सरोजनीनगर:बंथरा में घर से लाखों के गहने, नकदी ले उड़े चोर, क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खांडेदेव में 4 सितंबर 2025 को चंद्रपाल मौर्य के घर में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चंद्रपाल मौर्य ने थाना प्रभारी को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर के बाहर मैदान में सो रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जब वह जानवरों को चारा देने के लिए उठे, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण नहीं खुला। बाहर से सीढ़ी के सहारे छत पर जाकर देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।चोर उनके बक्से को उठा ले गए, जिसमें पैजेब, झुमकी, लॉकेट, पायल, गले का हार, हाफ पेटी, मांग बेदी, मंगलसूत्र, बिछिया, अंगूठी और 30,000 रुपये नकदी थी। चंद्रपाल ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घर के पीछे 200 मीटर दूर बाग में टूटा हुआ बक्सा मिला, लेकिन उसमें रखे गहने और नकदी गायब थे।चंद्रपाल मौर्य ने थाना प्रभारी से उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से विकलांग गंभीर रूप से घायल

बंथरा थाना क्षेत्र के लखनऊ-कानपुर रोड पर 29 जुलाई 2025 को रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। नरेंद्र कुमार शर्मा, निवासी राधे खेड़ा, खांडेदेव, बंथरा, ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई अमरेंद्र शर्मा (30 वर्ष), जो विकलांग है, पैदल जा रहा था। अन्नपूर्णा ढाबा और एनबीआरआई बंथरा के बीच अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी, जिससे अमरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल को तत्काल एंबुलेंस से लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, फिर नरेंद्र ने अपनी सुविधा के लिए उसे एपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि अमरेंद्र के सिर में ब्लड क्लॉटिंग की समस्या है और इलाज के बावजूद उनकी मानसिक स्थिति स्थिर नहीं है। नरेंद्र ने 4 सितंबर 2025 को बंथरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर अज्ञात वाहन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीएसी कॉन्स्टेबल पर जानलेवा हमला

-जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, मुकदमा दर्ज

राजधानी के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में 32वीं वाहिनी PAC के आवासीय परिसर में तैनात STF मुख्यालय के कॉन्स्टेबल मोहित कुमार ने उसी वाहिनी के कॉन्स्टेबल अकबर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोहित कुमार ने अपनी तहरीर में कहा कि अकबर ने जान से मारने के इरादे से धारदार हथियार से हमला किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। हमले में मोहित को गंभीर चोटें आई हैं।मोहित कुमार, जिनका PNO 160501094 है और जो कानपुर नगर के सतवरी निवासी हैं, ने प्रभारी निरीक्षक, थाना सरोजनीनगर से मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।

सरोजनीनगर स्कूटर इंडिया गेट के पास दर्दनाक हादसा

-डंपर की टक्कर से विद्युत पोल टूटा, एक की मौत

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में गौरी चौराहा से गहरु रोड पर स्कूटर इंडिया गेट के सामने आर्यन ट्रेडर्स के पास मौरंग उतारने आए डंपर (नंबर UP 78 GN 5008) के चालक ने लापरवाही से वाहन बैक करते समय 220 वोल्ट के विद्युत पोल को टक्कर मार दी। इस हादसे में पोल और बिजली की लाइनें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, साथ ही पास खड़े उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर निवासी ललई रावत (35 वर्ष) पुत्र जियालाल डंपर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल सरोजनीनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। ललई रावत के परिवार में पत्नी, एक 10 वर्षीय बेटा और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

CISF की पहली पूर्ण महिला कमांडो यूनिट तैयार,अग्रिम मोर्चे पर संभालेंगी जिम्मेदारी

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अपनी पहली पूर्ण महिला कमांडो यूनिट का गठन किया है। यह यूनिट अग्रिम पंक्ति की परिचालन भूमिकाओं में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने का प्रतीक है।  सरोजनी नगर स्थित अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात सीनियर कमांडेंट अनूप कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के बरवाहा में क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (RTC) में 8 सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण चल रहा है। इसमें हथियार संचालन, लाइव-फायर अभ्यास, बाधा दौड़, रैपलिंग, जंगल में जीवित रहने की कला और 48 घंटे का आत्मविश्वास निर्माण अभ्यास शामिल है।पहले बैच में 30 महिलाएँ 11 अगस्त से 4 अक्टूबर 2025 तक प्रशिक्षण ले रही हैं, जबकि दूसरा बैच 6 अक्टूबर से 29 नवंबर 2025 तक प्रशिक्षित होगा। शुरुआती चरण में 100 महिला कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन्हें हवाई अड्डों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर तैनात किया जाएगा। वर्तमान में CISF में 12,491 (लगभग 8%) महिलाएँ कार्यरत हैं। गृह मंत्रालय के 10% महिला बल के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 2026 में 2,400 महिलाओं की भर्ती होगी।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *