LUCKNOW:बाग में बैठकर शराब की दुकान लूटने का बना रहे थे प्लान

-पुलिस पहुंची तो चला दी गोली,जवाबी फायरिंग में आरिफ के पैर में लगी गोली

-तीन साथी अंधेरे में भागे,पुलिस कर रही तलाश

लखनऊ।सदरौना गांव के पास बाग में बैठकर शराब की दुकान में चोरी की योजना बना रहे गिरोह की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। थाना पारा पुलिस और क्राइम ब्रांच पश्चिम जोन की संयुक्त टीम ने जब घेराबंदी की, तो एक बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घायल बदमाश की पहचान आरिफ (20), निवासी आरडीएसओ कॉलोनी, थाना मानक नगर के रूप में हुई है। उसे पुलिस अभिरक्षा में रानी लक्ष्मीबाई सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

-मुखबिर की सूचना पर पड़ा छापा

शनिवार को थाना पारा पुलिस और क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब की दुकानों में चोरी करने वाला गैंग सदरौना गांव के पास स्थित बाग में चोरी की योजना बना रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

बाग में बाउंड्री वॉल की आड़ में चार संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए दिखाई दिए, जो मोटरसाइकिलों से वहां आए थे। पुलिस को देखते ही एक अभियुक्त ने अपने साथियों के ललकारने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरिफ घायल हो गया।

-एक हफ्ते में कई दुकानों को बनाया निशाना

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरिफ अपने साथियों के साथ मिलकर शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। विगत एक सप्ताह में थाना आलमनगर, पारा और तालकटोरा क्षेत्र में शराब की दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं।

इसके अलावा थाना बाजारखाला, कैसरबाग और बीबीडी क्षेत्र में हुई चोरियों में भी इसी गैंग की संलिप्तता की जानकारी मिली है। थाना पारा क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज में घायल अभियुक्त और उसके साथियों की पहचान हुई है।

-फरार तीनों की तलाश में दबिश

मुठभेड़ के बाद फरार तीनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर रवाना कर दी गई हैं। आसपास के थानों और चौकियों को सूचित कर सघन चेकिंग कराई जा रही है। मौके से साक्ष्य संकलित कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Prem Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *