- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। लोकबंधु अस्पताल की फार्मेसी व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आई हैं। मरीजों और परिजनों का आरोप है कि वरिष्ठ नागरिकों,
दिव्यांगजनों और पत्रकारों को नियमित काउंटर से दवाएं न देकर काउंटर संख्या 101 पर भेजा जाता है, जहां न तो कोई विशेष व्यवस्था है और न ही कोई सूचना-पट्ट। फार्मेसी कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार और अशुद्ध भाषा के उपयोग के भी आरोप हैं। इससे बुजुर्ग और दिव्यांग मरीज काउंटरों के बीच भटकने को मजबूर हैं, जिससे उनका इलाज प्रभावित हो रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने दावा किया कि काउंटर 101 पर विशेष सुविधा उपलब्ध है और नोटिस भी लगाया गया है, लेकिन मौके पर न तो नोटिस दिखा और न ही कोई व्यवस्था। सभी वर्गों के मरीज लंबी कतारों में इंतजार करते दिखे। अस्पताल प्रशासन ने 28 गार्डों की नियुक्ति का दावा किया, लेकिन मरीजों को कोई सहायता नहीं मिल रही।
सीएमएस ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।यह स्थिति सरकार के विशेष सुविधा के दावों को कठघरे में खड़ा करती है, क्योंकि मरीजों की पीड़ा और व्यवस्थागत खामियां स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को उजागर कर रही हैं।
तीन माह पूर्व हरौनी में दंपति पर दबंगों ने किया था हमला,दी थी जान से मारने की धमकी
बन्थरा थाना क्षेत्र के हरौनी गांव में सरदार प्रसाद और उनकी पत्नी ने पड़ोसी वीरकान्त व उनकी पत्नी रीता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रथम सूचना पत्र (एफआईआर) के अनुसार वीरकान्त, रीता ने सरदार प्रसाद दंपति को जबरन गालियां दीं, लाठी और कुल्हाड़ी से हमला किया, जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि वीरकान्त शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और धमकी देता है।आरोप है कि रीता, वीरकान्त, सरदार प्रसाद के छोटे बेटे को फर्जी मुकदमे में फंसाकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रच रहे हैं। घटना 26 जुलाई 2025 को उस समय हुई, जब सरदार प्रसाद और उनकी पत्नी नींबू के पेड़ की छंटाई करवा रहे थे, जिस पर अमरख की डालें चढ़ गई थीं, जिससे पेड़ सूख गया। इस दौरान वीरकान्त, रीता ने दंपति को धक्का दिया, गालियां दीं, रीता ने सरदार प्रसाद की पत्नी को लात मारी।सरदार प्रसाद ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद डायल 112 पर शिकायत (आईडी नंबर P260725XXXXXPRB) दर्ज की गई, पुलिस की गाड़ी (यूपी 32 DG 4945) आई, लेकिन उन्हें रास्ते में छोड़ दिया गया। दंपति ने कहा कि वे घर में अकेले रहते हैं, उन्हें वीरकान्त, रीता से जान का खतरा है। उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए वीरकान्त, रीता जिम्मेदार होंगे।
बंथरा में ग्राम प्रधान की गाड़ी में जानबूझकर मारी टक्कर,बच्चों को मारने की कोशिश का लगाया आरोप
बन्थरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भटगांव में 29 सितंबर 2025 को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव की प्रधान श्रीमती तारा, पत्नी विपिन कुमार, ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी में जानबूझकर टक्कर मारी और उनके बच्चों को जान से मारने की कोशिश की।श्रीमती तारा के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को शाम करीब 7:30 बजे वह अपने दोनों बच्चों के साथ अपने घर के गेट के बाहर बैठी थीं। उनकी KIA गाड़ी (नंबर 7236) पास में खड़ी थी। तभी गांव के निवासी राजित राम पुत्र स्व. रज्जन लाल, राजकुमार पुत्र बैजनाथ और मटरू उर्फ अशर्फी ने अपने मैसी ट्रैक्टर से उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी आगे बढ़ गई, जिससे उनके बच्चे बाल-बाल बचे। श्रीमती तारा ने बच्चों को बचाने के लिए तुरंत उन्हें लेकर भागीं।जब उन्होंने इस घटना के बारे में आरोपियों से सवाल किया, तो आरोपियों ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी ओर दौड़े। गांव वालों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। श्रीमती तारा का दावा है कि राजित राम ने स्वीकार किया कि उन्होंने जानबूझकर ट्रैक्टर से गाड़ी में टक्कर मारी थी ताकि वह और उनके बच्चे मर जाएं।श्रीमती तारा ने थाना बन्थरा में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने राजित राम, राजकुमार, मटरू और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला कर्मचारी के साथ अनुचित व्यवहार झूठे आरोप का मामला दर्ज
सरोजनीनगर थाने में 29 सितंबर 2025 को पूनम खुराना (उम्र 53 वर्ष), निवासी 543 एल्डिको उद्यान, थाना आशियाना, ने एक शिकायत दर्ज की है। पूनम जो वर्ष 2014 से टाइटन सी एंड एफ, पार्किंग नंबर 10, ट्रांसपोर्टनगर में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने अपने सहकर्मियों रूपेश कुमार (मैनेजर) और रवींद्र कुमार (कंप्यूटर ऑपरेटर) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उनका कहना है कि दोनों कर्मचारी लंबे समय से उनके साथ अनुचित व्यवहार कर रहे हैं, जिसमें कार्यस्थल पर अशोभनीय टिप्पणियां और आचरण शामिल हैं। इतना ही नहीं, इन्होंने अपने अन्य सहकर्मियों से भी पूनम के खिलाफ अनुचित व्यवहार करवाया, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा और असुविधा हुई। पूनम ने बताया कि जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया, तो 14 अगस्त 2025 को रूपेश और रवींद्र ने उन पर द्वेषवश चोरी का झूठा आरोप लगाया, ताकि उनकी नौकरी छीनकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई जा सके।पूनम ने संस्थान के मालिक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद चोरी का आरोप निराधार साबित हुआ। हालांकि, संस्थान के मालिक ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पूनम ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (LIAL) को 28 सितंबर 2025 को एक संदिग्ध ईमेल के जरिए बम धमकी मिली, जिसमें हवाई अड्डे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अन्य हवाई अड्डों और कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में LIAL के ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर विपुल कुमार ने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और धमकी भरे ईमेल के स्रोत की पहचान के लिए तकनीकी और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। विपुल कुमार ने अपने पत्र में पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
रॉयल सिटी में मारपीट, जानलेवा हमला, पिता-पुत्र घायल
बिजनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉयल सिटी, औरंगाबाद जागीर में 28 सितंबर 2025 को रात करीब 9:30 से 10: बजे के बीच एक हिंसक घटना सामने आई है। स्थानीय निवासी अशोक कुमार, पुत्र श्याम सुंदर, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने पुत्र प्रिंस प्रताप सिंह के साथ रॉयल सिटी गेट के पास सामान लेने गए थे। इसी दौरान गाड़ी नंबर UP32-QZ-6097 से आए विशाल यादव और दो-तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पुत्र पर हमला कर दिया।आरोपियों ने अशोक और उनके पुत्र के साथ मारपीट की, जिसमें मयंक नामक एक व्यक्ति, जो रॉयल सिटी गेट पर मोमोज का ठेला लगाता है, ने अपने साथियों के साथ मिलकर ईंट से हमला किया। इस हमले में प्रिंस प्रताप सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अशोक को भी बाहरी और आंतरिक चोटें आईं।बिजनौर थाने की पुलिस ने अशोक कुमार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
बिजनौर से नाबालिग लड़की लापता, पिता ने लिखाई रिपोर्ट
बिजनौर थाना क्षेत्र के न्यू गुड़ौरा निवासी अखिलेश यादव ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री आँचल यादव के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। प्रथम सूचना तथ्य एफआईआर के अनुसार, आँचल 22 सितंबर 2025 को सुबह करीब 8 बजे अपनी सहेली पिंकी के घर जन्मदिन समारोह में जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह अभी तक घर वापस नहीं लौटी।अखिलेश यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
धावापुर में 13वां विशाल मां भगवती जागरण आज,भंडारे का आयोजन 2 अक्टूबर को
बंथरा क्षेत्र की ग्राम सभा धावापुर में 1 अक्टूबर 2025, दिन बुधवार को शीतला माता मंदिर पर 13वां विशाल मां भगवती दुर्गा जागरण आयोजित किया जाएगा। आयोजक फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि विगत 13 वर्षों से इस जागरण का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेते हैं। कार्यक्रम में राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियां भी शामिल होती हैं। जागरण के बाद 2 अक्टूबर 2025 को शाम 4 बजे से प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें भारी संख्या में लोग उपस्थित होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
मिशन शक्ति 5 के तहत महिलाओं, छात्रों को किया गया जागरूक
मंगलवार को एन्क्राइट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, सौसीरनखेड़ा, थाना बिजनौर में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और छात्रों को जागरूक करने हेतु गोष्ठी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में श्रीमान सहायक पुलिस आयुक्त विकास पाण्डेय और प्रभारी निरीक्षक, थाना बिजनौर की पुलिस टीम ने भाग लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं जैसे 112, 1090, 181, 1076, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी, महिला हेल्प डेस्क, साइबर क्राइम तथा यूपी कॉप एप के बारे में जानकारी दी। साथ ही साइबर क्राइम से बचाव और सुरक्षा के उपायों और सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित रखने के उपायों से अवगत कराना और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
