रायबरेली:बहू ने सास-ससुर पर लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस में की शिकायत,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS   || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

रायबरेली। जिले के खीरों थाना क्षेत्र में एक बहू ने अपनी सास और ससुर पर मारपीट का आरोप लगाया है। दुकनहा गांव की रहने वाली कोटेश्वरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोटेश्वरी ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उसके हिस्से के कमरे में सास और ससुर भूसा भर
रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों ने उसे गालियां दीं। इतना ही नहीं, उन्होंने उसके साथ मारपीट भी की। पीडि़ता ने न्याय की गुहार लगाते हुए खीरों थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि शिकायत मिल गई है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

थाने की दीवार तोड़कर परिसर में घुसी गाड़ी, एक घायल

रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर एक तेज रफ्तार बोलेरो बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। वाहन थाने की बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए सीधे थाना परिसर में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार संतोष कुमार (निवासी हेवताह नेवढि़या) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत घायल को सीएचसी जगतपुर पहुंचाया।

चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार के अनुसार घायल की स्थिति स्थिर है। थाने में बोलेरो के घुसने से अफरा-तफरी मच गई। थाना परिसर की दीवार
को भारी नुकसान पहुंचा है। उप निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि बोलेरो को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गंगा प्रसाद गुप्ता को अध्यक्ष, आशीष कुमार साहू को महामंत्री किया नियुक्ति

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष बसंत सिंह बग्गा की अध्यक्षता में जगतपुर व्यापार मंडल का गठन हुआ। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने मंच संचालन किया। नवगठित व्यापार मंडल में गंगा प्रसाद गुप्ता को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पदम कुमार अग्रहरी को उपाध्यक्ष बनाया गया। आशीष कुमार साहू को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई। विजय प्रकाश गुप्ता को कोषाध्यक्ष और शशांक त्रिवेदी को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कोयला निर्माता संघ रायबरेली के अध्यक्ष सरयू प्रसाद सोनकर और ऊंचाहार व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मौर्या ने मंच संचालन में योगदान दिया। सूची व्यापार
मंडल अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय सदस्य सतीश अग्रहरि और दिनेश शंकर शुक्ला समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत

लालगंज तहसील क्षेत्र के सरेनी रोड पर रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बीसा खेड़ा मोड़ के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार नीरज पटेल (40 वर्ष) व उनके पीछे बैठे
लाल बहादुर सिंह (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, कुर्मी सराय गांव निवासी नीरज पटेल पुत्र राजेंद्र बहादुर रविवार को बाइक से लालगंज से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बेहटा चौराहे के पास सरेनी थाने के बन डई गांव निवासी लाल बहादुर सिंह ने पंडित पुरवा तक लिफ्ट मांगी। नीरज ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया और दोनों रवाना हो गए। लेकिन जैसे ही वह बीसा खेड़ा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना मेंनीरज और लाल बहादुर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी लालगंज पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि मृतक लाल बहादुर सिंह अविवाहित थे, वहीं नीरज पटेल के परिवार में पत्नी सीमा और दो बेटियां
महिमा व मुस्कान हैं।

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, लालगंज कोतवाली प्रभारी
शिवाकांत पांडेय ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वाहन चालक की तलाश जारी है।

पथवारी घाट पर लगातार 15वें महीने किया साफ-सफाई

रायबरेली जिले में पंचामृत गंगा सेवा समूह की एक अनूठी पहल पिछले 15 महीनों से निरंतर जारी है। समूह के गंगा सेवकों ने आज भी पथवारी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। सेवकों ने स्नानार्थियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर अंतःवस्त्र, प्लास्टिक की
पन्नी, बच्चों के डायपर और पैक किया हुआ भोजन न फेंकें। उनका कहना था कि यदि लोग गंदगी नहीं फैलाएंगे, तो स्वच्छता अभियान की आवश्यकता भी नहीं होगी। टीम ने घाट पर पड़े कपड़े और विसर्जित की गई अन्य सामग्री का उचित निस्तारण किया। इस अभियान में कृष्ण गुप्ता, रिशु त्रिपाठी, अनंत मिश्रा, कृष्णांशु त्रिपाठी, कुशल त्रिपाठी, संदीप मिश्रा और हिमांशु दुबे सहित कई सदस्य शामिल रहे। गंगा टटोन्नति समूह हर रविवार को यह स्वच्छता अभियान चलाता है। समूह के सदस्य न केवल सफाई करते हैं, बल्कि लोगों को गंगा की
स्वच्छता के प्रति जागरूक भी करते हैं।

मैजिक चालकों का सीएनजी ऑटो के खिलाफ विरोध, कार्रवाई की मांग

लालगंज कस्बे में मैजिक चालकों ने सीएनजी थ्रीव्हीलर चालकों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। वीरा पासी चौक पर रविवार को हुए इस प्रदर्शन में मैजिक चालकों ने कई गंभीर आरोप लगाए। मैजिक चालकों का कहना है कि सीएनजी ऑटो चालक नियमों का खुला उल्लंघन कर
रहे हैं। वे क्षमता से अधिक सवारियां बैठा रहे हैं। इससे न सिर्फ यात्रियों को परेशानी हो रही है, बल्कि मैजिक चालकों की रोजी-रोटी भी
प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सीएनजी थ्रीव्हीलर को केवल 16 किलोमीटर की सीमा में चलने की अनुमति है। लेकिन वे फतेहपुर, डलमऊ और गुरुबक्शगंज जैसे दूर के रूटों पर भी सवारियां ले जा रहे हैं। महेंद्र सिंह, आयुष, संजय सिंह समेत कई चालकों ने कहा कि उन्हें पूरे दिन
सवारियों के इंतजार में खड़ा रहना पड़ता है। मैजिक चालकों को वाहन परमिट, बीमा, टोल टैक्स और स्टैंड शुल्क में हर साल हजारों रुपए खर्च करने पड़ते हैं। दूसरी ओर, सीएनजी चालकों को कम टैक्स देना पड़ता है। इससे उन पर आर्थिक बोझ कम है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रायबरेली रूट पर सीएनजी थ्रीव्हीलर की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि इससे मैजिक चालकों को राहत मिलेगी और उनकी आजीविका सुरक्षित रहेगी।

हनुमान मंदिर में चोरी,25 किलो वजन के घंटे समेत एक दर्जन घंटे चोरों ने किए पार

भदोखर थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। छनिया हवाई अड्डे के पास स्थित गोठाव के हनुमान मंदिर से चोर एक दर्जन घंटे चुरा ले गए। इनमें एक घंटा 25 किलो वजन का था। मंदिर के प्रबंधक और संस्थापक इंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि यह मंदिर 7 साल पहले बनवाया गया था। यहां आसपास के क्षेत्र से श्रद्धालु नियमित रूप से पूजा-पाठ करने आते हैं। चोरी का पता रविवार सुबह तब चला, जब लोग मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत 112 डायल पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।

सभासद के घर पहुंचे कमलेश पासवान, बोले, सभी धर्मों और जातियों को मिलेगा समान सम्मान

सलोन नगर पंचायत में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने जनसंपर्क किया। वे वार्ड नंबर 4 के सभासद प्रदीप कुमार के घर पहुंचे। नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रशेखर रस्तोगी ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। मेजबान प्रदीप कुमार ने गर्मी को देखते हुए शरबत और ठंडे पानी की व्यवस्था की।

मंत्री के साथ भाजपा नेता सिद्धार्थ पासी और उनकी पत्नी रश्मि भी मौजूद थी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने 10 मिनट के संबोधन में कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी धर्मों और जातियों के लोगों को समान सम्मान देगी। साथ ही बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से सरकार के साथ मिलकर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभासद प्रतिनिधि सुनील कुमार, सभासद लवकुश कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा आशु सिंह, विकास, मोनू, रज्जन श्रीवास्तव और सुधीर कुमार सहित कई भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *