ग्रुपों तथा अफगानिस्तान देश के कई नंबरों से जुड़ा था तथा यह गिरोह देश की संप्रभुता और अखंडता को नुकसान पहुँचाने, रेलवे सिग्नल बॉक्स को नष्ट करने, गैस सिलेंडर से भरे ट्रकों में आग लगाने और राजनीतिक व्यक्तियों की रेकी करने के काम में लगा था।

एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि इनका मुख्य उद्देश्य भारत में डर का माहौल पैदा करना और आर्थिक क्षति पहुँचाना था।आरोपियों द्वारा कुछ स्थानो पर छोटी आगजनी की घटनाएं अंजाम दी गई थीं, जिनके वीडियो पाकिस्तानी हँडलर्स को भेजकर कर कोड के माध्यम से पैसे मंगाए जाते थे। पाकिस्तानी हँडलर टेलीग्राम, इस्टाग्राम के माध्यम से ‘ओसामा बिन लादेन”, “फरुतुल्ला गोरी’, ‘कश्मीर मुजाहिद्दीन”, “गजवा- ए- हिंद” तथा धर्म के आधार पर वाहन जलाने के लिए उत्प्रेरित करता तथा षड्यंत्र रचता था।

एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि साकिब के गांव का रहने बाला अरबाब पुत्र रहीशुद्दीन निवासी ग्राम अगवानपुर थाना परीक्षितगढ़, मेरठ भी उसके साथ इस काम में जुड़ा हुआ है। साकिब तथा अरबाब द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से विकाश गहलावत उर्फ रौनक पुत्र रविन्द्र निवासी गली न० 2, राम विहार, छपरौला, गौतमबुध नगर, उ०प्र० व लोकेश उर्फ पपला पडित उर्फ बाबू उर्फ संजू पुत्र रोहताश शर्मा उर्फ मुनीम जी निवासी 12, रामविहार-01 कालोनी, छपरौला, गौतमबुधनगर, उ०प्र० को जोड़ा था जो पैसों के लालच में प्रतिष्ठित संस्थानों वाहनों की रेकी करते थे। इस गिरोह द्वारा गाजियाबाद, अलीगढ़, लखनऊ शहरों में प्रतिष्ठित संस्थानों वाहनों व रेलवे सिग्नल बॉक्स की रेकी की थी तथा इनेक विडियो पाकितानी हँडलर को भेजे गए थे।

एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि पाकिस्तानी हँडलर द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों की गूगल लोकेशन भेजी जाती थी जिसके आधार पर रेकी का कार्य किया जाता था। इस काम के एवज में कर कोड के माध्यम से साकिब को पैसे मिलते थे।बीती दो अप्रैल को इस गिरोह के मुख्य सदस्य साकिब उर्फ डेविल पुत्र शकील अहमद अपने साथियों के साथ मिलकर, लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल तथा अन्य रेलवे संपत्ति को आगजनी विस्फोट कर नुकसान पहुंचाने की योजना बनायी गयी थी जिसके कार्यान्वन से पूर्व ही एटीएस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर गिरोह के सदस्यों साकिब उर्फ डेविल व विकाश गहलावत उर्फ रौनक व लोकेश उर्फ पपला पंडित उर्फ बाबू उर्फ संजू व अरबाब को गिरफ्तार कर लिया।उन्होंने बताया कि इनके विरुद्ध थाना एटीएस पर धारा 148,, 152,61 (2) भारतीय न्याय संहिता-2023 व विधि विरुद्ध क्रिया-कलाप (निवारण) अधिनियम 1967 धारा 13,18 का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके आगे की कार्रवाई एटीएस द्वारा की जा रही है।

एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि इस गिरोह द्वारा पाकिस्तानी हँडलर के संपर्क में रहते हुए उसके इशारे पर भारत की सप्रभुता, एकता एवं अखंडता को क्षति पहुंचाने के आशय से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यमों से राष्ट्र विरोधी गतिविधियां संचालित की जा रही थी तथा भारत के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं राजनीतिक व्यक्तियों की रेकी कर इसकी सूचना इसी से संबंधित पाकिस्तानी व्यक्तियों को उपलब्ध करायी जा रही थी। इनके द्वारा भारत में आतंक व भय का माहौल उत्पन्न करने के लिए रेलवे सिग्नल बॉक्स, प्रतिष्ठित संस्थानो, गैस सिलेंडर से भरे ट्रक आदि में आगजनी कर सामूहिक नरसंहार व सरकारी सपत्ति को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई जा रही थी। इनके द्वारा कुछ जगहो पर छोटी आगजनी की घटनाएं कारित करके उनके वीडियो पाकिस्तानी व्यक्ति को भेजे गए तथा उसके बदले में कर कोड के माध्यम से धन प्राप्त होनें की जानकारी मिली है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *