LUCKNOW_CRIME:11वीं मंजिल से कूदकर प्रापर्टी डीलर ने दे दी जान,क्लिक करें और भी खबरें

  • REPORT BY:AAJ NATIONAL NEWS|| EDITED BY:AAJ NATIONAL NEWS DESK

लखनऊ। राजधानी के गुडंबा इलाके में  एक  35 साल के प्रॉपर्टी डीलर ने 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। वह आईपीएल  मैच में सट्टा लगाता था। गुरुवार को आरसीबी और गुजरात जायंट्स के मैच में लाखों रुपए हार गया। इसके बाद उसने पत्नी को फोन किया। रोते हुए बोला- सबकुछ हार गया हूं। पत्नी ने समझाया, लेकिन वह मैच के दौरान ही अपार्टमेंट की बालकनी से नीचे कूद गया।युवक के गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग दौड़कर वहां पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें प्रबल ने मैच में रुपए हारने की बात लिखी है।

सीतापुर का रहने वाला प्रबल जैन गुडंबा थाना क्षेत्र के जनेश्वर अपार्टमेंट में किराए पर रहता था। उसने अभी 8 महीने पहले ही लव मैरिज की थी। हादसे के वक्त पत्नी सीतापुर में थी। दोनों की फोन पर बातचीत चल रही थी। घटना गुरुवार रात 8.30 बजे की है। उस समय आरसीबी और गुजरात जायंट्स का मैच चल रहा था। लोग बाहर ही टहल रहे थे, गिरने की आवाज से दौड़े गुरुवार रात करीब 8.30 बजे प्रबल ने 11वीं मंजिल से नीचे छलांग लगाई। बारिश के बाद मौसम सुहाना था, लोग सोसाइटी में ही घूम रहे थे। नीचे गिरने की आवाज से लोग दौड़कर वहां पहुंचे। भीड़ जमा हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रबल को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें मैच में रुपए हारने की बात लिखी है। पत्नी और परिवार से माफी मांगी है। बैंक स्टेटमेंट और परिवार की शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी। पत्नी बोली- मुझे रोते हुए फोन किया था पत्नी शिवानी ने पूछताछ में बताया- वह हमेशा आईपीएल देखते रहते थे। कल रात में भी वह मैच देख रहे थे। उसी दौरान उन्होंने मुझे फोन किया। वह काफी रो रहे थे। उन्होंने केवल इतना बताया कि मैं बहुत कुछ हार गया हूं। इसके बाद वह कुछ नहीं बोल पाए फिर फोन कट गया। पढ़ाई के दौरान हुआ प्रेम, फिर शादी की प्रबल जैन और झारखंड के बोकारो की रहने वाली शिवानी की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों में अफेयर हुआ और शादी कर ली। जनेश्वर अपार्टमेंट के लोगों ने बताया- दोनों पिछले साल दिवाली के समय यहां रहने आए थे और लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे। मृतक के पिता ने भी कुछ समय पहले आत्महत्या की थी, जबकि मां का भी निधन हो चुका है।

सगे भाई ने परिवार संग मिलकर दंपति को पीटा

नगराम क्षेत्र के अनैया खरगापुर गांव में पारिवारिक विवाद ने उस वक्त उग्र रूप ले लिया, जब सगे भाई ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मिलकर भाई-भाभी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई और रिश्तों की मर्यादा  सवालों के घेरे में आ गई।नगराम के अनैया खरगा पुर गांव निवासी रमेश चंद्र ने नगराम थाने में दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार देर रात वह अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान उसका भाई राजकुमार किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर  राजकुमार ने अपनी पत्नी राजकुमारी, लड़के गोलू और पुत्री मनीषा के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया। चारों ने मिलकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हंगामे के बीच जब उसकी पत्नी पिंकी बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा और बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिंकी चोटों के चलते मौके पर ही बेहोश हो गई।  कार्यवाहक थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सहदेव कुमार को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।

करोड़ों की ठगी, सात लोगों पर मुकदमा दर्ज

सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी खरीद के नाम पर करोड़ों की ठगी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महेश कुमार मौर्य ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मी तिवारी ने खुद को दो मकानों की मालकिन बताते हुए भरवारा-खरगापुर और कलवारी बस्ती स्थित संपत्तियों को 1 करोड़ 25 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया था।पीड़ित के अनुसार, उसने लक्ष्मी तिवारी पर भरोसा कर आरटीजीएस, यूपीआई और नकद के माध्यम से पूरी रकम का भुगतान कर दिया था। हालांकि, रजिस्ट्री कराने की बात पर आरोपी टालमटोल करने लगीं। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उसे गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि 29 अप्रैल को दोपहर करीब 1:50 बजे लक्ष्मी तिवारी अपने साथी परवेज आलम के साथ पीड़ित के घर पहुंचीं और विवाद करने लगीं। इसी दौरान, एक थार गाड़ी  से पांच अन्य लोग असलहों के साथ आए और घर में घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित ने इनमें से दो हमलावरों की पहचान हसन हुसैन और शिवसागर के रूप में की है। इस हमले में महेश कुमार मौर्य को गंभीर चोटें आई हैं। हमले के बाद पीड़ित ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और एक निजी क्लीनिक में अपना इलाज कराया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनसे जान-माल का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग किशोर घायल

राजधानी के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर आसिक अली में बुधवार रात एक तिलक समारोह के दौरान गोली लगने से 16 वर्षीय किशोर सुजीत कुमार घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर के घुटने के नीचे लगी है।घायल सुजीत के पिता पुनवासी ने बताया कि उनका बेटा गांव के रामू के पुत्र के तिलक समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 9:30 बजे कटरा बक्कास, थाना सुशान्त गोल्फ सिटी निवासी बंटी नामक व्यक्ति राइफल लेकर वहां मौजूद था। बंटी ने सुजीत से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सुजीत ने इसका विरोध किया, तो बंटी ने उसे जान से मारने की नीयत से राइफल लेकर उसकी ओर दौड़ाया। सुजीत के भागने पर बंटी ने फायर कर दिया, जिससे गोली उसके दाहिने पैर के घुटने के नीचे जा लगी। घटना के बाद राइफल का मालिक दीपक मिश्रा और आरोपी बंटी मौके से फरार हो गए। उन्होंने सुजीत को जान से मारने की धमकी भी दी। गोसाईगंज के प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल सुजीत का इलाज जारी है और पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

खोए हुए 54 मोबाइल पुलिस ने कराए बरामद

साउथ जोन की पुलिस और साइबर सेल ने 54 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ये फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए हैं। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन साइबर सेल ने पोर्टल का उपयोग कर इन फोनों को विभिन्न जनपदों और राज्यों से बरामद किया। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की गई।यह कार्रवाई डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद और एडीसीपी रल्लापल्ली बसंथ कुमार के निर्देशन में साइबर सेल टीम द्वारा की गई। दक्षिणी जोन के विभिन्न थानों की साइबर टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को बरामद किया गया। बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को बुलाकर सौंपे गए। अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों ने खुशी व्यक्त की और लखनऊ पुलिस व साइबर सेल टीम की सराहना की। मोबाइल वापस पाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया फोन कभी वापस मिलेगा। उन्होंने पुलिस के इस कार्य को ‘बड़ा काम बताया।

महिला से मारपीट तीन लोगों पर मुकदमा

 राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर गांव में एक परचून दुकानदार और उसकी पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार रामखेलावन ने गांव के तीन युवकों विवेक, सौरभ और कोमल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
रामखेलावन ने पुलिस को बताया कि यह घटना 4 मार्च की रात करीब 8:30 बजे हुई, जब वह अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान विवेक, सौरभ और कोमल ने उनसे सामान मांगा।आरोप है कि जब रामखेलावन ने सामान देने से मना किया, तो तीनों युवक दुकान पर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से रामखेलावन और उनकी पत्नी बिट्टो को पीटा। इस मारपीट में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित रामखेलावन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वर्क फ्रॉम होम के नाम पर चार लाख ठगे

एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अज्ञात ठगों ने ‘वर्क फ्रॉम होमÓ का झांसा देकर उनसे 4.98 लाख रुपये ठग लिए।पीड़िता श्रुति भोला, जो गोमतीनगर एक्सटेंशन, लखनऊ की निवासी हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले वर्ष मार्च 2025 में उन्होंने व्हाट्सएप पर एक ‘वर्क फ्रॉम होमÓ विज्ञापन पर क्लिक किया था। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम लिंक के माध्यम से ‘ग्लोबल फाइनेंशियल व इकोनॉमिक्स ग्रुप टास्क ग्रुपÓ में जोड़ा गया। ठगों ने श्रुति भोला से कुल 4,98,000 रुपये का निवेश कराया। यह राशि विभिन्न तिथियों पर कई किस्तों में अज्ञात लोगों के खातों में हस्तांतरित की गई। इसमें 17 मार्च 2025 को यूपीआई के माध्यम से रुपये भेजे थे। इसके अतिरिक्त, उसी दिन एनईएफटी से 50,000 और आईएमपीएस से 10,000 रुपये भी भेजे गए। 7 अप्रैल 2025 को आरटीजीएस के माध्यम से 3,00,000 रुपये का एक बड़ा लेनदेन भी किया गया। जब पीड़िता को अपने पैसों की आवश्यकता हुई और उन्होंने उन्हें निकालने का प्रयास किया, तो ठगों ने उनसे और अधिक निवेश करने को कहा। इस पर श्रुति भोला को एहसास हुआ कि वह साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो चुकी हैं। पुलिस ने उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

ढाबे पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने कालिका ढाबे पर हुए जानलेवा हमले और मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ निवासी तेजस सिंह (23) और गौरव पाण्डेय (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को नमन भटियानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी की रात वह अपने दोस्त तुषार त्यागी के साथ कालिका ढाबे पर थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर कुर्सी, मेज और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में तुषार त्यागी के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गए। नमन भटियानी का सिर भी फट गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक वाहन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए तुषार त्यागी के ऊपर कार चढ़ा दी। पीड़ितों की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया गया। इस घटना के संबंध में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में धारा 352, 115(2), 110, 281, 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी, मैनुअल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर तेजस सिंह और गौरव पाण्डेय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के समय वे अपने साथियों विपुल सिंह, आयुष कालिया, शुभम ठाकुर, सोमेन्द्र सोमवंशी और आदित्य मिश्रा के साथ ढाबे पर खाना खा रहे थे। बाहर खड़ी कार के हार्न बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने होटल की कुर्सियों और मेजों से पीड़ितों को पीटा था। उन्होंने यह भी बताया कि एक युवक के बेहोश होकर सड़क पर गिरने के बाद शुभम ठाकुर ने आदित्य मिश्रा की क्रेटा कार उस पर चढ़ा दी थी। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

शादी समारोह से लौट रहे ज्योतिषी की मौत

कृष्णानगर थानाक्षेत्र में बाइक से घर जा रहे ज्योतिषी की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई। सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे हादसे का शिकार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जय प्रकाश नगर, कृष्णा नगर निवासी अनुराग शुक्ला (50) ज्योतिषी थे। दोस्त दिनेश अवस्थी ने बताया कि गुरुवार को अवस्थी लॉन में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय करीब 11 बजे सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे हादसे का शिकार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार में पत्नी ऋचा शुक्ला और दो बेटियां हैं। दिनेश ने बताया कि परिवार पुलिस की सूचना पर पहुंचा था। अभी ये क्लियर नहीं हो पा रहा है कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है या बाइक स्लिप हुई है। सिंगारनगर मेट्रो स्टेशन के नीचे अंडरपास का काम चल रहा है। जिसका सारा मटेरियल सड़क पर गलत तरीके से पड़ा है। उसमें भी बाइक स्लिप होने की संभावना है। अगर पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी चेक करेगी तो सब साफ हो जाएगा। निर्माण कार्य की वजह से वहां पहले भी कई लोग गिर चुके हैं। लेकिन विभाग कोई संज्ञान नहीं लेता। मामले में इंस्पेक्टर कृष्णानगर का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

शादी के चार माह बाद युवक ने लगाई फांसी मौत

बाजारखाला थानाक्षेत्र में एक युवक ने पत्नी से धोखा मिलने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की चार महीने पहले लव मैरिज हुई थी। इसके बाद पत्नी उसे छोड़कर ममेरे देवर के साथ फरार हो गई। जिसके बाद से मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
ऐशबाग दारू गोदाम बाजारखाला के रहने वाले शिवम शुक्ला (30) चाय की दुकान चलाता था। भाई अविनाश ने बताया कि शिवम ने चार महीने पहले वंदना पाठक से लव मैरिज की थी। इसके बाद काम के सिलसिले में कानपुर रनिया देहात में रहने वाली ममेरी बहन के घर चला गया। वहां पर वंदना की नजदीकियां ममेरे भाई ऋषभ से हो गईं। इसके बाद दोनों लखनऊ आ गए, लेकिन बातचीत होती रही। 18 अप्रैल को शिवम और वंदना के बीच झगड़ा हुआ। शिवम ने वंदना को थप्पड़ मार दिया। जिसकी शिकायत उसने ऋषभ से की। इस पर ऋषभ की बहन रीता ने बहाने से दोनों को कानपुर बुलाया और ऋषभ वंदना को लेकर फरार हो गया। इसके बाद से शिवम मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। गुरुवार घर में दुपट्टे से छल्ले के सहारे लटक गया। परिजनों ने फंदे से उतार कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

ठाकुरगंज इलाके में 22 साल के युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक एक स्कूल में चपरासी का काम करता था। शुक्रवार को बहन की चौथी लेने जाना था। इसके पहले घर में फंदे से लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।ठाकुरगंज स्थित नेपियर रोड, मुफ्तीगंज निवासी 22 वर्षीय आयुष कश्यप ने फांसी लगाकर जान दे दी। आयुष, जुगल किशोर कश्यप का पुत्र था। वह गिरधारा सिंह इंटर कॉलेज में चपरासी की नौकरी करता था। पिता की आंखों की रोशनी कम होने के कारण वह उनकी जगह काम कर रहा था। जीजा आकाश कश्यप के अनुसार, गुरुवार शाम वह परिवार के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। रात करीब 2 बजे उसने फांसी लगा ली। छोटी बहन किसी काम से कमरे में पहुंची तो वह एंगल से रस्सी के सहारे लटका मिला। यह देख बहन चीख पड़ी। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए।जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 2 दिन पहले हुई थी बहन की शादी जीजा आकाश ने बताया कि 28 अप्रैल को आयुष ने अपनी बहन नैंसी की शादी कराई थी। शुक्रवार सुबह उसे चौथी लेने जाना था। जिसकी तैयारी घर में चल रही थी। फांसी लगाने की वजह का पता नहीं चल पाया है। आयुष तीन बहनों में इकलौता भाई था। मामले में इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह का कहना है शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

पेट्रोल पंप के पीछे मिला किशोर का शव

मदेयगंज इलाके में 17 साल के बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बच्चे का शव घर से 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप के पीछे डालीगंज क्रासिंग के पास मिला। बच्चे के मामा ने पड़ोस में रहने वाले दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
शिया कॉलेज के पीछे मदेयगंज निवासी अरुण ने बताया कि उनका भांजा आयुष सिंह (17) पुत्र अजय साथ में रहता है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। आयुष शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे दुकान में काम करने गया था।
रोजाना दोपहर में खाना खाने घर आता था, लेकिन कल नहीं आया। इस पर परिवार को लगा कि रात को काम खत्म करके आ जाएगा, लेकिन नहीं आया। इस पर आसपास तलाश की जा रही थी। तभी करीब 11.45 पर पुलिस से सूचना मिली कि आयुष अचेत अवस्था में डालीगंज क्रासिंग इंडियन ऑयल टंकी के पीछे मिला है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अरुण ने बताया कि पंप के सुपरवाइजर ने सबसे पहले आयुष का शव देखा। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोटो से आसपास पहचान कराई तो एक परिचित मैकेनिक ने पहचान कर पुलिस को नंबर दिया। पुलिस ने कॉल करके पूरे मामले की जानकारी दी।
अरुण का कहना है कि आयुष का बुधवार को पड़ोस में रहने वाले दोस्त से झगड़ा हुआ था। उसने आयुष को जान से मारने की धमकी दी। गुरुवार को आयुष सुबह 10 बजे ही निकल गया था। इस दौरान ही उसकी हत्या की गई। आयुष के शरीर व चेहरे पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। अरुण का कहना है कि घटना के बाद पूरा परिवार फरार है। मामले में इंस्पेक्टर मदेयगंज का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से तहरीर मिली है। दोनों लड़के साथ ही इंजेक्शन का नशा लेते थे। इस दौरान ही किसी बात पर विवाद हुआ होगा।

करंट लगने से किसान की मौत

राजधानी के महिंगवा इलाके में लगे ट्यूबवेल में नहाने गये युवक की करंट लगने से मौत हो गयी। आस पास खेत में काम कर रहे किसान जब तक उसे बचाते किसान की मौत हो गई। घटना महिंगवा इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई।
महिंगवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के रहने वाले अमित के रूप में हुई। अमित खेतों पर मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार दोपहर वह अपनी पत्नी को खेत में लगे ट्यूबवेल पर नहाने की बात कहकर निकला था।महिंगवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में खेत पर लगे ट्यूबवेल में नहाने गया किसान अमित अचानक नंगे वायर की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। इस दौरान आस पास के खेत से दौड़कर आए साथी किसानों ने उसको किसी तरह बचाया। तब तक उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना महिंगवा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इधर, घटना की सूचना पहाड़पुर गांव पहुंचते ही मृतक के घर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अमित के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

Aaj National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *