सरोजनीनगर:डंपर की टक्कर से छात्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ा,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:A.S.CHAUHAN EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ। बंथरा थाना के पास कानपुर रोड पर हवेली रिसोर्ट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (उन्नाव कैंपस) के बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र सक्षम शुक्ला की मौत हो गई। हादसा 24 दिसंबर की सुबह करीब 8:30 बजे हुआ, जब सक्षम अपनी स्विफ्ट कार (नंबर UP32 GB 2119) से यूनिवर्सिटी परीक्षा देने जा रहे थे।

पीड़ित और पिता धीरज शुक्ला द्वारा बन्थरा थाने में दर्ज कराई गई FIR के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ट्रक (नंबर UP78 GT 7495) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सक्षम को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।मौके पर मौजूद लोगों ने सक्षम को एंबुलेंस से सरोजनीनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। अथक प्रयासों के बावजूद 25 दिसंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सक्षम ने दम तोड़ दिया। ट्रॉमा सेंटर की पुलिस चौकी में मौत की सूचना देने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। डंपर को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पिता धीरज शुक्ला (ग्राम पिपरसंड, थाना सरोजनीनगर के निवासी) ने डंपर चालक के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट विस्तार: रहीमाबाद किसानों का धरना जारी,महापंचायत प्रशासनिक दबाव में दुबग्गा शिफ्ट

सरोजनीनगर क्षेत्र के रहीमाबाद (परगना बिजनौर) गांव के किसान चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार के लिए अपनी कृषि भूमि के अधिग्रहण के खिलाफ पिछले 15 महीनों से अधिक समय से धरना दे रहे हैं। एयरपोर्ट प्राधिकरण द्वारा टीन शेड वाली बाउंड्रीवॉल बनाने के प्रयासों के बावजूद किसान तंबू गाड़कर 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य रुका हुआ है।

किसानों का आरोप है कि विभिन्न किसान यूनियनों के नेताओं ने शुरू में सहयोग किया, लेकिन दबाव में पीछे हट गए। मुआवजे की मांग पर केवल खोखले आश्वासन मिले हैं। ग्राम के किसान हरिश्चंद्र यादव सहित अन्य की उच्च न्यायालय में लंबित याचिका के कारण निर्माण बाधित है, इसी वजह से किसानों ने अपनी जमीन पर सरसों की फसल बोई है। धरना स्थल पर कुछ लोग चंदा इकट्ठा कर आंदोलन चला रहे हैं, जबकि मुकदमा लड़ रहे किसानों को किनारे कर दिया गया है।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन-दशहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव के आह्वान पर शनिवार को रहीमाबाद धरना स्थल पर किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए विशाल महापंचायत आयोजित की जानी थी। हालांकि, प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इसे संवेदनशील क्षेत्र में बिना अनुमति के आयोजन बताकर रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने आयोजकों को चेतावनी दी कि किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी उनकी होगी।मनीष यादव ने सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन पर षड्यंत्र का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान अपनी जमीन पर पंचायत करने के अधिकार से वंचित नहीं किए जा सकते।

उन्होंने ऐलान किया कि पंचायत शानदार तरीके से होगी और किसानों के स्वाभिमान से समझौता नहीं होगा। अंततः प्रशासन के दबाव में महापंचायत का स्थान बदलकर दुबग्गा बाईपास के पास जागर्ष पार्क कर दिया गया।किसान लंबे समय से उचित मुआवजे और भूमि अधिग्रहण की पुरानी अधिसूचनाओं की वैधता पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि एयरपोर्ट विस्तार के कार्य जारी रखने के लिए प्राधिकरण प्रयासरत है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *