-सरोजनीनगर में पहला अंतरराष्ट्रीय यूथ कॉन्सर्ट, हनी सिंह ने दी ड्रग्स से दूर रहने की सलाह
-डॉ. राजेश्वर सिंह ने घोषणा की — “लखनऊ बनेगा भारत की लाइफस्टाइल कैपिटल”; नशामुक्त भारत का संदेश गूंजा
- REPORT BY:A.S.CHAUHAN || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS
लखनऊ। सरोजनीनगर में भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में शहर के इतिहास का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का यूथ कॉन्सर्ट
आयोजित हुआ, जिसमें विश्व प्रसिद्ध रैपर यो यो हनी सिंह ने हजारों युवाओं के सामने धमाकेदार परफॉर्मेंस दी।कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत रही हनी सिंह का युवाओं को दिया गया सशक्त संदेश — “ड्रग्स को कहें ना!” उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर सेहत, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच को अपनाएँ, तभी नया भारत बनेगा।विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ के लिए अपना भव्य विज़न साझा किया। उन्होंने घोषणा की,लखनऊ अब सिर्फ तहज़ीब का शहर नहीं रहेगा, बल्कि भारत की लाइफस्टाइल कैपिटल बनेगा — जहाँ संस्कृति, आत्मविश्वास, संगीत, कला, तकनीक और युवा ऊर्जा एक साथ साँस लें।”यह कॉन्सर्ट केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि नशामुक्ति, युवा सशक्तिकरण और सकारात्मक भारत की सोच का प्रतीक बनकर उभरा। आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ ने साबित कर दिया कि लखनऊ अब आधुनिक भारत का नया चेहरा बनने को तैयार है।
65.50 लाख रुपये की ठगी मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
थाना बिजनौर पुलिस ने 65 लाख 50 हजार रुपये की जमीन ठगी और धमकी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनोहर लाल तोलानी को
आगरा के ताजगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
मामला 22 अक्टूबर 2025 का है जब पीड़िता श्रीमती दिव्या दीक्षित (पति- चन्द्र मणि दीक्षित, निवासी मानस नगर, कृष्णा नगर) ने थाना बिजनौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि मनोहर लाल तोलानी, उसके बेटे गौतम तोलानी, दिव्यांक वत्स सिन्हा और दो अज्ञात लोगों ने आपराधिक साजिश रचकर फर्जी दस्तावेज, आवंटन पत्र और फ्री होल्ड डीड बनवाई तथा उनकी जमीन का सौदा कर 65.50 लाख रुपये हड़प लिए। जब पैसा वापस मांगा गया तो जान से मारने की धमकी दी गई।इसके आधार पर थाना बिजनौर में मुकदमा संख्या 0304/2025 धारा 319(2)/318(2)/338/336(2)/340(2)/61(2)/351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
सर्विलांस और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी मनोहर लाल तोलानी (पिता- नामालूम, निवासी- सिन्धु नगर, कृष्णानगर, वर्तमान पता- फ्लैट नं. 301, जे.बी. सनशाइन अपार्टमेंट, कृष्णानगर) को आगरा से दबोच लिया गया। शेष आरोपी दिव्यांक वत्स सिन्हा, गौतम तोलानी और दो अज्ञात अभी फरार हैं, उनकी तलाश तेज कर दी गई है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर महादेवन, उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह और उप निरीक्षक प्रदीप कुमार शामिल रहे।
बेंती गांव के पास लोडर ने बाइक सवार को मारी टक्कर
थाना बंथरा क्षेत्र के बेंती गांव के सामने सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार लोडर (नंबर UP78CT9574) ने नाइट ड्यूटी पर जा रहे 23 साल के युवक अमन को मोटरसाइकिल समेत जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि अमन बुरी तरह घायल हो गया और उसकी मोटरसाइकिल (नंबर UP32KU4316) भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घायल अमन पुत्र रामआसरे, निवासी ग्राम सादुल्लानगर, थाना बंथरा को तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनीनगर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उसे लखनऊ के निजी अस्पताल A.S. Medicity Hospital & Trauma Centre में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।पीड़ित पिता रामआसरे ने बताया कि उनका बेटा सोहरामऊ उन्नाव में नाइट ड्यूटी करने जा रहा था। लोडर चालक कटी बगिया से हरौनी की तरफ जा रहा था और लापरवाही एवं तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। लोडर चालक मौके से फरार हो गया।पीड़ित परिवार ने 22 नवंबर को थाना बंथरा में लिखित तहरीर देकर अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और लोडर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्लांट पर अवैध रूप से निर्माण कराये जाने का आरोप
