LUCKNOW:अराजक तत्वों व उपद्रवियों को उन्ही की भाषा में ही जवाब दे अफसर-मुख्यमंत्री

-मुख्यमंत्री हुए सख्त,अफसरों के साथ की  प्रदेश की कानून-व्यवस्था, मिशन शक्ति अभियान 5.0 और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की कार्यों की समीक्षा,दिए कड़े  दिशा-निर्देश 

-हर जिले में आगामी 21 सितम्बर को सायंकाल में महिला पुलिसकार्मिकों द्वारा एक बाइक रैली निकाली जाए ,22 सितम्बर से सार्वजनिक स्थलों, बालिका विद्यालयों इत्यादि जगहों पर एंटी रोमियो स्क्वॉयड द्वारा शोहदों को चिन्हित कर की जाये प्रभावी कार्रवाई की जाए

-संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें,आम जनता की शिकायतों का समय से हो निस्तारण,अधिकारीगण घटनाओं की करें  दैनिक समीक्षा 

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK 
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति अभियान नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन को व्यक्त करता है। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन आगामी 22 सितम्बर से प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत होगी। चरणबद्ध रूप से यह अभियान एक माह तक चलेगा। इसके लिए सभी सम्बन्धित विभाग तैयारियां सुनिश्चित करें। लोगों को जागरूक करने के लिए आगामी 21 सितम्बर को सायंकाल में महिला पुलिसकार्मिकों द्वारा हर जनपद में एक बाइक रैली निकाली जाए। 22 सितम्बर से सार्वजनिक स्थलों, बालिका विद्यालयों इत्यादि जगहों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड द्वारा शोहदों को चिन्हित करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए।मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, मिशन शक्ति अभियान 5.0, आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों, बाढ़ की स्थिति, विकसित उत्तर प्रदेश@2047 जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक में शासन-प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (ज़ोन), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक आदि वरिष्ठ अधिकारियों की सहभागिता रही। मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से त्योहारों को लेकर  उनकी विभागीय तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

महिला सुरक्षा को लेकर बीट अधिकारी ग्राम पंचायतों में लोगों को करें जागरूक

मुख्यमंत्री  ने कहा कि महिला बीट अधिकारी ग्राम पंचायतों में लोगों को महिला सुरक्षा के सम्बन्ध में जागरूक करें। साथ ही, शासन की योजनाओं की जानकारी भी दें। सभी पिंक बूथ सक्रिय रहें। मिशन शक्ति अभियान में अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं को प्रदेश व जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाए। प्रदेश सरकार हर कॉमन मैन को सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेहतर कानून-व्यवस्था, सतत संवाद और सभी वर्गों से मिल रहे सहयोग का ही परिणाम है कि हाल के वर्षों में प्रदेश में सभी पर्व एवं त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए हैं और प्रदेश में माहौल सुखद रहा है। इसी तरह आगामी पर्व त्योहारों यथा-पितृ विसर्जन, शारदीय नवरात्रि, विजयादशमी, गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती, अग्रेसन जयंती, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपोत्सव, दीपावली, काशी की देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्योहारों में बेहतर टीमवर्क और जनसहयोग का यह क्रम सतत् रूप से जारी रखा जाए। शांति, सुरक्षा और सुशासन के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है। पिछले अनुभवों से सीख लें। पर्व-त्योहारों के समय में पुलिस और प्रशासन सहित पूरी टीम यू0पी0 को चौबीसों घंटे  अलर्ट रहना होगा। सभी पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। पिछले एक माह की गतिविधियों की समीक्षा करें और चिन्हित उपद्रवियों/अराजक तत्वों को पाबंद करें और अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता से निपटें। अराजक तत्वों/उपद्रवियों को उनकी भाषा में ही जवाब दिया जाए। प्रदेश में किसी भी प्रकार का उपद्रव स्वीकार नहीं किया जा सकता।

अफवाह व फेक न्यूज़ प्रसारित करने वालों के विरुद्ध की जाए कठोर कार्रवाई 

मुख्यमंत्री  ने कहा कि अधिकारीगण सोशल मीडिया पर चौकसी बढाएं। फेक अकाउंट बनाकर माहौल खराब करने वाली अफवाह व फेक न्यूज़ प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया व डिजिटल मीडिया के माध्यम से घटनाओं के सही तथ्य समय पर लोगों के सामने लाये जाएं। शरारती तत्व दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं, ऐसे मामलों पर नजर रखें। हर नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार करें। छोटी सी घटना लापरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है। ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है। त्वरित कार्यवाही और संवाद-सम्पर्क अप्रिय घटनाओं को सम्भालने में सहायक होती है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलम्ब किए, जिलाधिकारी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक जैसे वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें।

पर्व-त्योहारों पर लोगों की सुरक्षा, सुविधा का रखा जाए पूरा ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पर्व और त्योहारों को लोग हर्ष उल्लास के साथ मनाएं। पर्व-त्योहारों पर लोगों की सुरक्षा, सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। पर्व एवं त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में स्वच्छता का माहौल हो। इसके लिए नगर विकास विभाग और पंचायती राज विभाग द्वारा विशेष प्रयास किये जायें। लोगों की आस्था का यथोचित सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि मंदिरों में साफ-सफाई व पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। प्रदेश में विद्युत की आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप निर्बाध रूप से हो। विभिन्न विभागों से सम्बन्धित सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण निश्चित समय सीमा के अंदर पूरी कर ली जाए, जिससे त्योहारों में लोगों को परेशानी न हो। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रॉमा सेवाएं अनवरत रूप से चलती रहनी चाहिए। चिकित्सालयों में दवाओं की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में रहे तथा एण्टी स्नेक वेनम व एण्टी रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। अतिवृष्टि के कारण बाढ़ प्रभावित जनपदों में राहत किट व सूखा खाद्य पदार्थ हर जरूरतमंद को प्राप्त हो। जनहानि पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे के अंदर मुआवजा दिया जाए। निचले इलाकों में बाढ़ से जिनके घर गिर गए हैं, उनको ऊंचे स्थानों पर आवासीय पट्टे दिए जाएं तथा आवश्यकतानुसार लोगों के लिए आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था की जाए। यह आवास परिवार की महिला मुखिया के नाम से दिए जाएं। निराश्रित गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं और बेहतर की जाएं। किसानों को समय से खाद्य व उर्वरक की उपलब्धता हो।

शिकायतों का समयबद्ध हो समाधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों में आई0जी0आर0एस0, सम्पूर्ण समाधान दिवस और सी0एम0 हेल्पलाइन अथवा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्रीगण के स्तर से प्राप्त आम जनता की शिकायतों, आवेदनों का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारीगण घटनाओं की दैनिक समीक्षा करें। विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश/2047 अभियान के अन्तर्गत प्रदेश सरकार द्वारा 300 से अधिक विद्वत्जन को जनपदों में लोगों से संवाद के लिए भेजा गया है। इसी प्रकार हर जनपद में 05 से 10 विद्वत्जन को चिन्हित कर विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश/2047 के सम्बन्ध में सुझावों के लिए कार्य किया जाए।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *