गोसाईगंज:सिविल इंजीनियर ने की आत्महत्या,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS || EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ । सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में किराये के फ्लैट में रह रहे सिविल इंजीनियर शिवम त्रिपाठी ने पंखे से चादर के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार रात उनका शव रिश्ता मैनहैटन सोसाइटी के टावर ए-2 स्थित फ्लैट संख्या 407 में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बलरामपुर जिले के रहने वाले शिवम त्रिपाठी एक फरवरी की शाम फ्लैट में अकेले थे। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़ा। अंदर शिवम का शव पंखे से लटकता  मिला। पुलिस के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।इस घटना में मृतक के परिजनों का  कहना है कि शिवम प्रॉपर्टी का काम करते थे। लंबे समय से उनके साथ काम करने वाले लोग पैसे नहीं दे रहे थे। बार-बार मांगने के बावजूद जवाब न मिलने से वह मानसिक तनाव में थे।

परिजन की ओर से पार्टनरों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही जा रही है। इस मामले में मृतक शिवम के फूफा विनय कुमार द्विवेदी गोंडा जिले की मेहनौन विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं। उनकी ओर से कार्यवाही को आगे बढ़ाने की बात कही जा रही है। मृतक के परिवार में पिता राजेश त्रिपाठी, मां और दो भाई प्रखर व अभिषेक हैं।

नाबालिग बेटियों की गुमशुदगी से दो परिवारों में पसरा सन्नाटा

सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग इलाकों से नाबालिग बेटियों के लापता होने के मामलों ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों घरों में सन्नाटा पसरा हुआ है।पहली घटना अंजुमन एन्क्लेव फेस-2 की है। यहां रहने वाली गीता देवी ने बताया कि उनकी करीब 16 वर्षीय बेटी अंशिका रविवार शाम घर पर थी। पढ़ाई को लेकर डांट पड़ने के बाद गीता कुछ देर के लिए बाहर गई थीं। लौटने पर बेटी घर पर नहीं मिली। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला तो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
दूसरा मामला अमरूद विहार का है। यहां के निवासी अमरेंद्र प्रताप तिवारी ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी मोनिका रविवार शाम करीब चार बजे घर से निकली थी, तभी से वह लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *