LUCKNOW:स्वतंत्रता दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की सुरक्षा को लेकर डीजीपी सख्त,अफसरों को दिए कड़े निर्देश

-कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष सुरक्षा प्रबन्ध किये जाये
-प्रदेश एवं जिलों के सभी प्रवेश द्वारों पर की जाये निरन्तर प्रभावी चेकिंग

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 

लखनऊ:पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने स्वतंत्रता दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर उच्चस्तर की सतर्कता सुनिश्चित करने के प्रदेश भर के पुलिस अफसरों को कड़े निर्देश दिये है।डीजीपी ने कहा है कि समस्त महत्वपूर्ण आयोजनों व कार्यक्रमो यथा तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी तथा झांकी आदि को सूचीबद्ध कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का प्रभावी व्यवस्थापन किया जाये।कार्यक्रम से पूर्व एण्टी-सैबोटॉज चेकिंग हर हाल में करा ली जाए।सभी कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष सुरक्षा प्रबन्ध किये जाये, रूफ-टाप ड्यूटी लगायी जाये तथा सुनियोजित ट्रैफिक प्रबन्ध किया जाए।इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न की जाये।

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि रेलवे स्टेशन व मेट्रो स्टेशन तथा बस स्टेशन और एयरपोर्ट, सिनेमाहाल, मल्टीप्लेक्स, मनोरंजन के स्थल और शॉपिंग माल, होटल, धर्मशाला, गेस्टहाउस तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेषरूप से सुरक्षा प्रबन्ध किये जायें तथा सुरक्षा कर्मियों को विधिवत ब्रीफ करने के उपरान्त ड्यूटी पर लगाया जाए।प्रदेश एवं जिलों के सभी प्रवेश द्वारों पर निरन्तर प्रभावी चेकिंग की जाये।सभी चेकपोस्ट एवं बैरियर ड्यूटी को सतर्क व समुचित ब्रीफ किया जाए।सभी सी0सी0टी0वी0 कैमरों को क्रियाशील रखा जाए।
माइक्रोलाइट एयर क्राफ्ट, पैराग्लाइडर, हैंगग्लाइडर, ड्रोन्स एवं अन्य मानव रहित विमानों की उड़ानों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। नियमों एवं मानको के विपरीत इनकी उड़ान प्रतिबन्धित की जाए।

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि जिले केअभिसूचना तन्त्र व सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया जाए। प्रतिबन्धित संगठनों तथा आतंकवादी संगठनों से सम्बन्धित प्रत्येक गतिविधि पर गहन निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।अन्य प्रदेशों के सीमावर्ती जनपदों से अवांछनीय तत्वों व संगठनों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुये रेल, सड़क एवं हवाई आवागमन पर विशेष सतर्कता बरती जाए।अवैध शस्त्रों व कारतूसों, शराब एवं विस्फोटक पदार्थों की तस्करी रोकने एवं संदिग्ध व्यक्तियों के आवागमन पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु स्थायी चेक पोस्ट के अतिरिक्त अस्थायी चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की आकस्मिक चेकिंग करायी जाए।विभिन्न आवासीय कालोनियों में किरायेदारों का अभियान चलाकर सत्यापन अवश्य करा लिया जाए।संवेदनशील धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा निर्धारित एस0ओ0पी0 के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि सभी जिलों और कमिश्नरेट में नियमित रूप से प्रातःकालीन पोस्टर पार्टी का गठन कर चेकिंग सुनिश्चित की जाये।स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों की अचूक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस बल को समुचित ब्रीफ करते हुए उच्च सतर्कता रखी जाए। नियमित चेकिंग, प्रभावी फुट पेट्रोलिंग एवं अधिक से अधिक बल के साथ फ्लैग मार्च किया जाये।

किसी नई परम्परा की अनुमति कदापि न दी जाये

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर सभी जिलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के सभी आयोजन, पंडाल, मंदिर एवं जुलूसों को सूचीबद्ध कर योजनाबद्ध पुलिस व्यवस्थापन किया जाये।सभी आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं की सम्भावित संख्या का आंकलन करते हुये सुदृढ़ सुरक्षा एवं यातायात प्रबन्ध किया जाय। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर जिला स्तर पर पुलिस प्रबन्ध वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने निर्देशन में तैयार कराया जाये।प्रत्येक थाने पर उपलब्ध त्यौहार रजिस्टर तथा रजिस्टर नं०-08 में उपलब्ध प्रविष्टियों का अध्ययन कर लिया जाय तथा किसी नई परम्परा की अनुमति कदापि न दी जाय।असामाजिक व साम्प्रदायिक तत्वों की सूची को अद्यावधिक किया जाय और आवश्यकता पड़ने पर इन साम्प्रदायिक एवं अवॉछनीय तत्वों के विरुद्ध कड़ी निरोधात्मक कार्यवाही की जाये।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विवाद को तत्काल सुलझाएं अफसर

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि जिलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के विभिन्न कार्यक्रमों मेला के आयोजकों व प्रबन्धको तथा धर्मगुरूओं के साथ गोष्ठी कर ली जाये। गोष्ठी में स्थानीय मजिस्ट्रेट व विद्युत, नगर निगम, जल निगम, पीडब्लूडी आदि विभागों के अधिकारियों को भी आमंत्रित कर आयोजकों द्वारा संज्ञान में लायी गयी समस्याओं का सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित कर निस्तारण कराया जाये।बीते वर्षों में अथवा इस वर्ष अभी तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर जिन-जिन स्थानों पर किसी प्रकार का विवाद परिलक्षित हुआ हो, वहाँ पुलिस एवं राजस्व विभाग के राजपत्रित अधिकारियों द्वारा स्थिति का अध्ययन कर विवाद को सुलझाने तथा संवेदनशीलता को दूर करने के लिये कड़ी कार्यवाही की जाये।

संवेदनशील स्थलों की ड्रोन कैमरा से हो चेकिंग

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि सभी जिलों की पुलिस लाइन तथा मंदिरों में वृहद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। काफी अधिक संख्या में श्रद्धालु, महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग सम्मिलित होते हैं। इन कार्यकमों को सम्पन्न कराने के लिए जिले के प्रभारी द्वारा प्रभावी सुरक्षा व यातायात प्रबन्धन किया जाये।अधीनस्थ कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिये जायें कि वे अपने बीट में जाकर सभी प्रकार के विवाद आदि की जाँच कर लें एवं बीट सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ अधिकारी मौकों पर जाकर विवाद को समय रहते हल कर लें। विभिन्न विवाद के स्थलों, मार्गो का भ्रमण जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक व उप जिलाधिकारी तथा क्षेत्राधिकारी द्वारा भी कर लिया जाये।शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए समुचित वीडियोग्राफी करायी जाये।सभी कार्यकम स्थलों के आसपास तथा जुलूसों के मार्ग पर स्थित सीसीटीवी कैमरो को सक्रिय करा लिया जाये। महत्वपूर्ण संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरा से भी चेकिंग करायी जाये।

थाना प्रभारी व क्षेत्राधिकारी प्रत्येक छोटी से छोटी घटना को गम्भीरता से लेते हुये तत्काल घटनास्थल का करें निरीक्षण

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि शोभायात्रा और जुलूसों में सुरक्षा के लिये योजनावद्ध रूप से पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध किया जाय।सभी महत्वपूर्ण आयोजनों में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्थापन किया जाये।थाना प्रभारी व क्षेत्राधिकारी द्वारा प्रत्येक छोटी से छोटी घटना को गम्भीरता से लेते हुये तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर विवाद को हल करने तथा साम्प्रदायिक संवेदनशीलता को समाप्त करने हेतु कड़े एवं प्रभावी प्रबंध किये जाये तथा संवेदनशील एवं साम्प्रदायिक स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाये।

जॉच के लिए किया जाये श्वान, बम निरोधक दल का प्रयोग

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों एवं संवदेनशील व धार्मिक स्थानों पर आवश्यकतानुसार चेकिंग करायी जाये। जॉच हेतु यथावश्यक श्वानदल, बम निरोधक दल आदि का भी प्रयोग किया जाये।महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा हेतु पर्याप्त संख्या में सादी वर्दी में पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाये।विभिन्न शहरों, कस्बों तथा मोहल्लों में पूर्व में गठित शान्ति समितियों की बैठक आयोजित कर सम्मान्त नागरिकों, शान्ति समितियों के सदस्यों का सहयोग प्राप्त किया जाये।जिलों में उपलब्ध कर्मियों तथा संसाधनों का पूर्णरूपेण उपयोग किया जाए। जनपद मुख्यालय पर पर्याप्त संख्या में पुलिस व पीएसी बल रिजर्व में रखा जाय। जनपद स्तर पर आकस्मिक घटना को दृष्टिगत रखते हुये एक योजना तैयार कर समय-समय पर रिहर्सल आदि भी करा लिया जाय। भीड़ नियंत्रण दंगा नियंत्रण से सम्बन्धित उपकरणों को तैयारी की हालत में रखा जाय। अभिसूचना इकाई के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा विभिन्न असामाजिक, अवॉछनीय एवं साम्प्रदायिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाय एवं विभिन्न अभिसूचना इकाईयों के माध्यम से प्राप्त होने वाली लाभप्रद सूचनाओं के आधार पर समय रहते प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

राउण्ड द क्लॉक की जाये सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग

डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा है कि सोशल मीडिया की राउण्ड द क्लॉक मॉनिटरिंग की जाये। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे-फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर एवं बाट्सएप आदि पर सतर्क दृष्टि रखते हुए भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित होने पर संज्ञान में आते ही उसे ब्लॉक करते हुए सम्बन्धित के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए प्रभावी खण्डन किया जाये।चौदह अगस्त को चेहल्लुम तथा सोलह अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भी पर्व मनाया जायेगा। इस सम्बन्ध में दोनों के आयोजकों से मजिस्ट्रेट के साथ वार्ता व गोष्ठी कर यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि कहीं कोई विवाद न होने पाये। जिले के पुलिस प्रबन्ध योजना में इसका समावेश करते हुये बरिष्ठ अधिकारी स्वयं अपने पर्यवेक्षण में पुलिस प्रबन्ध सुनिश्चित करायें।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *