- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
उन्नाव। जिले में एक राष्ट्र, एक चुनाव कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कई मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी को भी किसी महापुरुष का अपमान करने का अधिकार नहीं है। साध्वी ने आगरा की करणी सेना की जनसभा का जिक्र किया।
उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा कि क्या उनके पास करणी सेना को भाजपा की फंडिंग का कोई प्रमाण है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना सबूत के आरोप न लगाएं। उन्होंने पुराने विवादों को भी उठाया। मुलायम सिंह यादव द्वारा रामभक्तों पर गोली चलवाने का मुद्दा उठाया। साध्वी ने पूछा कि क्या इसके लिए कभी माफी मांगी गई।
मुजफ्फरनगर दंगों पर भी उन्होंने सवाल किए। साध्वी ने अखिलेश के लड़के हैं, गलती हो जाती है बयान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने भाजपा नेता कल्याण सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने गोलीकांड के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर नैतिकता दिखाई। अंत में,
साध्वी ने एक राष्ट्र, एक चुनाव की वकालत की। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव कराना आर्थिक बोझ है। एक साथ चुनाव से देश को एकजुटता का संदेश मिलेगा और राजनीतिक स्थिरता आएगी।
एसपी की कड़ी चेतावनी,महिला अपराधों में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने रविवार को पुलिस लाइन में कानून व्यवस्था को लेकर अहम बैठक की। बैठक में अपर पुलिस
अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने जनपद में अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंनेकहा कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारियों को नियमित गश्त और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को कहा। महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि इन मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीडि़तों को न्याय दिलाने में पुलिस की संवेदनशील भूमिका पर जोर दिया गया। थाना प्रभारियों को जनता से सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। वांछित और वारंटी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश भी जारी किए गए।
एसपी ने डायल 112 सेवाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं में चूक न होने की हिदायत दी। प्रभारी निरीक्षकों को अपने क्षेत्र में डायल 112 वाहनों की सक्रियता की नियमित जांच करने को कहा गया।
दो बाइक की भिड़ंत में किसान की मौत,एक युवक गंभीर घायल, खेत से लौटते समय हुआ हादसा
असोहा थाना क्षेत्र में पारा मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक किसान की मौत हो गई। मौरावां थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी शिव मंगल (60) अपने खेत से लौट रहे थे। उनकी बाइक पर एक लड़का और एक लड़की भी सवार थे। पारा मोड़ पर सामने से तेज गति में आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने शिव मंगल को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य युवक की स्थिति गंभीर है। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक शिव मंगल परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बाइकों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण सामने आया है। पुलिस ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने मृतक के परिवार को सरकारी सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल युवक को लखनऊ रेफर किया जा सकता है।
धार्मिक आयोजनों को लेकर सुरक्षा कड़ी,12 मई तक धारा 163 लागू, बिना अनुमति सभा-जुलूस पर रोक
जनपद में आने वाले पर्व-त्योहारों और जनसमूह को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने धारा 163 लागू कर दी है। यह धारा 12 मई तक प्रभावी रहेगी। इस धारा के तहत सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति के भीड़, सभा, जुलूस या
प्रदर्शन पर रोक रहेगी। धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम जिले की शांति बनाए रखने के लिए उठाया गया है। जिले में जयंती और अन्य सामाजिक-धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सतर्क है। वक्फ बोर्ड से जुड़े प्रस्तावित विधेयक को लेकर विभिन्न संगठनों में असंतोष की आशंका भी है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के अनुसार सभी थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
साइबर सेल को सक्रिय कर संदिग्ध खातों पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने धार्मिक व सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार,पुलिस ने युवक को आसत चौराहे से पकड़ा
उन्नाव जिले की बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान चकपीर
नगर निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है। वह उमेश का पुत्र है। कोतवाली के उपनिरीक्षक जिब्राइल शेख पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि दहेज हत्या का वांछित आरोपी आसत चौराहे पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी रंजीत कुमार को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है।