-कानपुर-वाराणसी के मंडलायुक्त बदले
लखनऊ:यूपी सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन ने 16 आईएएस और 4 पीसीएस अधिकारियों को नई तैनाती दी है। इस सूची में सबसे बड़ा बदलाव कानपुर और वाराणसी मंडल में हुआ है, जहां दोनों मंडलायुक्तों की आपस में अदला-बदली कर दी गई है।
*कानपुर-वाराणसी में अदला-बदली :*
के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को अब कानपुर मंडल की कमान सौंपी गई है।
*ग्रेटर नोएडा और UPSIDC में भी बदलाव :*
ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी को अब मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDC) के साथ ही आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग बनाया गया है।
उनकी जगह बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया सीईओ बनाया गया है। वे स्थानीय आयुक्त तथा आयुक्त, एनसीआर का कार्यभार भी देखेंगे।
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को अब प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड के साथ ही कई निगमों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
*6 जिलों के डीएम बदले :*
इस फेरबदल में भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली के जिलाधिकारी बदले गए हैं।
*- भदोही :* अपर आयुक्त अनिल कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वे भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ भी रहेंगे। भदोही के डीएम शैलेश कुमार को चंदौली भेजा गया है।
*- चंदौली :* चंदौली के डीएम चन्द्र मोहन गर्ग को विशेष सचिव, मा. मुख्यमंत्री बनाया गया है।
*- गोंडा :* राजस्व परिषद लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त रमेश रंजन को गोंडा का नया डीएम बनाया गया है। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास भेजा गया है।
*- जौनपुर :* विशेष सचिव नगर विकास उमेश मिश्रा को जौनपुर का नया डीएम बनाया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां बनाया गया है।
*- श्रावस्ती :* विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया डीएम बनाया गया है। श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है।
*- शामली :* शामली के डीएम आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है। ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
*4 पीसीएस अफसर भी बदले :*
पीसीएस स्तर पर भी फेरबदल हुआ है। रेणुका दीक्षित को उपजिलाधिकारी इटावा से शामली भेजा गया है। उपसचिव, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग डॉ. विभा भूषण मिश्रा को संयुक्त निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय बनाया गया है।
उपजिलाधिकारी आगरा अभिनव पाठक को उपजिलाधिकारी, प्रयागराज मेला प्राधिकरण और विशेष कार्याधिकारी, प्रयागराज विकास प्राधिकरण बनाया गया है। वहीं सौम्य मिश्रा को प्रयागराज से आगरा का उपजिलाधिकारी बनाया गया है।
