LUCKNOW:डीजीपी राजीव कृष्ण मोहर्रम की सुरक्षा को लेकर हुये सख्त,मातहतों को किया अलर्ट

-सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के दिये दिशा-निर्देश, कहा सघन हो चेकिंग

-भीड़ व दंगा नियंत्रण की की जाये पूरी तैयारी,सम्भ्रान्त नागरिकों, धार्मिक गुरूओं का लिया जाये सहयोग 

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS   || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ। यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण नें सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस आयुक्त तथा परिक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस उपमहानिरीक्षक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक को कल शुक्रवार से प्रारम्भ होकर 06 जुलाई को सम्पन्न होने वाले मोहर्रम को लेकर दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने और चौकस रहने को कहा गया। डीजीपी नें कहा कि प्रत्येक थाने पर उपलब्ध त्यौहार रजिस्टर तथा रजिस्टर नं0-8 में उपलब्ध प्रविष्टियों का अध्ययन कर लिया जाये। जुलूस के नये रास्ते व नई परम्परा की अनुमति कदापि न दी जाय। इस वर्ष अभी तक जिन-जिन स्थानों पर किसी प्रकार का विवाद परिलक्षित हुआ हो, वहॉं पुलिस एवं राजस्व विभाग के राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अभी से स्थिति का अध्ययन कर लिया जाय एवं विवाद को सुलझाने तथा संवेदनशीलता को दूर करने के लिये कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।डीजीपी नें कहा कि अधीनस्थ कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिये जायें कि वे अपने बीट में जाकर सभी प्रकार के विवाद आदि की जांच कर ले एवं बीट सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ अधिकारी मौकों पर जाकर विवाद को समय रहते हल कर लें।

विवाद के स्थलों, मार्गों का भ्रमण अवश्य कर ले अफसर 

डीजीपी नें कहा कि जरूरत के मुताबिक विभिन्न विवाद के स्थलों, मार्गों का भ्रमण जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त तथा पुलिस अधीक्षक व उप जिलाधिकारी व सहायक पुलिस आयुक्त तथा क्षेत्राधिकारी द्वारा  कर लिया जाये।डीजीपी नें कहा कि असामाजिक व साम्प्रदायिक तत्वों की सूचियों को अद्यावधिक किया जाय और आवश्यकता पड़ने पर इन साम्प्रदायिक एवं अवॉंछनीय तत्वों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाये।डीजीपी नें कहा कि मोहर्रम के जुलूस व मजलिस व अन्य आयोजनों से सम्बन्धित अंजुमन व समितियों को सूचीबद्ध कर इनकी गोष्ठी कर ली जाये तथा मोहर्रम के दौरान होने वाले समस्त कार्यक्रमों को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु योजना बना ली जाये। मोहर्रम की मजलिसों में महिलाओं का आवागमन अधिक संख्या में होता है। प्रातःकाल के समय तथा अंधेरे में भी महिलायें कार्यक्रमों में सम्मिलित होने जाती हैं। इस सम्बन्ध में हॉटस्पाट चिन्हित कर प्रभावी पुलिस व्यवस्थापन किया जाये।

प्रातःकाल गश्त व चेकिंग हेतु पुलिस पार्टी नियमित रूप से निकाली जाये

डीजीपी नें कहा कि सभी जिलों में प्रातःकाल गश्त व चेकिंग हेतु पुलिस पार्टी नियमित रूप से निकाली जाये। कहीं पर कोई आपत्तिजनक पोस्टर/सामग्री न लगा हो। जुलूसों व कार्यक्रमों के दौरान लोक व्यवस्था के प्रतिकूल, आपत्तिजनक तथा अवैधानिक गतिविधियां न होने पाये। सीसीटीवी कैमरों को सक्रियता पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाये तथा ड्रोन कैमरों से चेकिंग करायी जाये।मोहर्रम के जुलूसों में भारी संख्या में लोग सम्मिलित होते हैं। जुलूसों में सुरक्षा के लिये योजनाबद्ध रूप से पुलिस प्रबन्ध किया जाये। जुलूस में बॉक्स फार्मेट में चारो तरफ आगे-पीछे व दोनो तरफ पुलिस बल की ड्यिटी लगायी जाय। जुलूस के आगे-पीछे राजपत्रित अधिकारियों की ड्यिटी लगायें।डीजीपी नें कहा कि जिले के विभिन्न शहरों, कस्बों तथा मोहल्लों में पूर्व में गठित शान्ति समितियों की बैठक आयोजित कर सम्भ्रान्त नागरिकों, धार्मिक गुरूओं आदि का सहयोग लिया जाये।

सार्वजनिक स्थल व भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील धार्मिक स्थानों पर की जाये चेकिंग

डीजीपी नें कहा कि त्यौहारों पर सार्वजनिक स्थल यथा बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील/धार्मिक स्थानों पर चेकिंग कराते हुये पुलिस बल का व्यवस्थापन कराया जाये।डीजीपी नें कहा कि स्वान दल, आतंकवाद निरोधक दस्ता एवं बम निरोधक दल के माध्यम से सघन जाँच एवं तलाशी सुनिश्चित की जाये। यातायात कदापि न बाधित होने पाये। बैरियर एवं पुलिस चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कराई जाये। किसी भी धार्मिक कार्यक्रम और जुलूस के दौरान सार्वजनिक स्थल पर किसी भी दशा में अवैध अस्त्र व शस्त्र का प्रदर्शन न हो। अवैध अस्त्र शस्त्र लेकर चलने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये।डीजीपी नें कहा कि भीड़ व दंगा नियंत्रण की पूरी तैयारी की जाये।इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी रिजर्व में भी रखे जाये।

अभिसूचना इकाई के कार्मिकों को कर दिया जाय सतर्क 

पुलिस कर्मी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर से लैस रहे।स्थानीय अभिसूचना इकाई के कार्मिकों को सतर्क कर दिया जाय। असामाजिक, अवॉंछनीय एवं साम्प्रदायिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाय। सूचनाओं पर समय तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाये।नियंत्रण कक्ष व उप नियंत्रण कक्ष सुचारू रूप से व्यवस्थापित किया जाये।डीजीपी नें कहा कि सोशल मीडिया की राउण्ड द क्लॉक मॉनिटरिंग की जाये। भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाये।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *