नई दिल्ली :नहीं रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह,एम्स अस्पताल में ली अंतिम सांस

  • REPORT BY: AAJNATIONAL NEWS ||AAJNATIONAL NEWS DEASK

नई दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अब हमारे बीच में नहीं रहे, उनका निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 92 वर्ष के थे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मृत्यु की कांग्रेस की ओर से पुष्टि की गई है। केंद्र सरकार ने उनके निधन पर सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन पर कांग्रेस के बड़े नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के परिवार से फोन पर बात की और उनके सांत्वना दी। राहुल गांधी ने पूर्व पीएम के निधन पर कहा कि मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया है।उनके निधन की जानकारी होते ही लोग एम्स अस्पताल पहुँचने लगे है।उनके निधन से शोक की लहर है ।हर किसी को उनके जाने का गम है ।

राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्म व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्त किया मनमोहन सिंह के निधन पर शोक

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्म ने दुःख जताते हुए कहा कि सिंह को राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन तथा उनकी विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने X पर लिखा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बन गए। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी व्यावहारिक थे। हमारे प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।

लंबे समय से आयु जनित बीमारियों से जूझ रहे थे पूर्व पीएम-एम्स

पूर्व पीएम के निधन को लेकर एम्स अस्पताल ने अपने जारी बयान में कहा कि उन्हें 26 दिसंबर की शाम को ही उस वक्त लाया गया, जब वह घर में बेहोश होकर गिर गए थे। उन्हें घर पर ही प्राथमिक इलाज दिया गया और फिर एम्स की इमरजेंसी में लाया गया। उन्हें सभी प्रयासों के बाद भी बचाया नहीं जा सका और रात को 9:51 पर उनका निधन हो गया। वह लंबे समय से आयु जनित बीमारियों से जूझ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *