-पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शुरू की मामले की जांच
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ।राजधानी के नगराम कस्बा निवासी किसान के साथ जमीन की धोखाधड़ी कर लाखों रूपए हड़पने का मामला प्रकाश में आया है ।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर पर नगराम पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी गई है ।
नगराम कस्बा के निवासी ब्राह्मण टोला निवासी स्व अफजल के लड़के अफ्फान द्वारा नगराम थाने पर दी गई तहरीर के अनुसार जमीन गाटा संख्या 622 क राजस्व अभिलेख में त्रुटि वश उसका नाम दर्ज था, जो वास्तविक रूप से 722 क होना चाहिए था । अनजाने में उसने राकेश कुमार पुत्र रामचंद्र निवासी दुल्हापुर, हुसैनाबाद जनपद लखनऊ के पक्ष में गाटा संख्या 622 क का बैनामा कर दिया था। बाद में पता चला कि त्रुटि वश उसकी जमीन 722 क के स्थान पर 622 क हो गया था । खतौनी में त्रुटि की जानकारी होने पर तहसील में तितम्मा कराकर 622 क के स्थान पर वास्तविक 722 गाटा संख्या अंकित करवा लिया था। शुद्धीकरण के दरम्यान क्रेता राकेश कुमार को बतौर समझौता गाटा संख्या 1567 क की भूमि पर कब्जा दे दिया था जिस पर राकेश कुमार द्वारा बाउंड्री वाल और दरवाजा लगा लिया गया था। राकेश कुमार समझौते का उल्लघंन कर जमीन वापस कर देने का दबाव बनाने लगे तथा बैनामा में दी गई रकम मुबलिक 11 लाख रुपए व खर्च की मांग करने लगे। और कहा कि अब जमीन उसे नहीं चाहिए बैनामा के 11 लाख रुपए वापस कर दो वह जमीन उसे वापस कर देगा । उसके द्वारा बैंक आफ इंडिया व जिला सहकारी बैंक शाखा नगराम से स्वयं व भाई सफवान के खाते से निकाल कर बैनामा में दी गई संपूर्ण राशि 11 लाख रुपए राकेश कुमार को वापस कर दिया और गवाहों के समक्ष 50 हजार रूपए नगद खर्च के भी दिया बाद में आरोपी ने समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया और अपने लड़के मोहित मिश्रा के साथ मिलकर उक्त भूमि 1567 क पर ताला बंद कर जबरन कब्जा किए हुए हैं। राकेश कुमार ने रुपए हड़प कर अमानत में खयानत की है व जमीन छोड़ने के लिए कहने पर जान से मारने की धमकी देते हैं । सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलाल गंज रजनीश वर्मा ने बताया कि पीड़ित अफ्फान द्वारा दी गई तहरीर पर आरोपी पिता पुत्र के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जेद्दा जाने वाले विमान में आई तकनीकी खराबी, विमान 2 घंटे देरी से हुआ रवाना
सरोजनी नगर के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर लखनऊ से जेद्दा फ्लाइट में टेक ऑफ से पहले विमान में तकनीकी खराबी आने से विमान को
2:15 घंटे बाद रवाना किया गया ढ्ढ चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट लखनऊ से सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी-893 जेद्दा के लिए टेकऑफ कर रहा था। पायलट को टेकऑफ से 2 मिनट पहले ही विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। विमान में 286 यात्री सवार थे । पायलट को तकनीकी खराबी का पता चलते ही वह तुरंत एटीसी और एयरलाइंस अधिकारियों को सूचित किया। एयरलाइंस ने तुरंत इंजीनियरों की टीम को बुलाया। विमान में तकनीकी खराबी को ठीक करने में इंजीनियरों को करीब ढाई घंटे लग गया । इस दौरान सभी यात्री विमान में ही बैठे रहे। खराबी दूर होने के बाद विमान को सुबह 4:45 पर जेद्दा के लिए रवाना किया गया । यह फ्लाइट सामान्य दिनों में रात 2:15 बजे रवाना होकर सुबह 6:00 बजे जेद्दा पहुंचती है । विमान में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। सबसे ज्यादा नाराजगी लखनऊ से दिल्ली जाने वाले इंडिगो फ्लाइट के यात्रियों को देखी गयी । जो तय समय से 2 घंटे बाद उड़ान भर पाए। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दिल्ली और अहमदाबाद समेत करीब आधा दर्जन उडाने लेट रहीं ।
संदिग्ध परिस्थितियों में स्कूल के लिए निकली छात्रा हुई लापता
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में घर से स्कूल के लिए निकली कक्षा 8 की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के
हनुमानपुरी निवासी का कहना है कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री कक्षा 8 की छात्रा है जो कि सुबह करीब 7:00 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी और वह कहीं लापता हो गई।पीड़ित का कहना है कि उनकी पुत्री हनुमानपुरी स्थित आवासीय पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती है। वह सुबह 7:00 बजे घर से तैयार होकर स्कूल के लिए निकली हुई थी पीड़ित का कहना है कि जब वह स्कूल से वापस घर नहीं आई तो वह पता लगाने के लिए स्कूल गये, लेकिन वह स्कूल में नहीं आयी थी । पीड़ित ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा तो वह स्कूल के गेट पर तो दिखाई पड़ रही थी, लेकिन क्लास रूम में नहीं गई ।
पीड़ित का कहना है कि उसकी पुत्री को अमौसी निवासी रवि लोधी के पुत्र आनंद ने उसे कहीं बहला फुसलाकर भगा ले गया । पीड़ित ने इसकी सूचना सरोजनीनगर थाने में दिया ढ्ढ सरोजनीनगर पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छात्रा का पता लगा रही है । फिलहाल आरोपी के पिता रवि को गौरी बीट इंचार्ज थाने पर लाकर पूछताछ कर रहे है।
नाबालिग को भगाने पर युवक को भेजा गया जेल
-मुकदमा वापस लेने के लिए बनाया दबाव बोला जेल से फोटो कर देंगे वायरल
चिनहट इलाके में नाबालिग किशोरी को भगाने वाले आरोपी के परिवार वालों ने इंस्टाग्राम पर फोटो और वीडियो वायरल कर दी। पीड़िता का
आरोप है कि केस वापस न लेने पर आरोपी का परिवार बदनाम करने की धमकी देता है। चार दिन पहले किशोरी और आरोपी लड़के की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। जबकि आरोपी युवक जेल में है। सेमरा गांव चिनहट की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि 15 मई को हिमांशू पुत्र दिनेश के खिलाफ चिनहट थाने में नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग बेटी को बरामद कर आरोपी हिमांशु को जेल भेज दिया था। इसके बाद से आरोपी हिमांशु के माता-पिता व एक संध्या नाम की महिला केस वापस लेने की धमकी देते हैं। वरना फोटो वायरल करने की धमकी देकर बदनाम करने की धमकी देते हैं। 9 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे हिमांशु नाम की इंस्टाग्राम आईडी से बेटी व आरोपी की फोटो वायरल कर दी। पीड़िता के गांव के लोगों ने पूछा तब उसे इस बात की जानकारी हुई। पीड़िता व उसकी बेटी घटना के बाद से परेशान हैं। किसी अनहोनी के डर से पुलिस के पास शिकायत की है। पुलिस मुकदमाद दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
स्वतंत्रता दिवस पर बुधवार से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
स्वतंत्रता दिवस समारोह- 2025 के तहत 15 अगस्त को विधानसभा पर झंडारोहण कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
इसके लिए 13 और 14 अगस्त को सुबह 9 बजे से रिहर्सल के दौरान भी डायवर्जन किया जाएगा।झंडारोहण के समय विधानसभा मार्ग पर रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहा से हजरतगंज (अटल चौक) चौराहा के बीच यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। चारबाग से आने वाली रोडवेज बसें, कॉमर्शियल और बड़े वाहन तिराहा से विधानसभा मार्ग की ओर नहीं जाएंगे, इन्हें लोको चौराहा, कैंट या हुसैनगंज चौराहा से कैसरबाग होकर भेजा जाएगा।छोटे वाहन हुसैनगंज से रॉयल होटल की ओर नहीं जा सकेंगे, इन्हें कैसरबाग या सदर कैंट से होकर जाना होगा। महानगर, निशातगंज और पीएनटी से आने वाली बसें संकल्प वाटिका से विधानसभा मार्ग नहीं जाएंगी, इन्हें बैकुंठधाम, पीएनटी, 1090, गोल्फ क्लब, बंदरियाबाग होते हुए रूट दिया जाएगा।छोटे वाहन सिकंदरबाग से हजरतगंज की ओर नहीं जा पाएंगे,इन्हें सहारागंज, चिरैयाझील या दैनिक जागरण चौराहा से डायवर्ट किया जाएगा।सुभाष चौराहा से हजरतगंज और विधानसभा मार्ग की ओर यातायात कैसरबाग, केडी सिंह बाबू स्टेडियम या 1090 चौराहा होकर भेजा जाएगा। कैसरबाग, वीआईपी रोड और सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहन गोल्फ क्लब से विधानसभा मार्ग की ओर नहीं जा सकेंगे, इन्हें कैँट होकर भेजा जाएगा। गोमतीनगर, अयोध्या रोड और 1090 चौराहा से आने वाला यातायात गोल्फ क्लब या बंदरियाबाग से हजरतगंज नहीं जा पाएगा, इन्हें लालबत्ती चौराहा से कैंट भेजा जाएगा। वहीं जरूरी मेडिकल स्थिति, एम्बुलेंस, शव वाहन और स्कूली वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों पर भी पुलिस अनुमति देगी।
सबसे ज्यादा चालान कराने वाली बाइकों की लिस्ट जारी
शहर में ट्रैफिक नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले बाइकर्स पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। ट्रैफिक पुलिस ने उन 10 बाइकों की
सूची तैयार की है, जिन पर सबसे ज्यादा चालान दर्ज हैं। चालान शुल्क का भुगतान न करने पर अब आरटीओ इनके स्वामियों का ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।सूची में पहले नंबर पर यूपी 32 एचसी-72 नंबर की बाइक है, जिस पर कुल 127 चालान दर्ज हैं। दूसरे स्थान पर यूपी 32 इएस 5–1 है जिस पर 117 चालान हैं। वहीं तीसरे स्थान पर यूपी 32 डीएफ 62– बाइक है, जिस पर 110 चालान हैं। इसके अलावा कई और बाइकें हैं जिस पर काफी चालान हैं।ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा और कानून पालन सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है, ताकि शहर में लापरवाह ड्राइविंग पर रोक लगाई जा सके।
दो बाइक की टक्कर में एक की मौत
मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़रा निवासी विनय (45) की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार सुबह विनय अपनी पत्नी शर्मा देवी और 2
वर्षीय बेटे विराट के साथ रहीमाबाद जा रहे थे।रहीमाबाद थाना क्षेत्र के भावा खेड़ा मोड़ के पास रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में सड़क पर गिरने से विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल विनय को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में माता रामावती, पत्नी शर्मा देवी और बच्चे दीपिका, काजल, विक्रांत, विराट हैं। रहीमाबाद इंस्पेक्टर आनंद द्विवेदी ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्विफ्ट सवार चोरों निजी कंपनी डायरेक्टर के घर चोरी की चोरी
-डीवीआर भी लेकर गये चोर साथ दिखे असलहे
गोमतीनगर थाना क्षेत्र में हाईटेक चोरों ने रक्षाबंधन मनाने गए प्राइवेट कंपनी के डायरेक्टर के बंद मकान को निशाना बनाया। चोर स्विफ्ट कार
से पहुंचे। अंदर घुसकर करीब एक घंटे तक पूरे घर को खंगाला। घर में रखे कीमती जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने विभूति खंड थाने में तहरीर दी है। पीड़ित विजयंत खंड गोमतीनगर निवासी राम नारायन सिंह प्राइवेट कंपनी के डायरेक्टर हैं। वह शनिवार को रक्षाबंधन मनाने अपने परिवार के साथ कानपुर गए थे। सोमवार को शाम करीब 5:30 बजे वापस लौटे, तो घर की कुंडी टूटी थी। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त था। सीसीटीवी चेक करने के लिए गए, तो डीवीआर भी गायब था। पीड़ित राम नारायन ने बताया- ग्राउंड फ्लोर में सबकुछ अस्त व्यस्त देखने के बाद फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचे। वहां भी किराएदार अपूर्वा सिंह का कमरा अस्त व्यस्त मिला। अपूर्वा भी त्योहार के चलते अपने घर गई थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पूरी घटना पास के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में एक स्विफ्ट कार आती दिख रही है। उसमें बैठे चोर घर के सामने रुककर अंदर देखते हैं, फिर गाड़ी को आगे लगाते हैं।दो युवक उतरकर घर में घुसते हैं। चोरी करके एक घंटे बाद निकल जाते हैं। इस दौरान बाइक से दो युवक रेकी करते हैं। पीड़ित का कहना है रेकी करने वाले युवक हाथ में असलहा भी दिख रहा है।
होटल कर्मी की हत्या में आरोपी को असलहा देने वाला गिरफ्तार
राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती 27 जुलाई को विकल्प खंड स्थित ईशान इन होटल में काम करने वाले दिवाकर यादव की गोली
मारकर हुई हत्या के मामले में मुख्य हत्यारोपी आकाश तिवारी को असलहा देकर हत्या मामले में सहयोगी सत्य प्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी आकाश ने पुलिस को बताया था कि घटना में प्रयुक्त तमंचा अपने दोस्त सत्य प्रकाश से लिया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पाली रामापुर भगाही गांव निवासी सत्यप्रकाश उर्फ प्रकाश यादव की गिरफ्तारी में इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में डी सी पी पूर्वी की क्राइमटीम, एवं सर्विलांस की टीम लगी हुई थी। घटना में पुलिस मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
