-मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव-2025 के पंजीकरण अभियान का राज्यसभा सांसद डाॅ दिनेश शर्मा ने किया शुभारम्भ
- REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK
लखनऊ ।राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर शुक्रवार को मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव-2025 में खिलाड़ियो के पंजीकरण अभियान का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद व पूर्व उपमुख्यमंत्री डाॅ०दिनेश शर्मा ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर व पूर्व मंत्री मोहसीन रजा,भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, क्षेत्रीय विधायक अमरेश कुमार रावत की मौजूदगी में पंजीकरण काउंटर का फीता काटकर किया।जिसके बाद सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शुभारम्भ कार्यक्रम का आयोजन मोहनलालगंज के एक रिसार्ट में किया गया।मुख्य अतिथि डाॅ०दिनेश शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारत की खेल प्रतिभाएं आज हर प्रकार के खेल में जीत का परचम लहरा रही हैं। गांव की चौपालें खेल प्रतिभाओं का असल केन्द्र हैं।गांव से निकली प्रतिभाएं खेलों में पदक हासिल कर दुनिया अचंभित कर रही हैं। इन खेलों में गांव से लेकर ब्लाक स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये खेल महोत्सव हर देशवासी के लिए आयोजित किए जा रहे है तथा इसमें किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं है। इस महोत्सव से युवाओं में खेल भावना के विकास के साथ ही नेतृत्व क्षमता भी विकसित होगी। सांसद खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वस्थ भारत का निर्माण करने का है। उन्होंने इस मौके पर खिलाडियों को शपथ भी दिलाई।पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा की खिलाडी वह होता है जिसके लिए राष्ट्र प्रथम होता है और वह राष्ट्र के सम्मान के लिए खेलता है। खेल में हार जीत लगी रहती है। हार जहां सबक देती है वहीं जीत से भविष्य के लिए नया उत्साह मिलता है। श्री कौशल किशोर ने खिलाड़ियों को नशा से दूर रहने की सलाह दी।पूर्व मंत्री मोहसीन रजा ने कहा मोदी सरकार प्रतिभाओ को तराशने और उन्हे सुविधाएं उपलब्ध कराने में संसाधनो का प्रयोग कर रही है।इसका परिणाम है हमारे देश के खिलाड़ी मेडल जीतने का रिकार्ड बना रहे है।क्षेत्रीय विधायक अमरेश कुमार रावत ने अतिथियो को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेटकर स्वागत किया।पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री ने बताया सांसद खेल प्रतियोगिता में 29 अगस्त से 17 सितम्बर तक खिलाड़ियो का पंजीकरण किया जायेगा।पहले दिन 25 गांव के खिलाड़ियो ने पंजीकरण कराया।इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा,पूर्व राज्यमंत्री सुधाकर त्रिपाठी,जिला सहकारी बैंक लखनऊ के अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह,वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेन्द्र दीक्षित,भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक तिवारी,ब्लाक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला,पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण लोधी,पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी,भाजयुमो जिलाध्यक्ष धीरू पांडे,सर्वेश पांडे,प्रधान संघ अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह,प्रधान अभय कान्त दीक्षित समेत काफी संख्या में भाजपा नेताओ समेत छात्र मौजूद रहे।
नगर पंचायत में हरिशंकरी महोत्सव का हुआ आयोजन,ईओ ने किया वृक्षारोपण
नगर पंचायत मोहनलालगंज में शुक्रवार को हरिशंकरी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अंकिता देवी ने
वृक्षारोपण करते हुये कहा कि पेड़ लगाना न केवल पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हमारे जीवन के लिए भी आवश्यक है।
इस अवसर पर पेड़ों के महत्व को समझाते हुए कहा गया कि “जो पेड़ लगाता है, वह अपने अलावा दूसरों से भी प्रेम करता है।” और “पेड़ों से चरित्र, जड़ों से मूल्य और पत्तियों से परिवर्तन सीखें।”कार्यक्रम में गायत्री परिवार और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लोगों ने भाग लिया।
सभासद प्रतिनिधि आनंद द्विवेदी, सभासद अरुण रावत और क्षेत्र पर्यवेक्षक अंकित पाण्डेय और गौरव शुक्ला भी उपस्थित थे।
स्वच्छता कर्मचारियों के सहयोग से ग्राम वासियों की उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा और पेड़ लगाने का संकल्प लिया।
पूर्वी माता मंदिर में ग्रामीणो ने किया हवन-पूजन
मोहनलालगंज के मऊ गांव में स्थित सिद्ध पीठ पूर्वी माता मंदिर में शुक्रवार को जनकल्याण हेतु ग्रामीणो ने हवन-पूजन कर माता की आराधना की।ग्रामीणो की माने तो हवन-पूजन व माता की आराधना का उद्देश्य जनकल्याण और समाज की भलाई के लिए किया गया।आयोजन शिवाय सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी ,रंजीत यादव व विनीत कुमार के द्वारा पूरी श्रद्धा और भक्ति से किया गया, जिसमें पंडित रमेश मिश्रा जी द्वारा वैदिक मंत्रों के साथ हवन किया गया।आशीष चतुर्वेदी ने कहा इस प्रकार के आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार होता है। इस मौके पर अरुणेश प्रताप सिंह, राजेंद्र शुक्ला, शशांक मिश्रा, मनीष तिवारी, आशीष द्विवेदी, प्रांशुल तिवारी, कल्लू यादव, अभिजीत सिंह यादव समेत सैकडो की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सन्त फ्रांसिस स्कूल में खो-खो प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
निगोहां के सन्त फ्रासिंस इंटर कालेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खो- खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।जिसमें
मोहनलालगंज के छ: स्कूलों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।खो-खो प्रतियोगिता का पहला मैच पीएस गौरा और कैपिटल वर्ड स्कूल मीरकनगर की टीमें आमने-सामने रहीं। दिन भर चले इस रोमांचक आयोजन में कुल पांच मैच खेले गए। अंतिम और निर्णायक मुकाबला सन्त फ्रांसिस इंटर कॉलेज तथा सन्त जूडस स्कूल मोहनलालगंज के बीच हुआ, जिसमें सन्त फ्रांसिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खो-खो प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।सन्त जूडस स्कूल उपविजेता रहा।
प्रधानाचार्य विजय कुमार क्रिस्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर आयोजित की गयी।
अतिथियो ने विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड, ट्रॉफी और मैडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
