-ब्लड सैंपल महीनों तक लैब में पड़े, डॉक्टरों पर कमीशन के लिए बाहर की दवाइयां लिखने का आरोप
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। राजकीय लोकबंधु अस्पताल में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। मरीजों के ब्लड सैंपल महीनों तक लैब में पड़े रहने की शिकायत मिली है, जिससे संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसके अलावा, कई चिकित्सकों पर मरीजों को बाहर की दवाइयां लिखने और विशिष्ट मेडिकल स्टोर तक बताने के आरोप हैं। सूत्रों का दावा है कि डॉक्टरों को इसके एवज में कमीशन मिलता है। अस्पताल प्रशासन को शिकायतें मिलने के बावजूद अभी तक किसी डॉक्टर पर कार्रवाई नहीं हुई है। मुख्य चिकित्साधीक्षक मेजर डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि प्रतिदिन 3-4 हजार ओपीडी में 4-5 हजार ब्लड सैंपल जांच के लिए लिए जाते हैं। गाइडलाइन के अनुसार, 24 घंटे से पुराने सैंपल नष्ट किए जाते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि बाहर की दवाइयां लिखना नियमविरुद्ध है और इसकी जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
नगर निगम लेखपाल के साथ अभद्रता और मारपीट का प्रयास,सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला
थाना पीजीआई क्षेत्र में मंगलवार को नगर निगम लेखपाल संदीप कुमार के साथ विवाद और अभद्रता का मामला सामने आया है। लेखपाल ने थाना पीजीआई में तहरीर देकर बताया कि वह डीएम के आदेश पर सरोजनीनगर तहसील के ग्राम सभा कल्ली पश्चिम में गाटा संख्या 182 ब (ऊसर भूमि) की पैमाइश कर रहे थे। इस दौरान खातेदार मोहम्मद अली अहमद, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों ने पैमाइश का विरोध किया। जांच में पाया गया कि अली अहमद और उनके परिवार का कब्जा खतौनी में दर्ज क्षेत्रफल से अधिक है। लेखपाल द्वारा नया निर्माण रोकने की हिदायत पर परिवार ने धमकी दी और लेखपाल का मोबाइल छीनने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उनकी गिरेबान पकड़कर अभद्रता की गई। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। लेखपाल ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने थाना पीजीआई पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घर से मोबाइल और नकदी चोरी, प्राथमिकी दर्ज
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी बाज़ार निवासी अमन गोस्वामी के घर से अज्ञात चोर ने 11 सितंबर 2025 की रात लगभग 2 बजे छत के रास्ते घुसकर Realme 9 Pro मोबाइल (कीमत 15,254 रुपये, IMEI: 860006062731951) और 20,000 रुपये नकद चुरा लिए। अमन ने थाना सरोजिनी नगर में शिकायत दर्ज कर चोरी हुए सामान की बरामदगी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दादूपुर में अट्ठाईसा क्षत्रिय चेतना समिति की हुई बैठक,विजयदशमी समारोह कार्यक्रम की तैयारियां को लेकर हुई चर्चा
अट्ठाईसा क्षत्रिय चेतना समिति लखनऊ की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को बंथरा के दादूपुर ग्राम सभा में
सूर्यपाल सिंह (काका) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष विजयदशमी के अवसर पर 2 अक्टूबर 2025, गुरुवार को प्रातः 10:30 बजे बंथरा-बिजनौर मार्ग पर मां जसप्रीत आश्रम के पास शस्त्र पूजन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कक्षा 10 में 75% और कक्षा 12 में 70% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने बच्चों के अंक पत्र 30 सितंबर 2025 तक निर्धारित संकलन केंद्रों पर जमा कर दें। इसके अतिरिक्त, समाज के वरिष्ठजनों नारायण सिंह (पहाड़पुर), केदार सिंह एडवोकेट (पहाड़पुर) और शिव सिंह (बनी) को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति ने वार्षिक सदस्यता शुल्क 250 रुपये और आजीवन सदस्यता शुल्क 5000 रुपये निर्धारित किया। सदस्यता अभियान के संयोजक शरद सिंह को नियुक्त किया गया। बैठक में समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. जय सिंह, कप्तान सिंह, मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौहान, राजवीर सिंह, गंगा प्रसाद सिंह, अशोक सिंह, दिनेश कुमार सिंह एडवोकेट, नारायण सिंह, मुकेश सिंह, मलखान सिंह, वीरपाल सिंह, ऋषिराज सिंह और धर्मेंद्र सिंह चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।अंत में, अध्यक्ष डॉ. दिनेश सिंह चौहान ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक का समापन किया।
एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की बड़ी कामयाबी,बैंकॉक से आए दो यात्रियों से 4.471 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, कीमत 2.49 करोड़
सरोजनीनगर चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यात्रियों, आबिद मेमन और आमिर खान, को हाइड्रोपोनिक वीड के साथ गिरफ्तार किया। दोनों बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे थे। कस्टम अधिकारियों ने उनके पास से 4 किलो 471 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 49 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