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र की शांतिनगर कॉलोनी में रहने वाली 59 वर्षीय महिला साधना शर्मा ने अपने पड़ोसियों इन्द्रपाल सिंह, उषा सिंह, इन्द्रजीत सिंह और शुभम सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि पड़ोसियों ने अपने प्लॉट में अवैध रूप से गहरे बेसमेंट का निर्माण कराया, जिसमें उनकी जमीन के नीचे से अत्यधिक खनन किया गया। इससे उनकी पुरानी मकान की नींव कमजोर हो गई और पूरे मकान में गहरी दरारें आ गईं। मकान अब कभी भी गिर सकता है।महिला ने बताया कि इसकी शिकायत लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) से करने पर अधिकारियों ने पड़ोसियों के निर्माण को सील कर दिया था, लेकिन आरोपियों ने सील तोड़कर फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं कि यदि शिकायत बंद नहीं की गई तो SC-ST एक्ट के तहत झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर महिला को जेल भिजवा देंगे और “उठवाकर” जान से मार देने की धमकियां दे रहे हैं। रोजाना गाली-गलौज, झगड़ा और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं, जिससे महिला गंभीर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की शिकार हो रही है।पीड़िता साधना शर्मा ने की प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बंथरा में 20 साल के युवक की संदिग्ध मौत
बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक गिट्टी प्लांट में काम कर रहे 20 वर्षीय मजदूर साहिल की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने प्लांट कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संदेह जताया है।बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह का कहना है कि मृतक साहिल पुत्र राममिलन, निवासी मजरा हिंदू खेड़ा (पहाड़पुर) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार रात करीब 3 बजे प्लांट में काम करते वक्त अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत अनान-फनान प्रसाद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के पिता राममिलन ने बताया कि प्लांट के लोगों ने फोन पर सिर्फ इतना कहा था कि “तबीयत खराब है, अस्पताल ले जा रहे हैं”। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो साहिल पहले ही दम तोड़ चुका था। परिजनों का कहना है कि मौत की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है और प्लांट प्रबंधन कुछ छिपा रहा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
धूमधाम से मनाई गई वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जयंती
-बंथरा नगर पंचायत कार्यालय पर चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत ने अपने समर्थकों के साथ केक काटकर दी श्रद्धांजलि
बंथरा में शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि रंजीत रावत ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई। हिम गोल्डन सिटी कैम्प कार्यालय (नगर पंचायत बंथरा लखनऊ हॉस्पिटल के बगल में) पर आयोजित इस कार्यक्रम में केक काटकर वीरांगना को श्रद्धांजलि दी गई तथा भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व प्रधान प्रदीप रावत, सभासद अनिल, मोहन बोपारा, अनूप धीमान, राकेश धीमान, प्रेम, जीतू, सोनू, गुड्डी, महेश धीमान, शिवलाल धोबी, अमृतलाल, गिरधारी, राज, परीदीन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।इस मौके पर उपस्थित लोगों ने वीरांगना झलकारी बाई कोरी के 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए अतुलनीय बलिदान को याद किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गलत दिशा से आ रही पैशन प्रो बाइक ने स्कूटी को मारी टक्कर
सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शहीद पथ की सर्विस लेन पर 15 नवंबर 2025 को सुबह करीब 8:55 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गलत दिशा (wrong side) से तेज रफ्तार और बिना नंबर प्लेट की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल चलाकर आ रहे युवक ने मेट्रो स्टेशन जा रही एक महिला की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।पीड़िता अंकिता मिश्रा (पति घनश्याम विश्वकर्मा, निवासी एन-120 वास्तुम सिटी, न्यू गरौटा, सरोजनीनगर) ऑफिस जाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थीं। शुक्ला ट्रेडर्स के पास अचानक सामने से आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी स्कूटी (नंबर UP43Z 6356) में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकिता मिश्रा सड़क पर जा गिरीं और उनकी नाक पर गंभीर चोट लगने से भारी खून बहने लगा।हादसे के बाद 112 पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को पहले लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां से महिला की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेदांता में उनका इलाज 19 नवंबर 2025 तक चला।मोटरसाइकिल चालक की पहचान अंकित कुमार गौतम के रूप में हुई है। उसकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी और वह सर्विस लेन में पूरी तरह उल्टी दिशा में चल रहा था।पीड़ित पति घनश्याम विश्वकर्मा ने 20 नवंबर 2025 को सरोजनीनगर थाने में तहरीर देकर अंकित कुमार गौतम के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, गलत दिशा में आने और दुर्घटना कारित करने के आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरौनी चौराहे से होंडा लिवो मोटरसाइकिल चोरी
ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में कार्यरत एक क्रेन ऑपरेटर के भांजे द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल गुरुवार 26 जून 2025 को बंथरा थाना क्षेत्र के हरौनी चौराहे पर पान की दुकान के पास से चोरी हो गई। मोटरसाइकिल मालिक सुरेंद्र सिंह पुत्र स्व श्री राम सिंह, निवासी ग्राम और पोस्ट बिजनौर, जिला लखनऊ ने पुलिस से तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने की अपील की है ताकि बाइक का दुरुपयोग कर कोई बड़ा अपराध न हो सके।चोरी हुई मोटरसाइकिल का पूरा विवरण:कंपनी/मॉडल: होंडा लिवो (Honda Livo)रंग: ब्लैक रजिस्ट्रेशन नंबर: UP-33 AM 1853
चेसिस नंबर: ME4JC712AGT039541 इंजन नंबर: JC71ET0110456 मालिक के अनुसार उनका भांजा कर्मवीर सिंह उक्त मोटरसाइकिल लेकर सुबह डीआरडीओ प्लांट में ड्यूटी पर गया था और दोपहर में मोटरसाइकिल हरौनी चौराहे पर पान की दुकान के पास खड़ी करके प्लांट के अंदर चला गया। शाम करीब 7 बजे जब वह वापस आया तो मोटरसाइकिल गायब थी। काफी तलाश करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बाद 112 पर सूचना दी गई, लेकिन मोटरसाइकिल का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।मोटरसाइकिल मालिक सुरेंद्र सिंह ने बंथरा थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है ताकि चोरी की इस बाइक से कोई संगीन अपराध न होने पाए।
बंथरा में ट्रक पलटने से 33 केवी लाइन फेल ,छः घंटे तक दर्जनों गांवों की बिजली सप्लाई रही गुल
शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे बंथरा क्षेत्र के ग्राम सभा खटोला स्थित शिव शक्ति ढाबा के पास बनी मोहनलालगंज रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के हाई टेंशन खंभों के बीच जा पलटा। इससे 33,000 वोल्ट की मुख्य लाइन में गंभीर फाल्ट आ गया और कई खंभे क्षतिग्रस्त हो गए।हादसे के चलते बंथरा सब-स्टेशन से सप्लाई करने वाले दर्जनों गांवों की बिजली करीब 6 घंटे तक पूरी तरह ठप रही। उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बिजली विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नादरगंज सब-स्टेशन से वैकल्पिक सप्लाई शुरू की और दोपहर करीब 1 बजे क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई।गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ी दुर्घटना टल गई।
मुलायम सिंह यादव का 86 वां जन्मदिवस मनाया गया
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लाजपत राय भवन कैसरबाग में पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के 86वें जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।राष्ट्रीय सचिव चौधरी जगदीप सिंह यादव, जिलाध्यक्ष जयसिंह ‘जयन्त’, सांसद आर.के. चौधरी, जिला महासचिव शब्बीर अहमद सहित सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और मिष्ठान वितरण किया।जिलाध्यक्ष जयसिंह ‘जयन्त’ ने कहा कि सैफई में एक साधारण किसान परिवार में जन्मे मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी और 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। उन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री के रूप में सेवाएं दीं। हमें उनके सपनों को पूरा करना है।कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सी.एल. वर्मा, जूही सिंह, फिदा हुसैन अंसारी, सलाउद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक-मंत्रीगण सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संदिग्ध अवस्था में नगवा नाल में मिला कबाड़ी का शव
बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सराय शहजादी स्थित नगवा नाल (श्मशान घाट के पास) में शनिवार शाम करीब 4:30 बजे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मनीराम (उम्र करीब 50 वर्ष) पुत्र पलाऊ राम, निवासी गांव आदम तारा, थाना पिचपडवा, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है।मृतक के भतीजे निक्की ने बताया कि किसी बच्चे ने नाले में शव देखा और उसे सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा तो पता चला कि यह उनके चाचा मनीराम ही हैं। मनीराम बंथरा में अरुण यादव के मकान में किराए पर रहते थे और सूरज साहनी की कबाड़ की दुकान पर कबाड़ बीनने व तैयार करने का काम करते थे। वह शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे से लापता थे।सूचना ग्राम सराय शहजादी के प्रधान प्रतिनिधि अंकुर प्रताप सिंह ने सबसे पहले पुलिस को दी। मौके पर करीब 5 बजे बंथरा थाने के एसआई बृजभान कुशवाहा पहुंचे और थाने को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
