-5घायलों की पहचान,एक अज्ञात की मौत,चार लोग प्राथमिक उपचार के बाद घर गए
- REPORT BY:AADITYA DIXIT || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ। तेलीबाग बाजार स्थित वरदानी हनुमान मंदिर में जन्माष्टमी पर्व मना रहे भक्तों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंद दिया।करीब दस लोग घायल हो गए,2 की हालत गंभीर है, वहीं एक व्यक्ति की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई।मिली जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की है,वरदानी हनुमान मंदिर तेलीबाग में जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा था, जिसमें भक्तों की भारी भीड़ थी,सब का ध्यान भगवान श्री कृष्ण के जन्म उत्सव की तरफ था।तभी राय बरेली की तरफ से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भीड़ को टक्कर मार दी,चीख-पुकार मच गई , लोग ड्राइवर को पकड़ने दौड़े तो उसने बैक गियर में गाड़ी दौड़ा दी जिससे पीछे की तरफ खड़े लोग उसकी चपेट में आ गए।फिर दूसरी गाड़ियों में टक्कर मारता चला गया। इस दौरान कार का एक टायर फट गया, लेकिन वह फटे टायर पर ही गाड़ी दौड़ाता रहा।इसी दौरान एक पुलिस का सिपाही बाइक से वहां पहुंचा, और कार का पीछा शुरू कर दिया। यह देखकर ड्राइवर ने कार रोकी, और सिपाही से हाथापाई करने लगा। तब तक पीछे से पहुंचे लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया।पुलिस ने बताया- घायलों को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान हुसैनगंज निवासी अक्षय सिंह के रूप में हुई है। गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा था। आरोपी के खिलाफ तीन जिलों में हत्या और लूट के 8 मामले दर्ज हैं।
लहरा रही थी उसकी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शी सुरेश ने बताया- लोग जन्माष्टमी मनाने में व्यस्त थे। उसी समय एक नई उम्र का लड़का स्कॉर्पियो लेकर पीछे से सबके ऊपर चढ़ाता चला गया। इस दौरान उसने डिवाइडर पर भी गाड़ी चढ़ा दी। भीड़ उसके आगे आ गई तो वह गाड़ी बैक करते हुए कुछ गाड़ियों को ठोंकता हुआ चला गया।उसके बाद फिर आगे को बढ़ाते हुए कुछ और लोगों को रौंदता चला गया। उसकी गाड़ी लहरा रही थी। वह आगे जाकर पकड़ा गया।हादसे में घायल युवक राजेश की पत्नी नगमा ने पीजीआई थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया- मेरे पति बच्चे के साथ जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शामिल होने वरदानी हनुमान मंदिर तेलीबाग जा रहे थे। उसी समय शनि मंदिर चौराहे की की तरफ से एक बेकाबू स्कॉर्पियो (UP 32 PZ 3317) ने उन लोगों को टक्कर मार दी। पति राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के खड़े लोगों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की तो उसने उन लोगों पर भी गाड़ी चढ़ा दी।घटना में घायल हुए विजय ने बताया- पहले तो वह स्पीड में आया। एक गाड़ी को उसने जोरदार ठोकर मारी। उसके बाद लोगों को मारते चला गया। हम लोगों ने उसे जबरदस्ती रोकने की कोशिश की। तब वह बैक करने लगा। तेजी से बैक करते हुए वह पीछे वाले लोगों को भी रौंदने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान एक व्यक्ति पहले से खड़ी गाड़ी के नीचे चला गया। वह नीचे-नीचे ही घिसट रहा था। जैसे ही वह आगे बढ़ा तो मैं गाड़ी से लड़ गया। गाड़ी से लड़ते ही छिटककर रोड पर लगी रेलिंग में मेरा सिर टकरा गया और आंख के ऊपर चोट लग गई।
-10 घायलों में 5 की पहचान, 1 अज्ञात
सभी घायल तेलीबाग क्षेत्र के निवासी हैं। अब तक आनंद प्रकाश वर्मा, उनके बेटे 9 साल के आरुष वर्मा, एक अन्य बच्चे युवराज, राजेश,विजय निवासी गल्ला मंडी तेलीबाग की पहचान हुई है। एक घायल की पहचान नहीं हो सकी। उसने दोपहर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह नेपाली मूल का था और तेलीबाग चौराहे पर चाऊमीन का ठेला लगाता था। वहीं, अन्य 4 घायलों को मामूली चोट आई थीं, जो फर्स्ट एड कराकर अपने घर चले गए थे।आनन्द प्रकाश,और राजेश गंभीर रूप से घायल हैं।
ड्राइवर पर लूट, हत्या, धमकी के 8 मुकदमे दर्ज
पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया- ड्राइवर की पहचान सागर उर्फ अक्षय सिंह के रूप में हुई है। वह नशे में गाड़ी चला रहा था। आरोपी के खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में लूट, हत्या और धमकी के 8 मुकदमे दर्ज हैं। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि गाड़ी पर राजनीतिक पार्टी का झंडा कैसे लगा हुआ था।इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक नेपाली मूल का युवक था लेकिन उसका नाम नहीं मिल पाया, अस्पताल से डेथ मेमो नहीं आया है।
दिल्ली कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
-पशु प्रेमी, कार्यकर्ता और आम नागरिक सड़कों पर उतरे, आदेश वापस लेने की मांग
दिल्ली में कुत्तों पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के विरोध में रविवार को राजधानी लखनऊ में पशु प्रेमियों, अधिकार कार्यकर्ताओं, वकीलों, पशु
चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदेश से आवारा कुत्तों की स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा और देशभर में पशु क्रूरता बढ़ सकती है
प्रदर्शन में उठी आवाजें
कुत्ते समाज का अहम हिस्सा हैं, इन्हें हटाना संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ।कई लोगों ने अपने पालतू और आवारा कुत्तों के साथ रैली में भाग लिया।प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर-बैनर लहराकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को वापस लेने की मांग की।
प्रमुख मुद्दे जिन पर हुई चर्चा
वैज्ञानिक रिपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों में साफ है कि कुत्तों को हटाने से समस्या का हल नहीं निकलता।कुत्तों को गाड़ियों से कुचलने और हिंसा रोकने के लिए सख्त कदम की जरूरत।“स्ट्रे डॉग्स” को दुश्मन मानने की मानसिकता बदलनी होगी, उन्हें समाज का हिस्सा बनाना होगा।
सुझाए गए समाधान
ABC नियम 2023 का पालन – नसबंदी और टीकाकरण ही समस्या का स्थायी हल। जन-जागरूकता अभियान – स्कूलों व मोहल्लों में Do’s & Don’ts बताकर इंसानों और कुत्तों के बीच तालमेल बढ़ाना। सकारात्मक रिपोर्टिंग – मीडिया से संवेदनशील समाचार प्रस्तुत करने की अपील।भारतीय संस्कृति – कुत्तों को गोद लेने और उनकी सेवा को बढ़ावा देने पर जोर।प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की कि आदेश पर पुनर्विचार किया जाए और भारतीय पशु कल्याण बोर्ड (AWBI) से परामर्श लेकर ही आगे की कार्यवाही हो।
पीजीआई कोतवाली परिसर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, भजन-कीर्तन से गूंजा परिसर…..
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पीजीआई कोतवाली परिसर में शनिवार को भव्य जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में भजन-कीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसे बेहद भव्य और अनुशासित ढंग से संपन्न कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर झूमकर नृत्य किया और देर रात तक जन्माष्टमी की धूम बनी रही।कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक, पत्रकार बंधु, राजनीतिक दलों के नेता सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर झांकियां सजाई गईं और मध्य रात्रि को कान्हा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने माखन-मिश्री का प्रसाद ग्रहण कर आनंद की अनुभूति की।इस अवसर पर इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य पालन का संदेश देता है। उन्होंने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे और आपसी एकजुटता को बढ़ावा मिलता है।
