मोहनलालगंज:नौ माह से लापता इकलौते बेटे की तलाश में दर-दर भटक रही बुजुर्ग मां, क्लिक करें औऱ भी खबरें

-मोहनलालगंज से नौ माह पहले‌ मुंबई मजदूरी करने गया था युवक,हो गया था लापता

-थाने से लेकर पुलिस अफसरो व जनप्रतिनिधियो तक से लगायी बेटे को तलाशने की गुहार

  • REPORT BY:ANUPAM MISHRA || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ।मोहनलालगंज क्षेत्र के भसंडा गांव की एक बुजुर्ग विधवा मां पिछले नौ माह से अपने इकलौते बेटे की तलाश में दर-दर भटक रही है। थानों, सरकारी दफ्तरों और जनप्रतिनिधियों के चौखट पर गुहार लगाने के बावजूद उसे अब तक बेटे का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बेटे के वियोग में परेशान मां ने उसे मजदूरी के बहाने महाराष्ट्र ले जाने वाले युवक और उसके ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
भसंडा गांव निवासी निर्मला देवी ने बताया कि उनका 20 वर्षीय इकलौता बेटा सौरभ करीब नौ माह पहले गांव के ही खरेहना निवासी अंकित के साथ मजदूरी करने के लिए मुंबई गया था। शुरुआती दिनों में बेटे से फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। बेटे से संपर्क न होने पर जब उन्होंने अंकित से जानकारी मांगी तो उसने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि सौरभ कहीं भाग गया है।पीड़ित मां का आरोप है कि जब उन्होंने बेटे की तलाश के लिए लगातार दबाव बनाया तो अंकित और उसके ठेकेदार ने सौरभ की जानकारी देने तथा उसे खोजने के नाम पर पहले 500 रुपये और बाद में 5 हजार रुपये की मांग की। निर्मला देवी का कहना है कि इस संबंध में हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है, जो पूरे मामले की सच्चाई बयां करती है।
निर्मला देवी ने बताया कि बेटे की बरामदगी के लिए उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भ पोर्टल (आईजीआरएस) और मोहनलालगंज थाने सहित सासंद तक से शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन नौ माह बीत जाने के बाद भी न तो बेटे का कोई पता चल सका और न ही आरोपितों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई हुई। उनका आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के चलते आरोपित युवक गांव में खुलेआम घूम रहा है।
वहीं, इस मामले में इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि सौरभ जिस स्थान पर मुंबई में मजदूरी करता था, वहां के कारखाना मालिक द्वारा स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। युवक की तलाश के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस और अन्य एजेंसियों की मदद ली जा रही है तथा खोजबीन जारी है।
इधर, बेटे की राह तकती बुजुर्ग मां की आंखें आज भी उसके लौट आने की उम्मीद में दरवाजे पर टिकी हैं। हर गुजरते दिन के साथ उसकी बेचैनी बढ़ती जा रही है, लेकिन प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद सौरभ का अब तक कोई सुराग न मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।

मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली विवाहिता प्रेमी संग हुयी फरार

-सोशल मीडिया पर प्रेमी के साथ का वीडियो वायरल होने पर पंचायत में टूटा रिश्ता

​घर से मंदिर दर्शन की बात कहकर निकली एक विवाहिता का अपने कथित प्रेमी के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद महिला का वैवाहिक जीवन बिखर गया। थाने में घंटों चली पंचायत के बाद भी जब बात नहीं बनी, तो दोनों पक्षों की राहें जुदा हो गईं। दो वर्षीय मासूम बेटी फिलहाल मां के साथ मायके चली गई है। मामले में अब कोर्ट के जरिए तलाक लेने की चर्चाएं तेज हैं।जानकारी के अनुसार, निगोहां के एक गांव निवासी युवक का विवाह 9 वर्ष पूर्व हुआ था। दोनों की दो साल की एक बेटी भी है। पति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 8 जून को उसकी पत्नी रिश्तेदारों और परिचितों के साथ राजस्थान (मेंहदीपुर बालाजी) दर्शन करने की बात कहकर घर से निकली थी। इसी बीच विवाहिता का उसके कथित प्रेमी के साथ एक वीडियो उसकी फेसबुक आईडी पर अपलोड हो गया। जब पति और उसके परिजनों को इसकी भनक लगी तो उनके होश उड़ गए।वीडियो वायरल होने से आहत पति बुधवार को निगोहां थाने पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया। थाने में ही दोनों पक्षों के बीच घंटों मैराथन पंचायत चली और समझौते का प्रयास किया गया। हालांकि, पति पत्नी के साथ रहने को तैयार नहीं हुआ और दोनों के बीच किसी भी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी।

​मासूम बेटी गई मां के साथ, अब कोर्ट की तैयारी….

सहमति न बनने पर महिला अपनी दो वर्षीय बेटी को लेकर मायके चली गई, जबकि पति अपने घर लौट आया। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि दोनों पक्षों में अब आपसी कड़वाहट इतनी बढ़ चुकी है कि वे न्यायालय के माध्यम से कानूनी रूप से तलाक लेने की तैयारी कर रहे हैं।निगोहा एसआई अनूप तिवारी ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों को थाने बुलाकर आपस में बातचीत कराई गई थी। फिलहाल आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए हैं। यदि भविष्य में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या कानूनी कार्रवाई की मांग की जाती है, तो जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गाय के साथ 500 मीटर तक घिसटने से किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

-गाय चराकर घर लौटते समय भड़की गाय, रस्सी में फंसकर गंभीर रूप से घायल हुआ था छात्र

निगोहां क्षेत्र के कुसमौरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय किशोर छात्र की मौत हो गई। गाय को चराकर घर वापस लाते समय अचानक भड़की गाय के साथ किशोर करीब 500 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान निजी हास्पिटल में उसकी मौत हो गई।

निगोहां क्षेत्र के कुसमौरा गांव में बिजली मिस्त्री उदयराज अपनी पत्नी गुड़िया तथा दो बेटों हिमांशु और दीपांशु के साथ रहते हैं। उदयराज ने बताया कि उन्होंने एक गाय पाल रखी है। सोमवार को उनका छोटा बेटा दीपांशु (11 वर्ष) गाय को चराने के लिए लेकर गया था। शाम को वह गाय को चराकर उसके गले में बंधी रस्सी पकड़कर घर वापस लौट रहा था।गांव के अंदर पहुंचते ही अचानक गाय भड़क गई और भागने लगी। इस दौरान दीपांशु ने रस्सी नहीं छोड़ी, जिससे रस्सी उसके शरीर में लिपट गई और वह गिर पड़ा। रस्सी में फंसने के कारण वह गाय के साथ करीब 500 मीटर तक घिसटता चला गया। किशोर की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह गाय को काबू किया और गंभीर रूप से घायल दीपांशु को इलाज के लिए मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहां इलाज के दौरान देर रात दीपांशु ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को जब अस्पताल से उसका शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मां, पिता और बड़ा भाई शव से लिपटकर बिलख पड़े। दीपांशु गांव के ही सरकारी विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

खोए मोबाइल फोन वापस मिले तो लोगों ने कहा— ‘थैंक्यू लखनऊ पुलिस’
-दक्षिणी जोन पुलिस ने 65 लोगों को लौटाए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गुम मोबाइल, चेहरों पर लौटी मुस्कान

दक्षिणी जोन पुलिस ने बुधवार को 65 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस दिये।अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने एक स्वर में कहा— “थैंक्यू लखनऊ पुलिस।”दक्षिणी जोन पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार की मौजूदगी में मोबाइल स्वामियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। बरामद किए गए 65 मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि दक्षिणी जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए सर्विलांस सेल लगातार कार्य कर रही थी। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए सर्विलांस टीम ने मेहनत करते हुए 65 मोबाइल फोन बरामद किए।जिसके बाद मोबाइल के मालिको को बुलाकर उनके फोन वापस लौटाये गये।मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने फोन मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। ऐसे में जब पुलिस ने उन्हें फोन वापस सौंपे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लोगों ने लखनऊ पुलिस की कार्यकुशलता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस के इस प्रयास ने उनका विश्वास और मजबूत किया है।मोबाइल स्वामियो ने एक साथ लखनऊ पुलिस का आभार जताते हुये एक साथ लखनऊ पुलिस थैक्यू कहा।

छात्रा को शादी का झांसा देकर साथी छात्र ने किया दो सालो तक यौन-शोषण,मुकदमा दर्ज

पीजीआई थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने बताया वो मोहनलालगंज के एक सरकारी स्कूल में दो साल पहले हाईस्कूल में पढती थी तो साथ में पढने वाले साथी छात्र गौरव गौतम निवासी शिवढरा से बातचीत होने लगी जिसके बाद गौरव ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया।बालिग होने पर जब उसने साथी छात्र पर शादी का दबाब बनाया तो इंकार कर दिया ओर दहेज में पांच लाख रूपये समेत अन्य सामान दिये जाने पर ही शादी किये जाने की बात कही तो छात्रा के होश उड़ गये।जिसके बाद पीड़ित छात्रा ने मोहनलालगंज कोतवाली पुलिस से पूरे मामले की लिखित शिकायत करते हुये आरोपी के विरूद्व कार्यवाही की मांग की।इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया पीड़ित छात्रा के द्वारा दी गयी तहरीर पर आरोपी के विरूद्व दुष्कर्म समेत पास्को एक्ट की धाराओ में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गयी हैं।

 विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा हैं महाराजा सुहेलदेव : मिलिंद पांडेय

-मोहनलालगंज में वीर शिरोमणि महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया

मोहनलालगंज क्षेत्र के कनकहा स्थित आजाद मैदान में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस शौर्य दिवस के रूप में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री मिलिंद पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।अपने संबोधन में मिलिंद पांडेय ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव भारत भूमि के महान रक्षक एवं सनातन संस्कृति के गौरव हैं। उन्होंने अपनी वीरता, साहस और कुशल रणनीति के बल पर विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी की विशाल सेना को पराजित कर देश को बड़े संकट से बचाया था। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव का जीवन और इतिहास देश एवं धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। आज की युवा पीढ़ी को उनके शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति से सीख लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट सुशील रावत ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में महाराजा सुहेलदेव के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र रक्षा में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।इस अवसर पर पंडित शैलेन्द्र मृदुल, विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र, प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप, दिलीप रावत, अंकुर अवस्थी, कुलदीप रावत, अजय द्विवेदी सहित सर्वसमाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

जमीनी रंजिश में मां-बेटियो पर जानलेवा हमला,मुकदमा‌ दर्ज

मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फत्तेखेड़ा गांव निवासी होरीलाल ने पुलिस से लिखित शिकायत करते हुये बताया बीते मगंलवार को पत्नी जमुनादेवी व बेटियां प्रेमावती व ऊषादेवी अपने खेत में खीरा तोड़ रही थी तभी विपक्षी शैलेन्द्र अपने भाई कुलदीप अपनी मां ज्ञानवती व बहन सुस्मिता संग लाठी डंडो से लैस होकर खेत में आ धमके ओर गाली गालौज करते हुये पत्नी व दोनो बेटियो की लाठी डंडो से बुरी तरह पिटाई कर पत्नी जमुनादेवी का हाथ तोड़ दिया ओर एक बेटी ऊषा के दोनो पैर तोड़ दिये ओर दूसरी बेटी प्रेमावती के सिर में ताबड़तोड़ डंडे से वार कर घायल कर दिया‌।चीख पुकार सुनकर ग्रामीणो संग जब मौके पर पहुंचा तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुये मौके से भाग निकले।जिसके बाद गम्भीर हालत में पत्नी व बेटियो को इलाज के लिये मोहनलालगंज सीएचसी लेकर पहुंचा।जहां मौजू्द डाक्टर ने तीनो की हालत गम्भीर देख इलाज के लिये ट्रामा टू भेज दिया।जहां भर्ती कर मां-बेटियो का इलाज जारी है।प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया पीड़ित की तहरीर पर आरोपियो के विरूद्व मारपीट समेत अन्य धाराओ में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गयी है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *